युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय
भारत, राष्ट्रीय खेल दिवस 2025 को खेल और फिटनेस के तीन दिवसीय जन आंदोलन के रूप में मनाएगा
डॉ. मनसुख मांडविया हॉकी के दिग्गज खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद के सम्मान में राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर 29 से 31 अगस्त तक फिट इंडिया के तहत देशव्यापी खेल आंदोलन का नेतृत्व करेंगे
जाने-माने एथलीट और जन प्रतिनिधि देश के हर कोने में नागरिकों के साथ खेल गतिविधियों में शामिल होंगे
देशव्यापी खेल आंदोलन में आधुनिक और पारंपरिक स्वदेशी खेल आयोजित होंगे
Posted On:
25 AUG 2025 5:01PM by PIB Delhi
इस वर्ष राष्ट्रीय खेल दिवस 2025 को एक व्यापक जन आंदोलन में बदलने के केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल तथा श्रम एवं रोजगार मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया के पिछले सप्ताह किये गये आह्वान के अनुरूप राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों ने विशाल देशव्यापी खेल उत्सव की तैयारी आरंभ कर दी है। राजस्थान, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, उत्तराखंड, बिहार, झारखंड, तेलंगाना, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश और केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी, चंडीगढ़ और दिल्ली ने अपने संबंधित विभागों को तैयारी शुरू करने के निर्देश पहले ही जारी कर दिए हैं।
राष्ट्रीय खेल दिवस हर वर्ष 29 अगस्त को हॉकी के प्रसिद्ध खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की जयंती पर मनाया जाता है। 1995 में पहली बार आयोजित और 2012 से राष्ट्रीय स्तर पर मनाया जाने वाला राष्ट्रीय खेल दिवस, 2019 में फिट इंडिया मूवमेंट आरंभ किये जाने का भी गवाह बना। तब से यह देश भर में एक व्यापक फिटनेस क्रांति बन गया है।
राष्ट्रीय खेल दिवस (एनएसडी) 2025 समारोह का नेतृत्व फिट इंडिया मिशन द्वारा किया जाएगा और इसे 29 से 31 अगस्त तक तीन दिवसीय राष्ट्रव्यापी खेल एवं फिटनेस आंदोलन के रूप में मनाया जाएगा, जिसका प्रेरक थीम रहेगा 'एक घंटा, खेल के मैदान में'। इस आंदोलन का उद्देश्य जीवनशैली से जुड़ी बीमारियों से बचाव के लिए हर दिन कम से कम एक घंटा शारीरिक गतिविधियां करने के महत्व के बारे में जागरूकता फैलाना है। राष्ट्रीय खेल दिवस 2025 की भावना उत्कृष्टता, मैत्री, सम्मान जैसे ओलंपिक मूल्यों तथा साहस, दृढ़ संकल्पता, प्रेरणा और समानता जैसे पैरालंपिक मूल्यों को भी विशेष महत्व देती है।
इस वर्ष, राष्ट्रीय खेल दिवस 2025 सही अर्थों में एक जन आंदोलन के रूप में मनाया जाएगा, जिसमें स्कूल, कॉलेज और विश्वविद्यालयों के 35 करोड़ से अधिक छात्रों, युवा क्लबों, माई भारत और राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों, निवासी कल्याण संघों (आरडब्ल्यूए), पंचायतों, शहरी स्थानीय निकायों (यूएलबी), कॉरपोरेट्स, सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों (पीएसयू), भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए), भारतीय पैरालंपिक समिति (पीसीआई), राष्ट्रीय खेल महासंघ (एनएसएफ), भारतीय खेल प्राधिकरण (एसएआई) और लाखों सामुदायिक समूहों के साथ मिलकर इसे खेल और फिटनेस का एक राष्ट्रव्यापी उत्सव बनाएंगे।
जाने-माने एथलीट और जनप्रतिनिधि भी इस आयोजन में भाग लेंगे और देश के हर हिस्से में खेल गतिविधियों में शामिल होंगे। 29 अगस्त को, प्रसिद्ध खिलाड़ी राज्यों की राजधानियों के साथ ही सभी जिलों के खेल मैदानों में उतरेंगे और लोगों को प्रेरित करेंगे कि वे 'एक घंटा, खेल के मैदान में' भावना को साकार करने के लिए एकजुट हों। 'हर गली, हर मैदान, खेले सारा हिंदुस्तान' के आदर्श वाक्य के साथ सांसद और अन्य जनप्रतिनिधि भी देश भर में स्थानीय कार्यक्रमों में शामिल होकर लोगों को प्रेरित करेंगे।
पेरिस पैरालंपिक रजत पदक विजेता प्रणव सूरमा, दोहरे पैरालंपिक पदक विजेता सुमित अंतिल, राष्ट्रमंडल खेलों की पदक विजेता निशानेबाज श्रेयसी सिंह, ओलंपियन तलवारबाज भवानी देवी और ओलंपियन तथा एशियाई खेल नौचालन पदक विजेता विष्णु सरवनन इत्यादि कई प्रमुख एथलीट 29 अगस्त के राष्ट्रीय खेल दिवस कार्यक्रमों में अपने गृहनगर या प्रशिक्षण केंद्रों में शामिल होंगे।
आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह सहित कई राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों ने राष्ट्रीय खेल दिवस से पहले खेल गतिविधियां और जागरूकता अभियान आरंभ कर दिये हैं। देश भर में राज्यों के मुख्यमंत्री व्यक्तिगत रूप से तैयारियों की निगरानी कर रहे हैं और उनमें से अधिकांश 29 अगस्त को अपने राज्यों की राजधानियों में राष्ट्रीय खेल दिवस समारोह में शामिल होंगे, जिससे जन आंदोलन को गति मिलेगी।
वर्ष 2036 में ओलंपिक खेलों की मेज़बानी के भारत के लक्ष्य के अनुरूप, इस खेल समारोह का उद्देश्य देश भर में खेल और शारीरिक फिटनेस गतिविधियों में व्यापक जनभागीदारी की संस्कृति को बढ़ावा देना है। इसका मकसद आधुनिक और पारंपरिक स्वदेशी खेलों को शामिल करते हुए, पूरे देश में इन खेलों का समावेशी उत्सव मनाना है। तीन दिवसीय खेल उत्सव की रूपरेखा इस प्रकार है:
- प्रथम दिन (29 अगस्त): मेजर ध्यानचंद को श्रद्धांजलि और फिट इंडिया शपथ के बाद एक घंटे तक खेलकूद का आयोजन।
- दूसरा दिन (30 अगस्त): खेल वाद-विवाद प्रतियोगिता, फिटनेस वार्ता और पूरे भारत में स्वदेशी और अन्य खेलों जैसे खो-खो, कबड्डी, वॉलीबॉल, बोरी दौड़, रस्साकशी आदि की प्रतियोगिताएं।
- तीसरा दिन (31 अगस्त): समारोह का समापन फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल के साथ होगा, जो साइकिल चालन को जीवन के अभिन्न अंग के रूप में अपनाने के लिए प्रेरित करने का राष्ट्रव्यापी अभियान है।
इन समारोहों को सभी आयु वर्गों के लिए समावेशी बनाया गया है – बच्चों के स्वदेशी खेल से लेकर युवा खेल प्रतियोगिताओं, योग सत्रों और साइकिल रैलियों से लेकर वरिष्ठ नागरिकों के लिए स्ट्रेचिंग व्यायाम और फिटनेस वॉक तक शामिल हैं। संस्थाओं को भागीदारी ट्रैकिंग और नागरिक सहभागिता के लिए फिट इंडिया मोबाइल ऐप के उपयोग के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।
इसमें और गति प्रदान करते हुए आत्मनिर्भर भारत की थीम पर खेल निर्माण पर एक राष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर फिट इंडिया ऐप भी आरंभ किया जाएगा, जो पर्यावरण-अनुकूल आदतों को बढ़ावा देने और लोगों को स्वस्थ एवं लंबी आयु के लिए प्रेरित करने हेतु कार्बन उत्सर्जन में कमी लाने को प्रोत्साहित करेगा।
केंद्र/राज्य सरकार के संगठनों, राष्ट्रीय खेल महासंघों, सार्वजनिक उपक्रमों और सामुदायिक निकायों ने लोगों से इस समारोह में शामिल होने की अपील आरंभ कर दी है, और सोशल मीडिया पर भी इसे प्रचारित किया जा रहा है। इसके अलावा, अभिनव बिंद्रा, सुनील छेत्री, मुरली श्रीशंकर, पीवी सिंधु, मणिका बत्रा, मीराबाई चानू जैसे प्रतिष्ठित एथलीटों ने सभी उम्र और समुदायों के लोगों से इसमें शामिल होने का आग्रह किया है।
***
पीके/केसी/एकेवी/एसके
(Release ID: 2160722)