Energy & Environment

एनटीपीसी के पर्यावरण हितैषी और किफायती भवन निर्माण सामग्री “विकल्प” हैं भविष्य की जरूरत

Posted On: 27 MAR 2026 11:51AM

भारत में उत्पादित बिजली में ताप विद्युत संयंत्र (Thermal Power Plant) का योगदान सत्तर प्रतिशत से अधिक है और इसमें से ज्यादातर कोयले से चलते हैं। इन संयंत्रों से उत्पादित बिजली अन्य स्रोतों के मुकाबले सामान्यतः सस्ती पड़ती है मगर इन संयंत्रों में बिजली निर्माण की प्रक्रिया से उत्पन्न राख (फ्लाई एश और ड्राय एश) का प्रबंधन और निपटान हमेशा से एक बड़ी चुनौती रही है। यदि इस राख का उचित प्रबंधन और निपटान न किया जाए तो यह भूमि, जल और वायु – तीनों प्रकार के प्रदूषणों का एक बड़ा जरिया बन सकता है। इस चुनौती का मुकाबला करने के लिए लगातार कई प्रकार के प्रयोग और नवाचार किए जा रहे हैं। इन नवाचारों में छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में स्थित एनटीपीसी, सीपत संयत्र अग्रणी है। यहाँ इस राख का उपयोग कर ऐसे अनेक उत्पादों को तैयार किया जा रहा है, जिससे न सिर्फ संयंत्र में उत्पन्न राख का ठीक से प्रबंधन हो रहा है बल्कि एक ओर जहाँ यहाँ तैयार किए जा रहे उत्पाद दीर्घकालीन पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में क्रांतिकारी भूमिका निभा सकते हैं, वरन् संयंत्र के लिए भी आय का एक अतिरिक्त स्रोत खोल रहे हैं।

सीपत ताप विद्युत संयंत्र को सितंबर 2013 में देश को समर्पित किया गया था। कुल 2980 मेगावॉट बिजली उत्पादन क्षमता वाला यह संयंत्र छत्तीसगढ़ का सबसे बड़ा पॉवर प्लांट है, जिसमें तीन 660 मेगावॉट और दो 500 मेगावॉट इकाइयां कार्यरत हैं। यहाँ से मुख्य रूप से महाराष्ट्र, गुजरात, मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ राज्य को विद्युत आपूर्ति की जाती है। इस संयंत्र की स्थापना के समय से ही यहाँ पर्यावरण संरक्षण को विशेष प्राथमिकता दी गई है। यह एनटीपीसी का पहला सुपर क्रिटिकल प्लांट है। सुपर क्रिटिकल थर्मल पावर प्लांट उच्च दाब (22.1 MPa से अधिक) और तापमान (374°C से ऊपर) पर भाप का उपयोग करते हैं, जिससे सामान्य संयंत्रों की तुलना में कम कोयले में अधिक बिजली (40% से अधिक दक्षता) उत्पन्न होती है। ये पारंपरिक संयंत्रों की तुलना में कम CO2 उत्सर्जित करते हैं। सीपत में एक 800 मेगावॉट क्षमता वाली इकाई और निर्माणाधीन है, जो अधिक कुशल अल्ट्रा सुपर क्रिटिकल थर्मल पावर प्लांट की श्रेणी में है। इससे ऊर्जा उत्पादन में वृद्धि के साथ-साथ कार्बन उत्सर्जन में लगभग 10 से 12 प्रतिशत तक की कमी आने की संभावना है। यह प्रौद्योगिकी देश में कार्बन फुटप्रिंट को कम करने में सहायक सिद्ध होगी।

एक ओर जहाँ एनटीपीसी कोयले की कम मात्रा से तुलनात्मक रूप से अधिक बिजली उत्पादित करने की दिशा में लगातार प्रयास कर रही है, वहीं इसके सीपत संयंत्र में इस प्रक्रिया के दौरान उत्पन्न राख के शत प्रतिशत उपयोग को सुनिश्चित करने के लिए लगातार नये-नये प्रयोग किए जा रहे हैं। यहाँ इस राख का प्रयोग कर टेट्रापॉड, इंटरलॉकिंग फ्लोर और वॉल ब्लॉक्स, पार्क टेबल, बेंच और कुर्सियां, गमले, मूर्तियों के साथ-साथ जियोपॉलिमर और सिंटर्ड एग्रेगेट का निर्माण किया जा रहा है। इन्हें “विकल्प” नाम दिया गया है।

एनटीपीसी लिमिटेड ने फ्लाई ऐश (थर्मल पावर प्लांट के कचरे) का उपयोग करके लगभग ₹1.5 लाख की लागत में टिकाऊ और किफायती 'ग्रीन हाउस' (इको-फ्रेंडली घर) विकसित किए हैं। IITF 2024 में प्रदर्शित ये घर सीमेंट-सरिया रहित, भूकंप-प्रतिरोधी और तापमान नियंत्रित (ठंडे) होते हैं, जो सौर ऊर्जा से संचालित हो सकते हैं। इसमें इंटरलॉकिंग के माध्यम से संयंत्र से निकली राख के ब्लॉक की दीवारें खड़ी की जाती हैं, जिसमें लोहे या सीमेंट के उपयोग की जरूरत नहीं पड़ती है। इसके अलावा घर का फर्श और दरवाजों और खिड़की की चौखट का निर्माण भी फ्लाई एश से किया जाता है। इस तरह से बनाये गये घरों में सीमेंट-क्रांक्रिट से निर्मित घरों की तुलना में तापमान भी कम रहता है। इसके अलावा इसकी लागत ही नहीं, रखरखाव का खर्च भी बहुत कम आता है।

सीपत संयंत्र द्वारा सड़क/पुल/भवन आदि के निर्माण को अधिक पर्यावरण हितैषी तथा किफायती बनाने की दिशा में भी अनेक नवाचार किए गए हैं। यह सर्वविदित है इन दिनों सीमेंट-क्रांक्रिट (सीसी) रोड का निर्माण बड़े पैमाने पर पूरे देश में किया जा रहा है। विशेष रूप से हायवे और एक्सप्रेसवे का निर्माण इसी तकनीक से किया जा रहा है। इसमें बड़े पैमाने पर गिट्टी और रेत का उपयोग होता है। गिट्टी हासिल करने के लिए बड़े पैमाने पर देश भर में पहाड़ों का उत्खनन किया जा रहा है, जिससे पर्यावरण का संतुलन बिगड़ रहा है। इसके अलावा रेत के अत्यधिक उत्खनन से नदियों का पूरा ईको सिस्टम बिगड़ रहा है। इसके विकल्प के रूप में कांक्रिट में मिलाने के लिए एनटीपीसी सीपत ने लाइट वेट एग्रीगेट्स (LWA) और एंगुलर ऐश बेस्ड एग्रीगेट्स (AFA) का निर्माण शुरू किया है। यह पर्यावरण हितैषी होने के साथ-साथ वजन में हल्के और कीमत में किफायती भी होते हैं।

इसके साथ ही यहाँ जियो पॉलिमर का उत्पादन भी किया जा रहा है। यह पारंपरिक सीमेंट की तुलना में कम ऊर्जा खपत करता है और CO2 उत्सर्जन को बहुत कम करता है, जो इसे हरित निर्माण सामग्री की श्रेणी में लाता है।

एनटीपीसी सीपत के ये नवाचार न सिर्फ ताप विद्युत संयंत्रों में विद्युत निर्माण के दौरान उत्पन्न राख के कुशल प्रबंधन और निपटान को सुनिश्चित करते हैं बल्कि एक कदम आगे जाकर सड़क/भवन निर्माण के क्षेत्र में ऐसे पर्यावरण हितैषी उत्पाद प्रस्तुत करते हैं जो प्राकृतिक संसाधनों के दोहन को सीमित करके पर्यावरण संतुलन कायम रखने में मदद करते हैं और साथ-साथ सीमेंट, गिट्टी, ईंट आदि का किफायती विकल्प भी प्रस्तुत करते हैं। आवश्यकता सिर्फ इस बात की है कि बड़े पैमाने पर इन उत्पादों का प्रचार करके लोगों में जागरूकता बढ़ाई जाए और शासकीय तथा निजी प्रकल्पों में बड़े पैमाने पर इन सामग्रियों का उपयोग सुनिश्चित किया जाए।

***

((लेखक पराग मांदले केंद्रीय संचार ब्यूरो भोपाल में सहायक निदेशक हैं)

(Press Note ID: 157944) आगंतुक पटल : 206
Provide suggestions / comments