• Sitemap
  • Advance Search
Social Welfare

प्रत्‍येक भारतीय के लिए किफायती पोषण: जन औषधि न्यूट्रास्यूटिकल्स

Posted On: 30 JUL 2026 11:00AM

भारत में स्वास्थ्य के प्रति बढ़ती जागरूकता के चलते, न्यूट्रास्यूटिकल्स को समग्र स्वास्थ्य के एक अनिवार्य अंग के रूप में मान्यता मिल चुकी है। चाहे स्कूली बच्चे हों या वरिष्ठ नागरिक, डाइटरी सप्‍लीमेंट, विटामिन और खनिज युक्त हर्बल उत्पाद, जड़ी-बूटियां और वनस्पति उत्पाद, प्रोबायोटिक्स आदि व्यापक रूप से स्वीकार्य हो गए हैं। फिर भी, न्‍यूट्रिशनल सप्‍लीमेंट खरीदने के इच्छुक लाखों परिवारों के लिए खरीद क्षमता एक चुनौती बनी हुई है। प्रधानमंत्री भारतीय जनऔषधि परियोजना (पीएमबीजेपी) अपनी न्यूट्रास्यूटिकल बास्केट के माध्यम से इस कमी को दूर कर रही है। न्‍यूट्रिशन बार से लेकर रोग-विशिष्ट फॉर्मूलेशन तक, जन औषधि न्यूट्रास्यूटिकल्स बास्केट पूरे भारत में लोगों के लिए न्‍यूट्रिशन सप्‍लीमेंट को अधिक सुलभ बना रही है।

विविध आवश्यकताओं के लिए पोषण

जन औषधि उत्पाद युवाओं, बुजुर्गों, महिलाओं और विभिन्न स्वास्थ्य समस्याओं से ग्रस्त लोगों की विविध आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए तैयार किए गए हैं। इस श्रेणी में प्रोटीन सप्लीमेंट, रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने वाले उत्पाद, पौष्टिक आहार और विशिष्ट आहार संबंधी आवश्यकताओं वाले व्यक्तियों के लिए विशेष रूप से तैयार किए गए उत्पाद शामिल हैं।

अनुशंसित गुणवत्ता मानकों के अनुसार, विनिर्मित और किफायती कीमतों पर उपलब्ध कराए गए इन उत्पादों का उद्देश्य घरेलू बजट पर अनावश्यक बोझ डाले बिना नियमित पोषण संबंधी सहायता को अधिक सुलभ बनाना है

सक्रिय जीवनशैली के लिए सुविधाजनक पोषण

पोषक तत्वों से भरपूर जन औषधि प्रोटीन बार और जन औषधि इम्युनिटी बार बच्चों, कामकाजी लोगों और फिटनेस प्रेमियों के लिए पोषण का एक सुविधाजनक स्रोत हैं। चॉकलेट फ्लेवर में 35 ग्राम के पैक में उपलब्ध ये प्रोटीन बार चलते-फिरते दैनिक प्रोटीन आवश्‍यकता को पूरा करने का एक सरल तरीका प्रदान करते हैं। रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने वाले तत्वों से भरपूर ये स्वादिष्ट इम्युनिटी बार ऊर्जा प्रदान करते हैं और शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को सुदृढ़ करते हैं। ये पौष्टिक बार उन उपभोक्ताओं के लिए एक किफायती विकल्प हैं जो शीघ्रता से कुछ खाना चाहते हैं लेकिन जंक फूड से परहेज करते हैं।

अधिक प्रभावी प्रोटीन सप्लीमेंट के लिए, 100 प्रतिशत मट्ठा प्रोटीन पाउडर और जन औषधि प्रोटीन पाउडर दैनिक प्रोटीन सेवन और मांसपेशियों की रिकवरी में सहायक होते हैं, जो फिटनेसशीघ्रता प्रेमियों के लिए उपयुक्त हैं। प्रोटीन पाउडर वनीला और केसर पिस्ता फ्लेवर में उपलब्ध है, जिससे उपभोक्ताओं को अधिक विकल्प मिलते हैं।

महिलाओं की पोषण संबंधी आवश्‍यकताओं की पूर्ति

जीवन के विभिन्न चरणों में महिलाओं की पोषण संबंधी आवश्यकताएं अलग-अलग होती हैं। जन औषधि वुमन प्रोटीन बूस्ट दैनिक प्रोटीन सेवन, ऊर्जा स्तर और स्वस्थ हड्डियों व मांसपेशियों के लिए उपयुक्त है। चॉकलेट और वनीला फ्लेवर में उपलब्ध, 250 ग्राम के पैक की कीमत 204.66 रुपए है। किफायती दरों पर विशेष पोषण प्रदान करके, यह उत्पाद अधिक से अधिक महिलाओं के लिए न्‍यूट्रिशनल सप्‍लीमेंट को अपनी दैनिक दिनचर्या में शामिल करने में सहायता करता है।

विशिष्ट स्वास्थ्य आवश्यकताओं के लिए तैयार किया गया न्‍यूट्रिशन

मधुमेह, किडनी की समस्याओं आदि जैसी विशिष्ट स्वास्थ्य स्थितियों से जूझ रहे व्यक्तियों के लिए, आहार संबंधी आवश्यकताएं अधिक जटिल हो सकती हैं। जनऔषधि का डायबिटीज केयर प्रोटीन पाउडर मधुमेह से पीड़ित लोगों की पोषण संबंधी आवश्यकताओं को पूरा करता है। किडनी संबंधी समस्याओं से ग्रस्त व्यक्तियों के लिए, रीनल केयर प्रोटीन पाउडर कम प्रोटीन और उच्च प्रोटीन दोनों रूपों में उपलब्ध है, जिससे चिकित्सक की सलाह और व्यक्तिगत आहार संबंधी आवश्यकताओं के अनुसार सही आहार का चुनाव किया जा सकता है।

जन औषधि पोषण: परिवारों के लिए दैनिक पोषण

परिवार के सभी सदस्यों के लिए किफायती दैनिक पोषण संबंधी सहायता के लिए, जन ​​औषधि पोषण श्रृंखला माल्ट-आधारित पौष्टिक भोजन प्रदान करती है जो आवश्यक विटामिन और खनिजों से भरपूर है।

यह रेंज रेगुलर माल्ट और कोको वेरिएंट में उपलब्ध है, जिसमें शामिल हैं:

  • माल्ट आधारित खाद्य पदार्थ, 500 ग्राम: 160.17 रुपए
  • कोको युक्त माल्ट आधारित खाद्य पदार्थ, 500 ग्राम: 164.62 रुपए
  • कोको सेशे के साथ माल्ट आधारित खाद्य पदार्थ, 30 ग्राम: 8.90 रुपए

विभिन्न आकार के पैक उपलब्ध होने से अलग-अलग आवश्‍यकताओं और बजट के हिसाब से सुविधा मिलती है। सरलता से तैयार होने वाला और नियमित सेवन के लिए उपयुक्त, पोषण रेंज परिवारों को रोज़मर्रा के उपयोग के लिए एक सुलभ न्‍यूट्रिशनल सप्‍लीमेंट्स प्रदान करता है।

गुणवत्तापूर्ण पोषण को अधिक सुलभ बनाना

ये उत्पाद स्वास्थ्य प्रबंधन के व्यापक दृष्टिकोण के हिस्से के रूप में पोषण के बढ़ते महत्व को रेखांकित करते हैं। हालांकि विशेष पोषण उत्पादों का उपयोग पेशेवर चिकित्सा और आहार संबंधी मार्गदर्शन के अनुसार किया जाना चाहिए, लेकिन किफायती उपलब्धता परिवारों के लिए उचित पोषण संबंधी सहायता को अधिक सुलभ बनाने में मदद कर सकती है। समग्र स्वास्थ्य के लिए, गुणवत्तापूर्ण पोषण को शामिल करने वाले जीवनशैली विकल्पों पर विशेष बल दिया जाना चाहिए। परिवार भोजन और पोषण पूरकों के मामले में स्वस्थ विकल्पों को प्राथमिकता दे रहे हैं। जन औषधि केंद्र नेटवर्क के माध्यम से महंगे ब्रांडेड पोषण पूरकों के किफायती विकल्प प्रदान करके, पीएमबीजेपी यह सुनिश्चित कर रहा है कि गुणवत्तापूर्ण पोषण संबंधी सहायता आय की सीमा से बंधी न रहे।

किफायती दवाइयां पीएमबीजेपी का मूलमंत्र बनी हुई हैं, लेकिन पोषण भी इसी व्यापक स्वास्थ्य यात्रा का एक अनिवार्य हिस्सा है। चाहे वह सुविधाजनक पोषण चाहने वाला छात्र हो, व्यस्त दिनचर्या का पालन करने वाला कामकाजी पेशेवर हो, परिवार के पोषण में सहयोग करने वाली गृहिणी हो, विशेष आहार संबंधी आवश्‍यकताओं वाला वरिष्ठ नागरिक हो या किसी स्वास्थ्य समस्या से जूझ रहा व्यक्ति हो, उचित पोषण तक पहुंच उनके स्वास्थ्य को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।

गुणवत्ता, सामर्थ्य और सुलभता को मिलाकर, जन औषधि न्यूट्रास्यूटिकल रेंज भारतीय परिवारों के लिए पोषण को अधिक सुलभ विकल्प बनाने में मदद कर रही है, जिससे "सभी के लिए गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवा और पोषण" के विज़न को बल मिल रहा है।

 

संदर्भ:

रसायन एवं उर्वरक मंत्रालय

Click here to see pdf 

*****

पीआईबी शोध

पीके/केसी/एसकेजे/वाईबी

(Features ID: 159376) आगंतुक पटल : 145
Provide suggestions / comments
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu , Bengali , Assamese , Kannada , Malayalam