सूक्ष्‍म, लघु एवं मध्‍यम उद्यम मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

भारत के एमएसएमई प्रगति की गाथा में एक नया कीर्तिमान: 10 करोड़ पंजीकरण के साथ एक जीवंत और सशक्त आत्मनिर्भर भारत की दिशा में 10 करोड़ कदम!


एमएसएमई पंजीकरण का कायाकल्प; कागजी कार्रवाई से एक आसान डिजिटल इकोसिस्टम की ओर

प्रविष्टि तिथि: 25 NOV 2026 4:01PM by PIB Delhi

भारत के सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम (एमएसएमई) सेक्टर ने एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है, जिसने 30 अक्टूबर 2026 को उद्यम पंजीकरण पोर्टल और उद्यम असिस्ट प्लेटफॉर्म पर कुल 10 करोड़ पंजीकरण का आंकड़ा पार कर लिया है। यह उपलब्धि भारत के अधिक औपचारिक, समावेशी और डिजिटल रूप से सशक्त एमएसएमई सेक्टर के निर्माण की दिशा में एक निर्णायक पल है। 

    
एमएसएमई औपचारिकीकरण में एक ऐतिहासिक उपलब्धि

उद्यम पंजीकरण पोर्टल और उद्यम असिस्ट प्लेटफॉर्म की एकजुट ऊर्जा ने भारत में लघु एवं मध्यम उद्यमों के औपचारिकरण की यात्रा को एक नए स्तर पर पहुंचा दिया है। 2020 में 1.02 करोड़ पंजीकरणों से बढ़कर 2026 में 10 करोड़ से अधिक पंजीकरणों तक की बढ़ोतरी डिजिटल प्लेटफॉर्म के बढ़ते इस्तेमाल और उद्यमों को औपचारिक आर्थिक फ्रेमवर्क में लाने के लिए सरकार की निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम मंत्रालय ने 1 जुलाई 2020 को उद्यम पंजीकरण पोर्टल लॉन्च किया, जिससे उद्यमों को पंजीकरण के लिए एक सरल, पारदर्शी, ऑनलाइन और कागज रहित मंच प्राप्त हुआ। इस डिजिटल पहल ने पंजीकरण प्रक्रियाओं को काफी सुव्यवस्थित किया है, ईज ऑफ डूइंग बिजनेस बढ़ाई है और उद्यमों को भारत के औपचारिक आर्थिक पारिस्थितिकी तंत्र का हिस्सा बनने में सक्षम बनाया है।

भारत में एमएसएमई पंजीकरण का विकास: ईएम-II से उद्यम पंजीकरण तक

भारत के एमएसएमई पंजीकरण फ्रेमवर्क में बीते कुछ वर्ष में काफी विकास हुआ है, जो काफी हद तक भौतिक और दस्तावेज-प्रधान प्रक्रिया से बदलकर प्रौद्योगिकी-संचालित, उद्यमी-अनुकूल डिजिटल पारिस्थितिकी तंत्र बन गया है।

यात्रा के प्रमुख मील के पत्थर:

1. उद्यमी ज्ञापन (ईएम-II) – 2006 से 17 सितंबर 2015 तक

एमएसएमई पंजीकरण मुख्य रूप से एक भौतिक प्रक्रिया थी, जिसमें उद्यमियों को जिला उद्योग केंद्र (डीआईसी) की ओर से सत्यापन के लिए आवश्यक दस्तावेजों के साथ आवेदन जमा करने होते थे। इस नौ वर्ष की अवधि के दौरान, 21.96 लाख एमएसएमई पंजीकृत हुए।

2. रोजगार आधार ज्ञापन (यूएएम) - 18 सितंबर 2015 से 30 जून 2020

उद्योग आधार ज्ञापन (यूएएम) के लागू होने के साथ ही डिजिटल पंजीकरण की दिशा में एक बड़ा बदलाव आया। आधार पर आधारित इस ऑनलाइन प्रणाली ने पूर्व की पंजीकरण प्रक्रिया को आसान बना दिया और उद्यमियों पर अनुपालन का बोझ कम कर दिया। इस पांच वर्ष की अवधि में लगभग 1.02 करोड़ एमएसएमई पंजीकृत हुए।

3. उद्यम पंजीकरण – 1 जुलाई 2020 से

  • उद्यम पंजीकरण पोर्टल के शुभारंभ के साथ एक महत्वपूर्ण डिजिटल परिवर्तन की शुरुआत हुई। पंजीकरण प्रक्रिया पूरी तरह से ऑनलाइन, कागज रहित और स्व-घोषणा पर आधारित हो गई, जिससे भौतिक दस्तावेजों या प्रमाण अपलोड करने की जरूरत खत्म हो गई।

  • आधार और पैन आधारित विवरणों के साथ-साथ जीएसटी और आयकर डेटाबेस के एकीकरण ने पंजीकरण प्रक्रिया को और भी सरल बना दिया। इस प्रणाली ने नवीनीकरण की जरूरत को भी समाप्त कर दिया और पंजीकरण को पूरी तरह से निःशुल्क बना दिया, जिससे देश भर के उद्यमियों के लिए औपचारिकीकरण सरल और अधिक सुलभ हो गया।

4. उद्यम सहायता मंच (यूएपी) – 11 जनवरी 2023 से

  • यह देखते हुए कि बड़ी संख्या में सूक्ष्म उद्यमों, विशेष रूप से अनौपचारिक क्षेत्र में कार्यरत उद्यमों को पंजीकरण सुविधाओं तक पहुँचने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है, मंत्रालय ने 11 जनवरी 2023 को उद्यम सहायता मंच (यूएपी) की शुरुआत की।

  • यह मंच नामित वित्तीय संस्थानों और अन्य भागीदार एजेंसियों को शामिल करते हुए एक सरलीकृत तंत्र के माध्यम से पात्र अनौपचारिक सूक्ष्म उद्यमों के औपचारिककरण को आसान बनाता है।

उद्यम: पहुंच, मान्यता और समावेशी विकास को सक्षम बनाना

  • उद्यम पंजीकरण बैंकों और वित्तीय संस्थानों की ओर से उद्यमों की पहचान करने में सहायता करता है, जिससे सूक्ष्म और लघु उद्यमों के लिए क्रेडिट गारंटी योजना (सीजीटीएमएसई), प्राथमिकता क्षेत्र लेंडिंग और अन्य क्रेडिट और वित्त संबंधी कार्यक्रमों जैसी पहलों के कार्यान्वयन में सुविधा होती है।

  • यह महिला उद्यमियों, अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के उद्यमियों, ग्रामीण उद्यमों, पारंपरिक कारीगरों और अन्य वंचित वर्गों को औपचारिक आर्थिक फ्रेमवर्क में लाकर समावेशी आर्थिक विकास की नींव को सुदृढ़ करता है।

  • इसके साथ ही, उद्यम के माध्यम से औपचारिक मान्यता, लागू पात्रता आवश्यकताओं के अधीन, प्रधानमंत्री रोजगार निर्माण कार्यक्रम (पीएमईजीपी), राष्ट्रीय एससी-एसटी केंद्र, सूक्ष्म और लघु उद्यमों के लिए सार्वजनिक खरीद नीति और अन्य उद्यमिता विकास कार्यक्रमों सहित विभिन्न सरकारी पहलों के व्यापक उद्देश्यों का सहयोग करती है।

समावेशी विकास की प्रगति: महिलाओं की भागीदारी

उद्यम और उद्यम असिस्ट दोनों के पंजीकरण आंकड़ों से निम्नलिखित बातें स्पष्ट होती हैं:

महिला नेतृत्व वाली एमएसएमई: 3.76 करोड़ पंजीकरण, जो कुल का 37.8% है।

ये आंकड़े समाज के विविध वर्गों के बीच औपचारिक मान्यता का विस्तार करने और समावेशी उद्यमिता की नींव को मजबूत करने में डिजिटल पंजीकरण की भूमिका को रेखांकित करते हैं।

10 करोड़ पंजीकरणों का आंकड़ा महज एक संख्या नहीं है; यह लाखों उद्यमों की ओर से औपचारिक मान्यता प्राप्त करने और भारत की विकास गाथा का हिस्सा बनने की दिशा में उठाए गए कदमों का प्रतीक है। यह भारत के डिजिटल इकोसिस्टम में उद्यमियों के बढ़ते विश्वास और एक मजबूत, अधिक समावेशी और आत्मनिर्भर अर्थव्यवस्था की ओर सामूहिक गति को प्रतिबिंबित करता है।

***

 

पीके/केसी/आरटी/एमएम/एसएस


(रिलीज़ आईडी: 2341454) आगंतुक पटल : 33
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu , Kannada