57th International Film Festival of India 2026
20 – 28 Nov 2026

हर दृश्य में सटीकता: इफ्फी 2026 में ‘विजिटेशन’ के लिए वोल्कर श्लॉन्डॉर्फ को सर्वश्रेष्ठ निर्देशक का सिल्वर पीकॉक पुरस्कार


अभिनय, संपादन और संगीत के उत्कृष्ट संयोजन के लिए जूरी ने निर्देशक की सराहना की

प्रविष्टि तिथि: 28 NOV 2026 8:54PMby PIB Delhiरिलीज़ आईडी: 2343286Views: 23

जर्मन फिल्म निर्माता वोल्कर श्लॉन्डॉर्फ को 57वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (इफ्फी) की मुख्य अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में फिल्म ‘विजिटेशन’ के लिए सर्वश्रेष्ठ निर्देशक का सिल्वर पीकॉक पुरस्कार प्रदान किया गया। यह पुरस्कार गोवा के मुख्यमंत्री डॉ. प्रमोद सावंत ने प्रदान किया। इस अवसर पर सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के सचिव श्री चंचल कुमार और महोत्सव के निदेशक श्री आशुतोष गोवारिकर भी उपस्थित थे।

समापन समारोह में श्लॉन्डॉर्फ की ओर से फिल्म के छायांकन निर्देशक एक्सल श्नेपाट और सिनेमेटोग्राफी टीम के सदस्य कोनराड वाल्डमैन ने पुरस्कार स्वीकार किया।

कई पीढ़ियों तक फैली कहानी को पर्दे पर उतारते हुए श्लॉन्डॉर्फ ने सिनेमा माध्यम पर अपनी असाधारण पकड़ का परिचय दिया है। जूरी ने फिल्म निर्माण के कलात्मक और तकनीकी पहलुओं को सटीकता और संयम के साथ सुसंगत सिनेमाई अनुभव में पिरोने की निर्देशक की क्षमता को सराहा।

जूरी ने कहा, “इस फिल्म ने - चाहे वह कलाकारों के समूह का उत्कृष्ट अभिनय हो, त्रुटिहीन संपादन हो या प्रभावशाली, लेकिन सूक्ष्म संगीत संयोजन में बरती गई सटीकता हो - हर पहलू से हमें प्रभावित किया।”

जर्मन सिनेमा के दिग्गज फिल्म निर्माता वोल्कर श्लॉन्डॉर्फ ‘विजिटेशन’ में अपने दशकों के फिल्म निर्माण के अनुभव को लेकर आए हैं। अर्थशास्त्र और राजनीति विज्ञान की पढ़ाई करने के बाद उन्होंने पेरिस में प्रसिद्ध फिल्म निर्माताओं लुई माल, जीन-पियरे मेलविल और एलेन रेसने के मार्गदर्शन में अपने फिल्म निर्माण कौशल को निखारा। उन्होंने वर्ष 1973 में प्रोडक्शन कंपनी बायोस्कोप की सह-स्थापना की। इसके अलावा, उन्होंने फ्रैंकफर्ट, बर्लिन और पेरिस में ओपेरा का निर्देशन भी किया है।

मुख्य अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में सर्वश्रेष्ठ निर्देशक का सिल्वर पीकॉक पुरस्कार, निर्देशन के असाधारण विजन और किसी सिनेमाई कृति को साकार करने में फिल्म निर्माता के योगदान को सम्मानित करता है। इसके तहत सिल्वर पीकॉक ट्रॉफी, प्रमाण-पत्र और 20 लाख रुपये की नकद राशि प्रदान की जाती है।

विजिटेशन’ (Heimsuchung) का सारांश:

https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/2026/nov/Picture7_20261128205642_fa2a5f.jpg 

बर्लिन के निकट एक झील के किनारे स्थित एक घर की पृष्ठभूमि पर आधारित फिल्म ‘विजिटेशन’ में उसके अलग-अलग समय के निवासियों के जीवन के माध्यम से जर्मनी के एक शताब्दी लंबे इतिहास को दर्शाया गया है। नाजीवाद के उदय और द्वितीय विश्व युद्ध की तबाही से लेकर सोवियत शासन और जर्मनी के पुनर्एकीकरण तक, यह घर इतिहास में आए गहरे बदलावों का मूक गवाह बना रहता है। अलग-अलग पीढ़ियों के दौरान एक यहूदी परिवार, एक वास्तुकार और उसकी पत्नी, एक लेखिका तथा उसकी पोती इस घर में रहते हैं। इनमें से प्रत्येक अपने-अपने समय की अनिश्चितताओं से जूझता है। जेनी एरपेनबेक के इसी नाम के उपन्यास पर आधारित यह फिल्म बदलते राष्ट्र की पृष्ठभूमि में घर, अपनापन, विस्थापन और स्मृतियों जैसे विषयों को गहराई से प्रस्तुत करती है।

आईएफएफआई लॉयड यहां पढि़ए: https://www.pib.gov.in/iffi/57/iffiLoid.aspx?yr=2026&lang=1&reg=48

***

पीके/केसी/आरटी/आरके/एसएस


Great films resonate through passionate voices. Share your love for cinema with #IFFI2026 and #StoriesWithoutBorders. Tag us @pibindia on Instagram and @PIB_India on X, and we will help amplify your festival moments!

For accredited journalists, critics, bloggers, and vloggers seeking 1-on-1 interviews with filmmakers and festival juries, write to us at:
iffi.mediadesk@pib.gov.in with the subject line: Take One with PIB.


Official Release ID: 2343286
•
Media Centre: Goa
•
Festival Dates: Nov 20 – 28, 2026