प्रविष्टि तिथि:
25 NOV 2026 3:37PM by PIB Delhi
उपराष्ट्रपति श्री सी.पी. राधाकृष्णन ने आज महाराष्ट्र के नागपुर में राष्ट्रसंत तुकड़ोजी महाराज नागपुर विश्वविद्यालय के स्वयंसिद्धा केंद्र द्वारा आयोजित महिला सशक्तिकरण पर राष्ट्रीय सम्मेलन 2026 का उद्घाटन किया। इस सम्मेलन की थीम “विजया– शिक्षा के माध्यम से सशक्तिकरण की यात्रा” है।
उपराष्ट्रपति ने उपस्थित जन-समूह को संबोधित करते हुए महाराष्ट्र के राज्यपाल के रूप में अपने कार्यकाल के दौरान स्वयंसिद्धा कार्यक्रम की शुरुआत करने का स्मरण किया। उन्होंने वर्तमान राज्यपाल श्री जिष्णु देव वर्मा के नेतृत्व में इस कार्यक्रम के निरंतर विस्तार की सराहना की। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र के विभिन्न विश्वविद्यालय इस कार्यक्रम के कार्यकलापों में भाग ले रहे हैं। उन्होंने इस बात पर बल दिया कि विश्वविद्यालयों को केवल शैक्षणिक योग्यताएं प्रदान करने तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि कौशल विकास, आर्थिक आत्मनिर्भरता, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता को बढ़ावा देकर महिला सशक्तिकरण में सक्रिय योगदान देना चाहिए।
उपराष्ट्रपति ने उच्च शिक्षा में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी को रेखांकित करते हुए कहा कि देशभर के विश्वविद्यालयों के दीक्षांत समारोहों में स्वर्ण पदक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों में पुरुषों की तुलना में महिलाओं की संख्या लगातार अधिक हो रही है। उन्होंने अखिल भारतीय उच्च शिक्षा सर्वेक्षण का उल्लेख करते हुए कहा कि पिछले एक दशक में उच्च शिक्षा में महिलाओं के सकल नामांकन अनुपात में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि यह प्रगति महिलाओं के लिए बढ़ते अवसरों और महिला विकास से महिला-नेतृत्व वाले विकास की दिशा में देश के परिवर्तन को दर्शाती है।
उपराष्ट्रपति ने आगामी संविधान दिवस का उल्लेख करते हुए भारतीय संविधान के निर्माण में संविधान सभा की 15 महिला सदस्यों के योगदान को याद किया। उन्होंने लोकतांत्रिक संस्थाओं में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने की दिशा में नारी शक्ति वंदन अधिनियम के महत्व पर भी प्रकाश डाला।
भारत के सांस्कृतिक मूल्यों पर बल देते हुए उपराष्ट्रपति ने कहा कि महिलाओं और उनके नेतृत्व के प्रति सम्मान भारतीय सभ्यता में गहराई से निहित है। उन्होंने शैक्षणिक संस्थानों से आह्वान किया कि वे युवा महिलाओं को जीवन के सभी क्षेत्रों में नेतृत्व की भूमिकाएं निभाने के लिए तैयार करें। उन्होंने कहा कि शिक्षा के माध्यम से महिलाओं के लिए अनुसंधान, उद्यमिता, प्रशासन, सार्वजनिक जीवन और संस्थागत निर्णय प्रक्रिया में भागीदारी के नए रास्ते खुलने चाहिए। इसमें ग्रामीण, दूरस्थ और आर्थिक रूप से वंचित पृष्ठभूमि से आने वाली महिलाओं पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए।
उपराष्ट्रपति ने इस बात पर जोर दिया कि महिला सशक्तिकरण सरकारों, विश्वविद्यालयों, उद्योग जगत, नागरिक समाज और परिवारों की साझा जिम्मेदारी है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि प्रस्तावित महाराष्ट्र–उच्च शिक्षा में महिलाओं के लिए विजया रूपरेखा इस दिशा में निरंतर संस्थागत प्रयासों का आधार बनेगी।
विश्वविद्यालय द्वारा स्वयंसिद्धा को राष्ट्रीय मंच पर लाने के प्रयास की सराहना करते हुए उपराष्ट्रपति ने आशा व्यक्त की कि विजया सम्मेलन सार्थक विचार-विमर्श, नवोन्मेषी समाधान और व्यावहारिक सुझावों को सामने लाने में सहायक होगा। उन्होंने कहा कि स्वयंसिद्धा की सफलता अंततः इससे जुड़ने वाली महिलाओं के आत्मविश्वास, आत्मनिर्भरता और नेतृत्व क्षमता में दिखाई देगी।
इस अवसर पर उपराष्ट्रपति ने स्वयंसिद्धा के लोगो का अनावरण किया और दो संकलनों—‘हंड्रेड वॉइसेज ऑफ यंग वुमेन’ तथा ‘बेस्ट प्रैक्टिसेज इन हायर एजुकेशन’ का विमोचन किया। उन्होंने इस पहल में योगदान के लिए स्वयंसिद्धा की प्रमुख महिलाओं को सम्मानित भी किया और प्रतिभागियों के साथ ‘नशे को ना’ की शपथ ली।
इस कार्यक्रम में महाराष्ट्र के राज्यपाल श्री जिष्णु देव वर्मा, राष्ट्रसंत तुकड़ोजी महाराज नागपुर विश्वविद्यालय की कुलपति डॉ. मनाली क्षीरसागर, महाराष्ट्र के राज्यपाल के सचिव डॉ. प्रशांत नारनवरे, आईएएस; विश्वविद्यालय के प्रति-कुलपति डॉ. अखिलेश पेशवे, राष्ट्रीय महिला आयोग और महाराष्ट्र राज्य महिला आयोग के प्रतिनिधियों के साथ-साथ शिक्षाविदों, संकाय सदस्यों, अधिकारियों और विद्यार्थियों ने भाग लिया।
***
पीके/केसी/आरटी/एसकेजे/एचबी