रक्षा मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

ऑपरेशन दृष्टि: सशस्त्र बल चिकित्सा सेवाओं के डॉक्टरों ने मेरठ स्थित सैन्य अस्पताल में आयोजित शल्य चिकित्सा शिविर में दृष्टि बहाल करने वाली 412 सर्जरी कर एक नया रिकॉर्ड बनाया

प्रविष्टि तिथि: 25 NOV 2026 3:51PM by PIB Delhi

‘ऑपरेशन दृष्टि’ के तहत मेरठ स्थित सैन्य अस्पताल में आयोजित पांच दिवसीय नेत्र शल्य चिकित्सा शिविर 25 नवंबर, 2026 को संपन्न हुआ। इस दौरान सशस्त्र बल चिकित्सा सेवाओं (एएफएमएस) के विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने कुल 412 सफल सर्जरी कीं, जिनसे मरीजों की दृष्टि बहाल हुई। शिविर में 197 जरूरतमंद नागरिकों की शल्य चिकित्सा भी की गई। इनमें मोतियाबिंद, ग्लूकोमा, आंखों के पर्दे से जुड़ी समस्याओं और आंखों पर मांस बढ़ने जैसी बीमारियों से पीड़ित लोग शामिल थे। शिविर की एक बड़ी उपलब्धि लगभग 60 ऐसे मरीजों की सफल सर्जरी रही, जो मोतियाबिंद के कारण पूरी तरह दृष्टिहीन हो चुके थे। इन शल्य चिकित्साओं के माध्यम से उनके जीवन में फिर से रोशनी लौट आई।

सशस्त्र बल चिकित्सा सेवाओं के नेत्र विशेषज्ञों एवं चिकित्सा अधिकारियों ने पिछले दो महीनों के दौरान, बागपत, बुलंदशहर, हापुड़, शामली और मुरादाबाद में मोतियाबिंद सहित आंखों की विभिन्न बीमारियों के लिए 12 हजार से अधिक मरीजों की जांच की। इस अभियान के जरिए दूरदराज के कस्बों और गांवों में रहने वाले लोगों तक भी चिकित्सा सुविधाएं पहुंचाई गईं। मेरठ स्थित सैन्य अस्पताल में आयोजित शिविर के दौरान करीब 5 हजार रोगियों की जांच की गई। जिन मरीजों को शल्य चिकित्सा की आवश्यकता थी, उन्हें सैन्य अस्पताल भी लाया गया। यहां 22 से 24 नवंबर 2026 के बीच कुल 412 सफल सर्जरी की गईं।

उत्तर प्रदेश में सैनिक कल्याण विकास निगम और पीआरडी के राज्य मंत्री डॉ. सोमेंद्र तोमर शिविर के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने मरीजों और चिकित्सा दल के सदस्यों से बातचीत की। डॉ. सोमेंद्र तोमर ने आम नागरिकों को बड़े पैमाने पर चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने के लिए भारतीय सेना के प्रयासों की प्रशंसा भी की।

सशस्त्र बल चिकित्सा सेवाओं के महानिदेशक एयर मार्शल संदीप थरेजा ने इस अवसर पर चिकित्सा दल के उत्कृष्ट योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि टीम ने पेशेवर दक्षता, समर्पित सेवा और रोगियों की देखभाल के क्षेत्र में एक नया मानक स्थापित किया है। एयर मार्शल ने बताया कि सशस्त्र बल चिकित्सा सेवाएं न केवल सेवारत सैन्यकर्मियों और पूर्व सैनिकों के आश्रितों को चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध करा रही हैं, बल्कि उन आम नागरिकों तक भी पहुंच रही हैं, जिन्हें ऐसी सुविधाएं आसानी से प्राप्त नहीं हो पातीं।

किसी भी पिछले नेत्र चिकित्सा शिविर की तुलना में यहां की गई 412 शल्य चिकित्साएं अब तक की सबसे बड़ी संख्या है। इस उपलब्धि ने बेहतर चिकित्सा सेवा और समर्पण का नया मानक स्थापित किया है। ये सभी सर्जरी सेना अस्पताल (अनुसंधान एवं रेफरल) के विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने कीं। नेत्र रोग विभाग के प्रमुख ब्रिगेडियर संजय कुमार मिश्रा ने टीम का नेतृत्व किया, जो ‘ऑपरेशन दृष्टि’ का संचालन कर रहे हैं। इस अभियान के तहत देश के दूरदराज और वंचित क्षेत्रों में आधुनिक नेत्र चिकित्सा सुविधाएं पहुंचाने के उद्देश्य से बड़े पैमाने पर शल्य चिकित्सा शिविर आयोजित किए जाते हैं। मेरठ में यह शिविर मुख्यालय सूर्या कमान के तत्वावधान में आयोजित किया गया।

 

***

पीके/केसी/आरटी/एनके


(रिलीज़ आईडी: 2341432) आगंतुक पटल : 37
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu , Tamil