वाणिज्‍य एवं उद्योग मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

वाणिज्य मंत्रालय ने मुक्त व्यापार समझौतों (एफटीए) से मिलने वाले अवसरों पर कार्यशालाओं की श्रृंखला आयोजित की


भारत की तरजीही बाजार पहुंच का दायरा बढ़कर 70 ट्रिलियन अमेरिकी डॉलर हुआ, अगले एक से डेढ़ वर्ष में इसके 85 ट्रिलियन अमेरिकी डॉलर तक पहुंचने की उम्मीद

वाणिज्य सचिव श्री राजेश अग्रवाल ने राजस्थान के रत्न एवं आभूषण, वस्त्र और हस्तशिल्प क्षेत्रों के लिए वैश्विक बाजारों में उपलब्ध अवसरों पर प्रकाश डाला

राजस्थान ने वर्ष 2029 तक 1.5 लाख करोड़ रुपये के निर्यात का लक्ष्य रखा; वर्ष 2025-26 में राज्य का निर्यात 11.18 अरब अमेरिकी डॉलर रहा

देहरादून में एफटीए पर कार्यशाला आयोजित; उत्तराखंड का निर्यात बढ़कर 13,802 करोड़ रुपये हुआ

प्रविष्टि तिथि: 28 NOV 2026 9:25AM by PIB Delhi

वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय ने 27 नवंबर 2026 को जयपुर और देहरादून में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य निर्यातकों, उद्यमियों और सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (एमएसएमई) को भारत के मुक्त व्यापार समझौतों (एफटीए) से उत्पन्न अवसरों से परिचित कराना और अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक उनकी पहुंच बढ़ाना था।

केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री श्री पीयूष गोयल ने हाल ही में हुए मुक्त व्यापार समझौतों (एफटीए) के माध्यम से भारतीय व्यवसायों को मिल रही व्यापक बाजार पहुंच का उल्लेख किया था। उन्होंने भारतीय व्यवसायों से इन समझौतों द्वारा उपलब्ध कराए गए अवसरों का लाभ उठाने का आग्रह किया था। उन्होंने कहा था कि वैश्विक बाजारों में भारत की तरजीही पहुंच, जो कुछ वर्ष पहले तक लगभग 10 ट्रिलियन अमेरिकी डॉलर के सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) का प्रतिनिधित्व करती थी, पिछले साढ़े चार वर्षों में 60 ट्रिलियन अमेरिकी डॉलर बढ़ गई है। इससे कुल पहुंच बढ़कर लगभग 70 ट्रिलियन अमेरिकी डॉलर हो गई है। आठ से नौ भौगोलिक क्षेत्रों के साथ द्विपक्षीय और बहुपक्षीय व्यापार समझौतों पर जारी बातचीत के मद्देनजर, अगले एक से डेढ़ वर्ष में इसके बढ़कर लगभग 85 ट्रिलियन अमेरिकी डॉलर तक पहुंचने की उम्मीद है, जो वैश्विक जीडीपी का लगभग 76 प्रतिशत होगा।

भारत सरकार के वाणिज्य विभाग ने फेडरेशन ऑफ इंडियन एक्सपोर्ट ऑर्गेनाइजेशन्स (एफआईईओ), विदेश व्यापार महानिदेशालय (डीजीएफटी) और राजस्थान सरकार के सहयोग से जयपुर में भारत के मुक्त व्यापार समझौतों (एफटीए) का लाभ उठाने के विषय पर निर्यातकों के लिए एक संपर्क सत्र आयोजित किया।

सत्र में निर्यातकों को संबोधित करते हुए भारत सरकार के वाणिज्य सचिव श्री राजेश अग्रवाल ने भारत के मुक्त व्यापार समझौतों (एफटीए) से उत्पन्न महत्वपूर्ण अवसरों का उल्लेख किया। उन्होंने भारतीय निर्यातकों, विशेष रूप से एमएसएमई को तरजीही बाजार पहुंच का सक्रिय रूप से लाभ उठाने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने निर्यातकों को एफटीए भागीदार देशों में क्षेत्र-विशिष्ट अवसरों की पहचान करने, अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनियों में भाग लेने, विदेशी आपूर्ति श्रृंखलाएं विकसित करने और सीमा पार ई-कॉमर्स जैसे उभरते अवसरों का पता लगाने के लिए प्रोत्साहित किया। राजस्थान की रत्न एवं आभूषण, वस्त्र, हस्तशिल्प, फर्नीचर और खनिज जैसे क्षेत्रों में मजबूत स्थिति का उल्लेख करते हुए श्री अग्रवाल ने व्यवसायों से इन क्षमताओं को निर्यात के अधिक अवसरों में बदलने का आग्रह किया। उन्होंने निर्यात संवर्धन मिशन (ईपीएम) के तहत किए गए उपायों की भी जानकारी दी। इनमें निर्यात ऋण, अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनियों, परीक्षण एवं प्रमाणन, विदेशों में भंडारण और लॉजिस्टिक्स के लिए सहायता शामिल है। इन उपायों का उद्देश्य भारतीय निर्यातकों की प्रतिस्पर्धात्मकता बढ़ाना है।

भारत-संयुक्त अरब अमीरात व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौते (सीईपीए) के तहत साबुत जीरे पर सीमा शुल्क 5 प्रतिशत से घटाकर शून्य कर दिया गया है। इससे राजस्थान के किसानों और किसान उत्पादक संगठनों को संयुक्त अरब अमीरात के बाजार में अपनी पहुंच बढ़ाने के अवसर मिल रहे हैं। वस्त्र, हस्तशिल्प, आभूषण और इंजीनियरिंग जैसे क्षेत्रों में कार्यरत एमएसएमई तथा कारीगरों के लिए इन समझौतों के तहत मिलने वाली शुल्क संबंधी रियायतें अंतरराष्ट्रीय बाजारों में मूल्य प्रतिस्पर्धात्मकता बढ़ाती हैं। संयुक्त अरब अमीरात और ऑस्ट्रेलिया के साथ हुए समझौतों के तहत आभूषणों पर लगने वाला 5 प्रतिशत शुल्क भी समाप्त कर दिया गया है। वहीं, यूनाइटेड किंगडम के साथ हुए समझौते के तहत आभूषणों पर लगने वाला 2 से 4 प्रतिशत शुल्क हटा दिया गया है। यूके के साथ हुए समझौते के तहत परिधानों पर 12 प्रतिशत तक और कालीनों पर 8 प्रतिशत तक का शुल्क भी समाप्त कर दिया गया है। यूरोपीय संघ के साथ हुए समझौते के लागू होने पर सूती परिधानों और बिस्तर की चादरों पर 12 प्रतिशत तथा कालीनों पर 8 प्रतिशत का शुल्क समाप्त हो जाएगा।

अप्रैल-अक्टूबर 2026 के दौरान भारत का वस्तुओं और सेवाओं का निर्यात 568.84 अरब अमेरिकी डॉलर तक पहुंच गया, जो 16.66 प्रतिशत की वृद्धि दर्शाता है। अक्टूबर 2026 में रत्न एवं आभूषणों के निर्यात में 40.06 प्रतिशत, हस्तशिल्प में 55.22 प्रतिशत, कालीनों में 20.64 प्रतिशत और रेडीमेड कपड़ों में 20.33 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। भारत ने वर्ष 2026-27 के लिए 1 ट्रिलियन अमेरिकी डॉलर के निर्यात का लक्ष्य निर्धारित किया है। इंजीनियरिंग सामान, रत्न एवं आभूषण तथा वस्त्र और हस्तशिल्प क्षेत्रों के योगदान के साथ राजस्थान का निर्यात वर्ष 2025-26 में 11.18 अरब अमेरिकी डॉलर रहा। राज्य का लक्ष्य वर्ष 2029 तक 1.5 लाख करोड़ रुपये का निर्यात हासिल करना है।

न्यूजीलैंड के साथ हुए समझौते के तहत 100 प्रतिशत शुल्क-मुक्त बाजार पहुंच से एमएसएमई, कारीगरों, किसानों और महिला उद्यमियों के लिए नए अवसर खुलते हैं। इस समझौते के तहत भारतीय युवाओं और पेशेवरों के लिए प्रतिवर्ष 5,000 अस्थायी रोजगार प्रवेश वीजा (Temporary Employment Entry Visas) और 1,000 वर्किंग हॉलिडे वीजा (Working Holiday Visas) का भी प्रावधान है। मुक्त व्यापार समझौते श्रम-प्रधान उत्पादों को तरजीही बाजार पहुंच प्रदान करते हैं, जिससे वस्त्र, परिधान और चमड़े के सामान जैसे क्षेत्रों में विकास तथा रोजगार को बढ़ावा मिलता है। ब्रिटेन के साथ हुए समझौते के तहत श्रम-प्रधान क्षेत्रों में श्रमिकों के लिए रोजगार के नए अवसर मिलने की उम्मीद है। यूरोपीय मुक्त व्यापार संघ (ईएफटीए) के साथ हुए समझौते के तहत ईएफटीए सदस्य देशों का लक्ष्य 15 वर्षों में भारत में अपना निवेश 100 अरब अमेरिकी डॉलर तक बढ़ाना और इसी अवधि में दस लाख रोजगार सृजित करना है।

भारत सरकार के वाणिज्य विभाग में संयुक्त सचिव श्री मोहित यादव ने विविध निर्यातोन्मुखी क्षेत्रों में राजस्थान की अंतर्निहित क्षमताओं को देखते हुए भारत के मुक्त व्यापार समझौतों (एफटीए) का लाभ उठाने में राज्य की विशिष्ट भूमिका के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि एफटीए केवल तरजीही बाजार पहुंच तक सीमित नहीं हैं, बल्कि प्रौद्योगिकी हस्तांतरण, संयुक्त उद्यमों और निवेश साझेदारी के अवसर भी प्रदान करते हैं। इस संदर्भ में उन्होंने भारत-ईएफटीए व्यापार और आर्थिक साझेदारी समझौते (टीईपीए) के तहत 15 वर्षों में 100 अरब अमेरिकी डॉलर के निवेश की प्रतिबद्धता का उल्लेख किया।

जयपुर स्थित विदेश व्यापार के संयुक्त महानिदेशक श्री मोइन अफाक ने व्यापार समझौतों का लाभ उठाने के तरीकों और निर्यात संवर्धन मिशन के तहत उपलब्ध सहायता के बारे में जानकारी दी। इस मिशन के लिए वर्ष 2025-26 से 2030-31 तक 25,060 करोड़ रुपये का बजट निर्धारित किया गया है। उन्होंने यह भी बताया कि प्रतिपूर्ति के लिए पात्र प्रमाणपत्रों की संख्या बढ़ाकर 600 कर दी गई है। अब 21 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 308 अतिरिक्त जिलों के एमएसएमई निर्यातक भी ईपीएम के तहत परिवहन लागत की प्रतिपूर्ति के पात्र हैं।

सत्र के बाद श्री राजेश अग्रवाल ने खुली बैठक में निर्यातकों और उद्योग प्रतिनिधियों से बातचीत की तथा निर्यात के अवसरों और बाजार पहुंच से संबंधित उनकी चिंताओं एवं मुद्दों पर चर्चा की। उन्होंने निर्यातकों को ट्रेड कनेक्ट पोर्टल का अधिक उपयोग करने, डीजीएफटी कार्यालयों और विदेशों में स्थित भारतीय दूतावासों से संपर्क करने तथा अंतरराष्ट्रीय बाजारों में अपनी उपस्थिति बढ़ाने के लिए ईपीएम के तहत उपलब्ध विभिन्न सहायता तंत्रों का लाभ उठाने के लिए प्रोत्साहित किया।

एक अन्य जनसंपर्क पहल के तहत भारत सरकार के वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के अतिरिक्त विदेश व्यापार महानिदेशक कार्यालय (आरए दिल्ली) ने उत्तराखंड सरकार के उद्योग विभाग के सहयोग से देहरादून में 'मुक्त व्यापार समझौतों का लाभ उठाना' विषय पर एक दिवसीय राज्य स्तरीय कार्यशाला आयोजित की। इस कार्यशाला का उद्देश्य भारत के मुक्त व्यापार समझौतों के तहत उपलब्ध अवसरों के बारे में जागरूकता पैदा करके राज्य के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (एमएसएमई), उद्यमियों और निर्यातकों को वैश्विक बाजारों से जोड़ना था।

कार्यक्रम में उत्तराखंड सरकार के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) मंत्री श्री भरत सिंह चौधरी के साथ भारत सरकार के वाणिज्य विभाग में संयुक्त सचिव श्री अमित वर्मा, भारत सरकार के विदेश व्यापार के अतिरिक्त महानिदेशक श्री निखिल वर्मा तथा उत्तराखंड सरकार के उद्योग महानिदेशक एवं आयुक्त श्री सौरभ गहरवार उपस्थित थे। कार्यशाला में प्रमुख व्यापार एवं निर्यात संवर्धन संगठनों—पीएचडीसीसीआई, सीआईआई, ईईपीसी, ईपीसीएच, एपीडा और एसईपीसी—के प्रतिनिधियों के साथ राज्यभर के उद्यमियों और निर्यातकों ने भी भाग लिया।

सभा को संबोधित करते हुए श्री भरत सिंह चौधरी ने कहा कि यह कार्यशाला उत्तराखंड के उद्यमियों और निर्यातकों, विशेष रूप से एमएसएमई इकाइयों को वैश्विक आपूर्ति श्रृंखलाओं से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के विजन का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि ऑस्ट्रेलिया, संयुक्त अरब अमीरात और न्यूजीलैंड जैसे देशों के साथ आधुनिक एफटीए भारतीय उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजारों में शून्य शुल्क या तरजीही कम शुल्क पर पहुंच उपलब्ध करा रहे हैं।

राज्य की औद्योगिक प्रगति के बारे में बताते हुए श्री चौधरी ने कहा कि उत्तराखंड का निर्यात वर्ष 2017-18 के 10,836 करोड़ रुपये से बढ़कर वर्ष 2025-26 में 13,802 करोड़ रुपये हो गया है। इसमें प्रमुख योगदान औषधि, इंजीनियरिंग सामान, खाद्य प्रसंस्करण, जैविक एवं हर्बल उत्पादों और हस्तशिल्प क्षेत्रों का है। उन्होंने यह भी बताया कि 'इन्वेस्ट उत्तराखंड' एकल खिड़की पोर्टल के माध्यम से पिछले तीन वर्षों में 70,397 करोड़ रुपये के पूंजी निवेश वाली 6,932 परियोजनाओं को सैद्धांतिक मंजूरी दी गई है। नीति आयोग के निर्यात तैयारी सूचकांक (ईपीआई) 2024 और निवेश अनुकूलता सूचकांक 2026 में भी उत्तराखंड ने अपनी श्रेणी में पहला स्थान हासिल किया है।

मंत्री ने आगे बताया कि पर्वतीय जिलों में औद्योगीकरण को बढ़ावा देने के लिए पौड़ी, चमोली और अल्मोड़ा में विशेष औद्योगिक पार्क स्थापित किए जा रहे हैं। हरिद्वार में 194 करोड़ रुपये की लागत से फ्लैटेड फैक्टरी स्थापित किए जाने के बाद इसी तरह की प्लग-एंड-प्ले सुविधाएं सेलाकुई और पंतनगर में भी प्रस्तावित हैं। खुरपिया, किच्छा में 1,002 एकड़ क्षेत्र में 1,100 करोड़ रुपये की लागत से एकीकृत विनिर्माण क्लस्टर (आईएमसी) भी विकसित किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त, लॉजिस्टिक्स और व्यापार अवसंरचना को मजबूत करने के लिए हरिद्वार में मल्टी-मॉडल लॉजिस्टिक्स पार्क और बनबसा में भूमि सीमा शुल्क स्टेशन विकसित किए जा रहे हैं। 'हाउस ऑफ हिमालयाज' और 'हिमाद्रि' जैसी पहलें पारंपरिक हस्तशिल्प, ऐपण कला, मोटे अनाज और महिला स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने में मदद कर रही हैं।

श्री सौरभ गहरवार ने उत्तराखंड के औद्योगिक इकोसिस्टम और निर्यात संवर्धन की कार्ययोजना की जानकारी दी। श्री अमित वर्मा और श्री निखिल वर्मा ने भारत के एफटीए, शुल्क रियायतों, मूल स्थान के नियमों (रूल्स ऑफ ओरिजिन—आरओओ), निर्यात संवर्धन मिशन (ईपीएम) और निर्यात प्रतिस्पर्धात्मकता बढ़ाने के उद्देश्य से शुरू की गई 'निर्यात केंद्र के रूप में जिले' (डिस्ट्रिक्ट्स ऐज एक्सपोर्ट हब्स—डीईएच) पहल के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

तकनीकी सत्रों में एपीडा, एसईपीसी, ईपीसीएच, ईईपीसी, सीआईआई और पीएचडीसीसीआई के विशेषज्ञों ने भाग लिया। उन्होंने कृषि, प्रसंस्कृत खाद्य पदार्थ, हस्तशिल्प, सेवाओं और इंजीनियरिंग सामान जैसे क्षेत्रों में उत्तराखंड के लिए उपलब्ध विशिष्ट निर्यात अवसरों पर चर्चा की। राज्य के उद्योग विभाग के अधिकारियों ने प्रतिभागियों को उत्तराखंड निर्यात नीति के तहत उपलब्ध वित्तीय प्रोत्साहनों, गुणवत्ता प्रमाणन सहायता और लॉजिस्टिक्स अवसंरचना के बारे में भी जानकारी दी।

कार्यशाला का समापन संवादात्मक प्रश्नोत्तर सत्र के साथ हुआ। इसमें निर्यातकों और उद्योग प्रतिनिधियों ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ सीधे अपने प्रश्न और सुझाव साझा किए। इस चर्चा ने हितधारकों को भारत के मुक्त व्यापार समझौतों (एफटीए) के लाभों को समझने और अंतरराष्ट्रीय बाजारों में उत्तराखंड की उपस्थिति बढ़ाने के उपायों का पता लगाने के लिए एक मंच प्रदान किया।

यूनाइटेड किंगडम के साथ हुआ मुक्त व्यापार समझौता (एफटीए) 15 जुलाई 2026 से लागू हुआ। इसके तहत भारत के लगभग 99 प्रतिशत निर्यात पर शून्य शुल्क का प्रावधान है। ओमान के साथ हुआ समझौता 1 जून 2026 से प्रभावी हुआ और इसके तहत मूल्य के आधार पर भारत के 99.38 प्रतिशत निर्यात को शुल्क-मुक्त पहुंच मिलती है। भारत के संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) और ऑस्ट्रेलिया के साथ भी वर्ष 2022 से मुक्त व्यापार समझौते हैं।

भारत-यूरोपीय संघ (ईयू) समझौते के तहत ईयू की 70.4 प्रतिशत टैरिफ लाइनों पर समझौता लागू होते ही शुल्क समाप्त हो जाएंगे। ये भारत के निर्यात मूल्य के 90.7 प्रतिशत को कवर करती हैं। शेष 20.3 प्रतिशत टैरिफ लाइनों पर शुल्क चरणबद्ध तरीके से समाप्त किए जाएंगे। इस समझौते के वर्ष 2027 की शुरुआत में लागू होने की उम्मीद है। संयुक्त राज्य अमेरिका के साथ 7 फरवरी 2026 को अंतरिम समझौते की रूपरेखा की घोषणा की गई थी और इस पर बातचीत जारी है। कनाडा के साथ वार्ता का छठा दौर 11 से 20 नवंबर 2026 तक आयोजित किया गया था। इसका उद्देश्य ऐसा समझौता करना है, जिससे किसानों, उद्योगों, व्यवसायों और सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (एमएसएमई) को ठोस लाभ मिल सके। चिली, पेरू, इजराइल, यूरेशियन आर्थिक संघ, मैक्सिको और अन्य साझेदारों के साथ भी बातचीत जारी है।

ये पहलें विभिन्न राज्यों के निर्यातकों, जिनमें एमएसएमई, महिलाएं और युवा उद्यमी शामिल हैं, तक भारत के व्यापार समझौतों का लाभ पहुंचाने की निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाती हैं।

****

पीके/केसी/आरटी/एमके/आर


(रिलीज़ आईडी: 2343011) आगंतुक पटल : 30
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu , Marathi , Gujarati , Tamil