संघ लोक सेवा आयोग
azadi ka amrit mahotsav

संघ लोक सेवा आयोग, सिविल सेवा परीक्षा और भारतीय वन सेवा परीक्षा, 2026 के लिए एक बार के उपाय के रूप में तीन दिवसीय "सुधार विंडो" खोलेगा

प्रविष्टि तिथि: 11 FEB 2026 5:14PM by PIB Delhi

संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) सिविल सेवा परीक्षा (सीएसई), 2026 और भारतीय वन सेवा (आईएफओएस) परीक्षा, 2026 के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों को आवेदन पत्रों में हुई गलतियों को सुधारने के लिए एक बार के उपाय के रूप में तीन दिवसीय "सुधार विंडो" खोलने की योजना बना रहा है। सुधार विंडो अभ्यर्थियों को अपने विवरण संपादित करने और सामान्य आवेदन पत्र तथा परीक्षा आवेदन पत्र में आवश्यक सुधार करने का अवसर प्रदान करेगी। इसी तरह की सुधार सुविधा पिछले वर्ष एनडीए और एनए परीक्षा (द्वितीय), 2025 और सीडीएस परीक्षा (द्वितीय), 2025 के अभ्यर्थियों को भी प्रदान की गई थी।

यूपीएससी ऑनलाइन आवेदन पोर्टल में चार भाग हैं, जो होम पेज पर अलग-अलग कार्डों में व्यवस्थित हैं। इनमें से तीन - खाता निर्माण, सार्वभौमिक पंजीकरण और सामान्य आवेदन पत्र - सभी परीक्षाओं के लिए सामान्य जानकारी रखते हैं और अभ्यर्थी इन्हें किसी भी समय भर सकते हैं। चौथा भाग, यानी परीक्षाएँ, परीक्षा विशिष्ट मॉड्यूल है और इसमें परीक्षा सूचनाएँ, परीक्षा आवेदन और आवेदन की स्थिति शामिल है।

यूपीएससी के अध्यक्ष डॉ. अजय कुमार ने सुधार विंडो के बारे में बातचीत करते हुए कहा, आयोग आवेदन प्रक्रिया को अधिक सुलभ, पारदर्शी और अभ्यर्थी-अनुकूल बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। हालांकि पोर्टल अंतिम सबमिशन से पहले कई जांचों को शामिल करता है, आवेदन प्रक्रिया की निष्पक्षता सुनिश्चित करने और आवेदकों की वास्तविक चिंताओं को दूर करने के लिए एक सीमित सुधार सुविधा एक बार के उपाय के रूप में प्रदान की जा रही है।

तीन दिवसीय सुधार विंडो ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया बंद होने के बाद खुलेगी। स्वीकार्य सुधारों की सटीक तिथियों और दायरे के संबंध में विस्तृत निर्देश आयोग की वेबसाइट पर समय रहते अधिसूचित किए जाएंगे।

नया ऑनलाइन आवेदन पोर्टल 28 मई 2025 को शुरू किया गया था, जिसने पूर्व के वन टाइम रजिस्ट्रेशन (ओटीआर) मॉड्यूल का स्थान लिया। सिविल सेवा परीक्षा, 2026 और भारतीय वन सेवा परीक्षा, 2026 के लिए आवेदन इस पोर्टल के माध्यम से स्वीकार किए जा रहे हैं।

**********

पीके/केसी/एमकेएस/एसएस


(रिलीज़ आईडी: 2226579) आगंतुक पटल : 139
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Gujarati , Urdu , Telugu