रक्षा मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह ने पुणे स्थित रक्षा उन्नत प्रौद्योगिकी संस्थान (डीआईएटी) के 15वें दीक्षांत समारोह को संबोधित किया


डीआईएटी को रक्षा प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभाने के लिए आधुनिक युग की ‘तक्षशिला’ के रूप में विकसित होना चाहिए। इसके लिए संस्थान को अत्याधुनिक अनुसंधान, नवाचार और सुरक्षा संबंधी चुनौतियों के प्रभावी समाधान पर विशेष ध्यान देना होगा: श्री राजनाथ सिंह

राष्ट्रीय हितों के अनुरूप नई तकनीकों को तेजी से अपनाना और उनका उपयोग करना आज की आवश्यकता है

प्रविष्टि तिथि: 29 NOV 2026 1:21PM by PIB Delhi

रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह ने पुणे स्थित रक्षा उन्नत प्रौद्योगिकी संस्थान से आधुनिक युग की ‘तक्षशिला’ के रूप में विकसित होने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यह संस्थान रक्षा प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में उत्कृष्टता का विश्वस्तरीय केंद्र बने, जहां पर अत्याधुनिक अनुसंधान, नवाचार और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ी गंभीर चुनौतियों के समाधान पर विशेष ध्यान दिया जाए। साथ ही, यह भारत और अन्य देशों के प्रतिभाशाली शोधकर्ताओं तथा वैज्ञानिकों को भविष्य की तकनीकों पर काम करने के लिए आकर्षित करे। रक्षा मंत्री 29 नवंबर 2026 को महाराष्ट्र के पुणे में डीआईएटी के 15वें दीक्षांत समारोह को संबोधित कर रहे थे। डीआईएटी, रक्षा अनुसंधान एवं विकास विभाग (डीडीआरएंडडी) के अंतर्गत एक प्रमुख संस्थान है।

रक्षा मंत्री ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मशीन लर्निंग, क्वांटम कंप्यूटिंग, स्वायत्त प्रणालियों, उन्नत सामग्रियों, साइबर सुरक्षा, अंतरिक्ष आधारित क्षमताओं और निर्देशित ऊर्जा तकनीकों में तेजी से हो रहे विकास ने युद्ध के स्वरूप को बदल दिया है। इससे नई संभावनाओं के साथ-साथ कई चुनौतियां भी पैदा हुई हैं।उन्होंने जोर दिया कि चुनौती केवल नई तकनीकों का विकास करना नहीं है, बल्कि राष्ट्रीय हितों को ध्यान में रखते हुए उन्हें तेजी से समझना, अपनाना और प्रभावी ढंग से उपयोग में लाना भी है। श्री राजनाथ सिंह ने कहा, “डीआईएटी को इन तकनीकी बदलावों में केवल भागीदार बने रहने से आगे बढ़ना चाहिए और भविष्य के युद्धक्षेत्र की जरूरतों के अनुरूप तकनीकें विकसित करने वाली अग्रणी संस्था के रूप में उभरना चाहिए।”

श्री राजनाथ सिंह ने सैन्य शक्ति और वैज्ञानिक एवं तकनीकी क्षमताओं को राष्ट्रीय ताकत के दो महत्वपूर्ण तथा एक-दूसरे के पूरक स्तंभ बताया। उन्होंने कहा कि जहां सशस्त्र बल देश की संप्रभुता एवं क्षेत्रीय अखंडता की रक्षा करते हैं, वहीं विज्ञान व प्रौद्योगिकी आर्थिक विकास, औद्योगिक प्रगति और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देकर राष्ट्र को भीतर से मजबूत बनाते हैं। रक्षा मंत्री ने कहा, “जो राष्ट्र प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में आगे होता है, वह सुरक्षा के मामले में भी मजबूत स्थिति में रहता है। वहीं, सुरक्षा के क्षेत्र में सशक्त राष्ट्र अपनी स्वतंत्रता, संप्रभुता और विकास की अधिक प्रभावी ढंग से रक्षा कर सकते हैं।”

 

रक्षा मंत्री ने रक्षा अनुसंधान के व्यापक महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि सशस्त्र बलों के लिए विकसित की गई तकनीकों का उपयोग स्वास्थ्य सेवा, कृषि, संचार और परिवहन जैसे नागरिक क्षेत्रों में भी किया जा सकता है। उन्होंने कहा, “आज प्रयोगशाला में शुरू की गई एक छोटी-सी शोध पहल भविष्य में किसी किसान को नया उपकरण, किसी डॉक्टर को अभिनव समाधान या किसी सैनिक को जीवनरक्षक तकनीक उपलब्ध करा सकती है। हमारे शोधकर्ताओं को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि उनका अनुसंधान देश की रक्षा क्षमताओं के साथ-साथ तकनीकी दक्षता को भी मजबूत करे।”

श्री राजनाथ सिंह ने कहा कि डीआईएटी की पहचान ऐसे अनुसंधान केंद्र के रूप में बननी चाहिए, जो सुरक्षा चुनौतियों का समाधान करे, सशस्त्र बलों की महत्वपूर्ण आवश्यकताओं को पूरा करे और भारत की वैज्ञानिक क्षमताओं को वैश्विक पहचान दिलाए। उन्होंने रक्षा अनुसंधान के क्षेत्र में आपसी सहयोग को और मजबूत करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया। रक्षा मंत्री ने कहा कि डीआईएटी को सशस्त्र बलों के साथ अपना जुड़ाव और गहरा करना चाहिए, विभिन्न विषयों के समन्वय से होने वाले अनुसंधान को बढ़ावा देना चाहिए, दुनिया के प्रमुख विश्वविद्यालयों के साथ शैक्षणिक साझेदारी मजबूत करनी चाहिए तथा उद्योग जगत के साथ सहयोग को नई गति देनी चाहिए। श्री सिंह ने कहा, “इस संस्थान में उच्च शिक्षा, वैज्ञानिक अनुसंधान और राष्ट्रीय सुरक्षा के बीच एक मजबूत सेतु बनने की क्षमता है। इसे आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी केवल यहां के शिक्षकों और प्रशासन की ही नहीं, बल्कि इसके पूर्व विद्यार्थियों की भी है। यहां से शिक्षा प्राप्त करने वाले विद्वानों को अपने-अपने क्षेत्रों में संस्थान की प्रगति में योगदान देना चाहिए।”

रक्षा मंत्री ने कहा कि देश जैसे-जैसे ‘विकसित भारत @ 2047’ के लक्ष्य की ओर आगे बढ़ रहा है, वैसे-वैसे राष्ट्र की रक्षा प्रौद्योगिकी व्यवस्था को मजबूत करने व वैज्ञानिक क्षमताओं को विकसित करने में डीआईएटी की भूमिका और महत्वपूर्ण हो जाती है। उन्होंने संस्थान में महिलाओं की उल्लेखनीय भागीदारी पर संतोष व्यक्त किया। श्री सिंह ने कहा कि उन्नत विज्ञान, इंजीनियरिंग व रक्षा प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी से भारत का रक्षा अनुसंधान तंत्र और अधिक सशक्त होगा।

समारोह के दौरान कुल 518 विद्यार्थियों को डिग्री प्रदान की गई। यह डीआईएटी के इतिहास में एक दीक्षांत समारोह में प्रदान की गई डिग्रियों की अब तक की सबसे बड़ी संख्या है। इनमें 27 पीएचडी शोधार्थी, एमएस की डिग्री शोध के माध्यम से प्राप्त करने वाला एक विद्यार्थी, 401 एमटेक और 89 एमएससी स्नातक शामिल थे। एमएससी की डिग्री प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों में 30 ने टैंक प्रौद्योगिकी, तीन ने खाद्य प्रौद्योगिकी और आठ ने सूचना प्रौद्योगिकी में विशेषज्ञता हासिल की। शेष 48 विद्यार्थियों ने एमएससी के अन्य पाठ्यक्रमों में अध्ययन पूरा किया।

 

श्री राजनाथ सिंह ने डीआईएटी में एक नए शैक्षणिक भवन की आधारशिला भी रखी। यह भवन संस्थान की बढ़ती शैक्षणिक, अनुसंधान और तकनीकी आवश्यकताओं को पूरा करने में मदद करेगा। साथ ही, अत्याधुनिक रक्षा प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में संस्थान की भूमिका को और मजबूत बनाएगा। इस भवन में आधुनिक व वर्चुअल कक्षाएं, अत्याधुनिक प्रयोगशालाएं, अनुसंधान सुविधाएं, इनक्यूबेशन केंद्र और 200 विद्यार्थियों की क्षमता वाला एक सभागार बनाया जाएगा।

 

समारोह में रक्षा सचिव, रक्षा अनुसंधान एवं विकास विभाग के सचिव और डीआरडीओ के अध्यक्ष राजेश कुमार सिंह, डीआईएटी के कुलपति डॉ. बी.एच.वी.एस. नारायण मूर्ति, वरिष्ठ नागरिक व सैन्य अधिकारी तथा शिक्षा और उद्योग जगत के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

***

पीके/केसी/आरटी/एनके


(रिलीज़ आईडी: 2343455) आगंतुक पटल : 23
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu , Marathi