विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

सीएसआईआर-सीआरआरआई ने अग्रणी स्टील स्लैग सड़क प्रौद्योगिकी और ईकोफिक्स के लिए प्रतिष्ठित सीआईआई 4आर पुरस्कार 2026 जीते; भारत के शीर्ष 30 ‘अपशिष्ट से आय सृजन’ के क्षेत्र में अग्रणी संस्थानों में स्थान प्राप्त किया

प्रविष्टि तिथि: 27 NOV 2026 4:58PM by PIB Delhi

सीएसआईआर-केंद्रीय सड़क अनुसंधान संस्थान (सीएसआईआर-सीआरआरआई), नई दिल्ली को ‘अनुसंधान प्रयोगशालाओं/शैक्षणिक संस्थानों द्वारा सतत अपशिष्ट प्रबंधन के लिए नवोन्मेषी समाधानों में उत्कृष्टता’ श्रेणी के तहत प्रतिष्ठित सीआईआई 4आर पुरस्कार 2026 से सम्मानित किया गया है। इसके साथ ही, संस्थान को अपनी अग्रणी स्टील स्लैग रोड® प्रौद्योगिकी और ईकोफिक्स® – लौह एवं इस्पात स्लैग आधारित तत्काल गड्ढा मरम्मत मिश्रण के लिए भारत के शीर्ष 30 ‘अपशिष्ट से उपयोगी संसाधन बनाने वाले अग्रणी संस्थानों’ में भी शामिल किया गया है। इन प्रौद्योगिकियों के माध्यम से इस्पात उद्योग से उत्पन्न औद्योगिक अपशिष्ट से टिकाऊ सड़क निर्माण और रखरखाव के लिए उपयोगी सामग्रियों को बनाया जाता है।

ये पुरस्कार 26 नवंबर, 2026 को नई दिल्ली स्थित होटल द ललित में आयोजित अपशिष्ट से उपयोगी संसाधन (वेस्ट-टू-वर्थ) प्रौद्योगिकियों पर 11वें अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन के दौरान प्रदान किए गए। सीएसआईआर-सीआरआरआई के निदेशक डॉ. च. रवि शेखर और वैज्ञानिक-जी तथा लचीले पेवमेंट प्रभाग (फ्लेक्सिबल पेवमेंट डिवीजन) के प्रमुख श्री सतीश पांडेय ने संस्थान की ओर से हनी बी नेटवर्क के संस्थापक और जमीनी स्तर पर नवाचार के प्रख्यात भारतीय विद्वान प्रो. अनिल गुप्ता से ये पुरस्कार प्राप्त किए।

इस अवसर पर सीएसआईआर-सीआरआरआई के वैज्ञानिक-जी एवं लचीले पेवमेंट प्रभाग के प्रमुख तथा स्टील स्लैग रोड® और ईकोफिक्स® प्रौद्योगिकियों के आविष्कारक श्री सतीश पांडेय ने भारत के इस्पात उद्योगों से उत्पन्न औद्योगिक अपशिष्ट की चुनौती से निपटने में इन नवाचारों की अपार संभावनाओं के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि इस्पात उद्योग से प्रतिवर्ष लगभग 3 करोड़ टन स्टील स्लैग (ठोस उप-उत्पाद) उत्पन्न होता है। सीएसआईआर-सीआरआरआई की प्रौद्योगिकियां इस स्टील स्लैग का वैज्ञानिक तरीके से प्रसंस्करण कर इसे टिकाऊ सड़क अवसंरचना के निर्माण में प्रसंस्कृत एग्रीगेट (निर्माण सामग्री) के रूप में उपयोग करने में सक्षम बनाती हैं। ये नवाचार बड़े पैमाने पर उत्पन्न औद्योगिक अपशिष्ट को उपयोगी निर्माण सामग्री में बदलने, पारंपरिक प्राकृतिक एग्रीगेट पर निर्भरता कम करने और सड़क क्षेत्र में चक्रीय अर्थव्यवस्था की अवधारणा को बढ़ावा देने का प्रभावी मार्ग प्रदान करते हैं।

औद्योगिक अपशिष्ट को टिकाऊ अवसंरचना में बदलना

सीएसआईआर-सीआरआरआई द्वारा विकसित स्टील स्लैग रोड® प्रौद्योगिकी सड़क निर्माण में वैज्ञानिक तरीके से प्रसंस्कृत स्टील स्लैग एग्रीगेट के उपयोग को दिखाती है। यह इस्पात उद्योग के उप-उत्पादों को सड़क निर्माण की उपयोगी सामग्री में बदलने का एक टिकाऊ विकल्प प्रदान करती है। इससे संसाधनों का कुशल उपयोग सुनिश्चित होता है और औद्योगिक अपशिष्ट के निपटान तथा प्राकृतिक एग्रीगेट के निष्कर्षण से पर्यावरण पर पड़ने वाले प्रतिकूल प्रभावों को कम करने में मदद मिलती है।

इसी प्रकार, ईकोफिक्स® लौह एवं इस्पात स्लैग पर आधारित गड्ढों की तत्काल मरम्मत के लिए तैयार किया गया मिश्रण है। यह औद्योगिक उप-उत्पादों के उपयोग के माध्यम से सड़क रखरखाव के लिए एक नवोन्मेषी समाधान प्रदान करता है। सीएसआईआर-सीआरआरआई से प्रौद्योगिकी लाइसेंस प्राप्त कर रामुका ग्लोबल सर्विसेज द्वारा इसका व्यावसायीकरण अनुसंधान संस्थानों और स्टार्टअप के बीच प्रभावी सहयोग से स्वदेशी अनुसंधान को बाजार में उपयोग के लिए तैयार समाधानों को बदलने का उदाहरण है।

ये दोनों प्रौद्योगिकियां औद्योगिक अपशिष्ट को अवसंरचना विकास के लिए उपयोगी संसाधनों में बदलकर चक्रीय अर्थव्यवस्था के सिद्धांतों को साकार करती हैं। इस्पात उद्योग से प्रतिवर्ष बड़ी मात्रा में स्लैग उत्पन्न होने को देखते हुए, इन प्रौद्योगिकियों का व्यापक स्तर पर उपयोग  करने  से संसाधनों के पुनर्प्राप्ति, टिकाऊ निर्माण और पर्यावरण के प्रति उत्तरदायी अवसंरचना विकास के क्षेत्र में महत्वपूर्ण अवसर पैदा हो सकते हैं।

सीएसआईआर-सीआरआरआई ने प्रदर्शनी में दुनिया की पहली स्टील स्लैग सड़क का मॉडल प्रदर्शित किया

सम्मेलन के अंतर्गत आयोजित प्रदर्शनी में सीएसआईआर-सीआरआरआई ने गुजरात के सूरत के हजीरा में वैज्ञानिक तरीके से प्रसंस्कृत स्टील स्लैग एग्रीगेट का उपयोग करके निर्मित दुनिया की पहली स्टील स्लैग सड़क का मॉडल भी प्रदर्शित किया। इस मॉडल के माध्यम से सड़क अवसंरचना में इस्पात उद्योग के अपशिष्ट के अग्रणी उपयोग को दर्शाया गया। साथ ही, स्वदेशी अनुसंधान और तकनीकी नवाचार औद्योगिक उप-उत्पादों को उपयोगी निर्माण सामग्री में परिवर्तित करने की क्षमता को उजागर किया गया हैं। इस प्रदर्शनी ने परिवहन अवसंरचना क्षेत्र में टिकाऊ सड़क निर्माण, औद्योगिक अपशिष्ट के उपयोग और चक्रीय अर्थव्यवस्था की कार्यप्रणालियों को बढ़ावा देने के सीएसआईआर-सीआरआरआई के प्रयासों की ओर लोगों का ध्यान आकर्षित किया।

सीआईआई 4आर पुरस्कार सतत अपशिष्ट प्रबंधन, संसाधनों के कुशल उपयोग और कम करना (रिड्यूस), पुनः उपयोग (रीयूज), पुनर्चक्रण (रीसाइकिल) तथा मरम्मत (रिपेयर) के सिद्धांतों पर आधारित नवोन्मेषी समाधानों के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान को मान्यता प्रदान करते हैं। सीएसआईआर-सीआरआरआई और रामुका ग्लोबल सर्विसेज को मिला यह सम्मान भारत में औद्योगिक अपशिष्ट प्रबंधन की चुनौतियों से निपटने में वैज्ञानिक अनुसंधान, प्रौद्योगिकी हस्तांतरण, उद्यमिता और व्यावसायीकरण की एक-दूसरे की पूरक भूमिकाओं को रेखांकित करता है।

यह उपलब्धि राष्ट्रीय अवसंरचना विकास के लिए स्वदेशी, टिकाऊ और व्यापक स्तर पर उपयोग की जा सकने वाली प्रौद्योगिकियां विकसित करने के प्रति सीएसआईआर-सीआरआरआई की निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाती है। यह चक्रीय अर्थव्यवस्था, संसाधनों के कुशल उपयोग और विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को साकार करने में अनुसंधान संस्थानों तथा प्रौद्योगिकी आधारित स्टार्टअप के बढ़ते योगदान को भी प्रदर्शित करती है।

सीएसआईआर-सीआरआरआई के बारे में

सीएसआईआर-केंद्रीय सड़क अनुसंधान संस्थान (सीएसआईआर-सीआरआरआई), नई दिल्ली, भारत सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय के अंतर्गत वैज्ञानिक तथा औद्योगिक अनुसंधान परिषद (सीएसआईआर) की एक घटक प्रयोगशाला है। यह संस्थान सड़क एवं परिवहन अभियांत्रिकी तथा इससे जुड़े अन्य क्षेत्रों में अनुसंधान और विकास कार्य करता है। वैज्ञानिक अनुसंधान, नवाचार और तकनीकी प्रगति के माध्यम से संस्थान सुरक्षित, टिकाऊ, कुशल और आपदा-सहनीय अवसंरचना के विकास में योगदान देता है।

*****

पीके/केसी/आरटी/वीके/एसवी


(रिलीज़ आईडी: 2342764) आगंतुक पटल : 16
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu , Marathi