सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्‍वयन मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

अनिगमित क्षेत्र के उद्यमों का त्रैमासिक बुलेटिन (क्यूबीयूएसई)

(सर्वेक्षण अवधि: जुलाई 2026 से सितंबर 2026)

अनिगमित क्षेत्र ने वर्ष-दर-वर्ष मजबूत वृद्धि दर्ज की

प्रतिष्ठानों की संख्या में 19 प्रतिशत और रोजगार में 17 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई

सेवा क्षेत्र लगातार विकास का मुख्य चालक बना हुआ है

प्रविष्टि तिथि: 23 NOV 2026 4:00PM by PIB Delhi

मुख्य बिंदु:

  • जुलाई–सितंबर 2026 के दौरान प्रतिष्ठानों और रोजगार में वर्ष-दर-वर्ष उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई, जो इस क्षेत्र में अब तक की सबसे अधिक तिमाही वृद्धि है।
  • प्रतिष्ठानों की अनुमानित संख्या 9.47 करोड़ रही, जो वर्ष-दर-वर्ष 18.81 प्रतिशत की वृद्धि दर्शाती  है।
  • अनिगमित गैर-कृषि क्षेत्र में रोजगार बढ़कर 15.03 करोड़ हो गया है। अन्य सेवा क्षेत्र एक प्रमुख चालक के रूप में उभरा, जिसमे रोजगार में 33 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि दर्ज की गई।
  • पिछले वर्ष की इसी तिमाही की तुलना में नियोजित श्रमिकों की संख्या में लगभग 5 प्रतिशत की वृद्धि हुई।
  • जुलाई–सितंबर 2026 में उद्यम पंजीकरण बढ़कर 43.28 प्रतिशत हो गया, जो जुलाई–सितंबर 2025 की तुलना में 6 प्रतिशत से अधिक अंक की वृद्धि है।
  • नकदी रहित लेनदेन को व्यापक स्वीकृति मिलती रही, लगभग 10 में से 8 प्रतिष्ठानों (80 प्रतिशत) ने लेन-देन के नकदी रहित माध्यमों को अपनाए।

 

एनएसओ ने जुलाई से सितंबर 2026 तिमाही के लिए अनिगमित गैर-कृषि क्षेत्र के अनुमान जारी किए।

उच्च-आवृत्ति संकेतकों की उपलब्धता को मजबूत करने की अपनी प्रतिबद्धता के अनुरूप सांख्यिकी और कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय (एमओएसपीआई) के राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय (एनएसओ) द्वारा वर्ष 2025 से अनिगमित गैर-कृषि क्षेत्र के प्रमुख निष्कर्षों पर त्रैमासिक बुलेटिन प्रकाशित किए जा रहे है। जुलाई–सितंबर 2026 की अवधि के लिए वर्तमान विज्ञप्ति अनिगमित क्षेत्र के उद्यमों के वार्षिक सर्वेक्षण (एएसयूएसई) त्रैमासिक संस्करण है और इस क्षेत्र के प्रमुख त्रैमासिक अनुमान प्रस्तुत करता है। क्यूबीयूएसई भारतीय अर्थव्यवस्था के सबसे गतिशील क्षेत्रों में से एक संबंध में समयबद्ध, विश्वसनीय और उपयोगी आंकड़े उपलब्ध कराने की एनएसओ की निरंतर प्रतिबद्धता को रेखांकित करता है। ये आंकड़े सूचित नीति निर्माण, अनुसंधान और साक्ष्य-आधारित निर्णय लेने में सहायक हैं।

जहाँ एएसयूएसई वित्तीय और गैर-वित्तीय संकेतकों के व्यापक समूह पर विस्तृत वार्षिक अनुमान प्रकाशित करना जारी रखेगा, वहीं क्यूबीयूएसई इसी रूपरेखा का उपयोग करते हुए अनिगमित गैर-कृषि उद्यमों के आकार, संरचना और रोजगार संबंधी स्वरूप के आवधिक त्रैमासिक अनुमान प्रस्तुत  करता है। त्रैमासिक आंकड़ों का उद्देश्य इस क्षेत्र में अल्पकालिक गतिविधिगत परिवर्तनों का आकलन करना है।

अनिगमित गैर-कृषि क्षेत्र भारतीय अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। ये सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) में प्रमुख योगदानकर्ता, रोजगार का एक महत्वपूर्ण स्रोत, तथा स्थानीय उद्यमशीलता  और आपूर्ति श्रृंखलाओं का एक प्रमुख चालक है। इसके महत्व को ध्यान में रखते हुए एनएसओ ने वर्ष 2021–22 में एएसयूएसई की शुरुआत की। इसके बाद लगातार तीन वार्षिक सर्वेक्षण किए गए, जिनसे इस क्षेत्र की संरचना, परिचालन और आर्थिक प्रदर्शन के संबंध में व्यापक एवं सुसंगत जानकारी प्राप्त हुई। यह प्रेस विज्ञप्ति जुलाई - सितंबर, 2026 तिमाही के त्रैमासिक बुलेटिन से संबंधित है। यह मंत्रालय की वेबसाइट (https://mospi.gov.in) पर उपलब्ध है।

एएसयूएसई 2026 के दायरे, नमूना चयन पद्धति और आंकड़ा संग्रहण तंत्र का संक्षिप्त विवरण  अंत में दिए गए टिप्पणी खंड में प्रस्तुत किया गया है।

जुलाई - सितंबर, 2026 तिमाही के परिणामों की मुख्य विशेषताएं:

अनिगमित क्षेत्र ने वर्ष-दर-वर्ष मजबूत वृद्धि दर्ज की

अनिगमित गैर-कृषि क्षेत्र में प्रतिष्ठानों की संख्या में वर्ष-दर-वर्ष 18.81 प्रतिशत की मजबूत वृद्धि दर्ज की गई। जुलाई–सितंबर 2026 के दौरान प्रतिष्ठानों की अनुमानित संख्या बढ़कर 9.47 करोड़ हो गई, जबकि पिछले वर्ष की इसी तिमाही में यह संख्या 7.97 करोड़ थी। शहरी क्षेत्रों में 22.05 प्रतिशत की उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई और वे इस विस्तार के प्रमुख चालक के रूप में उभरे।  वहीं, ग्रामीण क्षेत्रों में भी 16.05 प्रतिशत की मजबूत वृद्धि दर्ज की गई।

वर्ष-दर-वर्ष सर्वाधिक वृद्धि दर्ज करने वाले शीर्ष पांच औद्योगिक क्षेत्र खुदरा व्यापार, मरम्मत एवं रखरखाव सेवाएं, भूमि परिवहन संबंधी गतिविधियां, व्यक्तिगत सेवा संबंधी गतिविधियां और परिधान निर्माण हैं।  

कार्यबल संबंधी रूझान: जुलाई–सितंबर 2026 के दौरान अनिगमित गैर-कृषि क्षेत्र में श्रमिकों की अनुमानित संख्या बढ़कर 15.03 करोड़ हो गई। पिछले वर्ष की इसी तिमाही की तुलना में इसमें  16.86 प्रतिशत की मजबूत वर्ष-दर-वर्ष वृद्धि दर्ज की गई। इस विस्तार में सेवा क्षेत्र एक प्रमुख चालक के रूप में उभरा। इस क्षेत्र के अनुमानित कार्यबल में 33 प्रतिशत से अधिक की उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई।

त्रैमासिक आंकड़ों के आधार पर प्रतिष्ठानों और श्रमिकों की अनुमानित संख्या चित्र 1 में दी गई है:

कार्यबल की संरचना में बदलाव:

जुलाई–सितंबर 2026 तिमाही के दौरान अनिगमित क्षेत्र के कुल कार्यबल में स्वयं काम करने वाले  मालिकों की हिस्सेदारी सबसे अधिक बनी रही। कुल श्रमिकों में उनकी हिस्सेदारी 61.99 प्रतिशत रही, जबकि पिछले वर्ष की इसी तिमाही में यह 59.98 प्रतिशत थी। कुल रोजगार में नियोजित  श्रमिकों की हिस्सेदारी में कमी आने के बावजूद नियोजित श्रमिकों की कुल संख्या में इसी अवधि के दौरान लगभग 5 प्रतिशत की वृद्धि हुई। 

जुलाई–सितंबर 2026 के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार की वृद्धि शहरी क्षेत्रों की तुलना में मामूली रूप से अधिक रही। ग्रामीण क्षेत्रों में वर्ष-दर-वर्ष 17.52 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई, जबकी शहरी क्षेत्रों में ये वृद्धि 16.30 प्रतिशत रही।

व्यापक गतिविधि श्रेणियों (विनिर्माण, व्यापार और अन्य सेवाएं) के अंतर्गत प्रतिष्ठानों तथा श्रमिकों की प्रतिशत हिस्सेदारी क्रमशः चित्र 2 और चित्र 3 में दी गई है।

चित्र 2: व्यापक गतिविधि श्रेणियों के अंतर्गत प्रतिष्ठानों की प्रतिशत हिस्सेदारी (जुलाई-सितंबर '26)

चित्र 3: व्यापक गतिविधि श्रेणियों में श्रमिकों की प्रतिशत हिस्सेदारी (जुलाई-सितंबर '26)

 

 

सेवा क्षेत्र लगातार विकास का प्रमुख चालक बना हुआ है: 

इस क्षेत्र का विस्तार व्यापक स्तर पर बना रहा। हालांकि, सभी क्षेत्रों में अन्य सेवा क्षेत्र ने वर्ष-दर-वर्ष सर्वाधिक वृद्धि दर्ज की। इस क्षेत्र में प्रतिष्ठानों की अनुमानित संख्या 29 प्रतिशत और रोजगार में 33 प्रतिशत की वृद्धि हुई। इसके बाद व्यापार क्षेत्र का स्थान रहा, जिसमें प्रतिष्ठानों की संख्या में 11.70 प्रतिशत और रोजगार में 8.36 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। विनिर्माण क्षेत्र में भी मजबूत वृद्धि दर्ज की गई। इस क्षेत्र में प्रतिष्ठानों की संख्या में वर्ष-दर-वर्ष 10.55 प्रतिशत और रोजगार में 3.52 प्रतिशत की वृद्धि हुई।

महिलाओं की भागीदारी:

इस क्षेत्र के कुल रोजगार में महिलाओं की हिस्सेदारी 31 प्रतिशत से अधिक रही और इसमें वृद्धी भी दर्ज की गई। यह जुलाई-सितंबर 2025 में दर्ज 28.70 प्रतिशत की हिस्सेदारी  से थोड़ी अधिक है। महिलाओं की बढ़ती भागीदारी रोजगार के अवसरों का विस्तार करने और समावेशी आर्थिक विकास को बढ़ावा देने इल क्षेत्र की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित करती है।

डिजिटल अपनाने और औपचारिकिकरण में प्रगति:

अनिगमित गैर-कृषि क्षेत्र के उद्यमों में इंटरनेट का उपयोग अर्थव्यवस्था के प्रतिष्ठानों में डिजिटल प्रौद्योगिकी अपनाने की उत्साहजनक प्रवृत्ति को दर्शाता है। सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी (आईसीटी) के उपयोग से संबंधित आंकड़ों के अनुसार अनिगमित क्षेत्र के लगभग 84 प्रतिशत प्रतिष्ठानों ने उद्यमशीलता संबंधी कार्यों के लिए इंटरनेट का उपयोग किया है। इसके अतिरिक्त लगभग 80 प्रतिशत प्रतिष्ठानों ने लेन-देन के नकदी रहित माध्यमों को अपनाया हैं। इनमें ऑनलाइन बैंकिंग, यूपीआई, पीओएस डिवाइस और अन्य डिजिटल भुगतान प्रणालियां शामिल हैं।

 

 

किसी न किसी रूप में पंजीकरण कराने वाले प्रतिष्ठानों का अनुमानित प्रतिशत 43.28 रहा। ये  पिछले वर्ष की इसी तिमाही में दर्ज स्तर से 6 प्रतिशत से अधिक अंक की वृद्धी दर्शाता है। इससे उद्यमों के नियामक व्यवस्थाओं के साथ बढ़ते एकीकरण की प्रवृत्ति का संकेत मिलता है।

 

 

जुलाई-सितंबर 2026 तिमाही के लिए क्यूबीयूएसई के प्रमुख संकेतक:

संकेतक

जुलाई - सितंबर 2026

प्रतिष्ठानों की संख्या ('00 में)

9,47,159

एकल स्वामित्व एवं साझेदारी वाले प्रतिष्ठानों का प्रतिशत

98.80

नियोजित श्रमिकों वाले प्रतिष्ठानों का प्रतिशत

12.16

श्रमिकों की संख्या ('00 में)

15,02,790

नियोजित श्रमिकों की संख्या ('00 में)

3,48,940

स्वयं काम करने वाले मालिकों की प्रतिशत हिस्सेदारी

61.99

नियोजित श्रमिकों की प्रतिशत हिस्सेदारी

23.22

अन्य श्रमिकों की प्रतिशत हिस्सेदारी (अवैतनिक पारिवारिक श्रमिकों सहित)

14.79

अंत में टिप्पणी: अनिगमित क्षेत्र के उद्यमों के वार्षिक सर्वेक्षण (एएसयूएसई) के दायरे, नमूना चयन योजना और आंकड़ा संग्रहण तंत्र का संक्षिप्त विवरण:

ए. सर्वेक्षण का दायरा:

ए.1. भौगोलिक रूप से इस सर्वेक्षण में पूरे भारत के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों को शामिल किया गया है। हालांकि, अंडमान एवं निकोबार द्वीपसमूह के कुछ ऐसे गांवों को इसमें शामिल नहीं किया गया है, जहाँ पहुंचना कठिन है।

ए.2. क्षेत्रवार इस सर्वेक्षण में तीन क्षेत्रों से संबंधित अनिगमित गैर-कृषि प्रतिष्ठानों को शामिल किया गया है। ये क्षेत्र हैं- विनिर्माण, व्यापार और अन्य सेवाएं।

ए.3. स्वामित्व के आधार पर इस सर्वेक्षण में एकल स्वामित्व, साझेदारी (सीमित देयता भागीदारी को छोड़कर), सहकारी समितियों, सोसाइयों/न्यासों आदि से संबंधित अनिगमित गैर-कृषि प्रतिष्ठानों को शामिल किया गया है।

बी. नमूना चयन योजना:

यह सर्वेक्षण बहु-चरणीय स्तरीकृत नमूना चयन योजना के अनुसार किया गया है। इसमें प्रथम चरण इकाइयाँ (एफएसयू) ग्रामीण क्षेत्रों में जनगणना गांव हैं (ग्रामीण केरलम के मामले में पंचायत वार्डों को प्रथम चरण की इकाइयों के रूप में लिया गया है), जबकि शहरी क्षेत्रों में यूएफएस (शहरी फ्रेम सर्वेक्षण) ब्लॉक प्रथम चरण की इकाइयां हैं, जिन्हें समय-समय पर अद्यतन किया जाता है। दोनों क्षेत्रों में अंतिम चरण की इकाइयां (यूएसयू) प्रतिष्ठान हैं। बड़े प्रथम चरण की इकाइयों के मामले में नमूना चयन का एक मध्यवर्ती चरण भी अपनाया गया है। इसके अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों में टोला समूहों और शहरी क्षेत्रों में उप-ब्लॉकों को शामिल किया गया है।

सी. नमूना आकार:

अखिल भारतीय स्तर पर जुलाई, 2026 से सितंबर, 2026 की तिमाही के दौरान प्रथम चरण की कुल 6,002 इकाइयों का सर्वेक्षण किया गया। इनमें ग्रामीण क्षेत्र के 2,411 गांव और शहरी क्षेत्र के 3,591 यूएफएस ब्लॉक शामिल हैं। इसमें अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह, लक्षद्वीप, लद्दाख तथा अरुणाचल प्रदेश और नागालैंड के ग्रामीण क्षेत्रों के प्रथम चरण की इकाइयां शामिल नहीं हैं। इन क्षेत्रों को इस त्रैमासिक बुलेटिन में शामिल नहीं किया गया है, क्योंकि कठिन क्षेत्रीय परिस्थितियों के कारण क्षेत्रिय कार्य के दौरान यहाँ सब-राउंड संबंधी प्रतिबंध लागू नहीं किए गए थे। तदनुसार, इन राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों/क्षेत्रों को छोड़कर इस बुलेटिन के लिए कुल 1,80,025 प्रतिष्ठानों  का सर्वेक्षण किया गया और उन्हें शामिल किया गया। इनमें ग्रामीण क्षेत्रों के 77,038 तथा शहरी क्षेत्रों के 1,02,987 प्रतिष्ठान शामिल हैं।

डी. आंकड़ा संग्रह तंत्र:

यह सर्वेक्षण क्षेत्र-आधारित फ्रेमवर्क के आधार पर किया गया है। ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों की चयनित प्रथम चरण की इकाइंयों में प्रतिष्ठानों की सूची तैयार की गई और इन सूचीबद्ध प्रतिष्ठानों में से नमूना चयन की रूपरेखा के अनुसार आवश्यक संख्या में प्रतिष्ठानों का सर्वेक्षण किया गया। अधिकांश मामलों में मौखिक पूछताछ के माध्यम से 'मासिक' संदर्भ अवधि से संबंधित आंकड़ें  एकत्र किए गए। सर्वेक्षण के आंकड़ें कंप्यूटर सहायता प्राप्त व्यक्तिगत साक्षात्कार (सीएपीआई) प्रणाली का उपयोग करते हुए टैबलेट के माध्यम से एकत्र किए गए।

ई. एएसयूएसई के पूर्व में जारी अनुमानों के साथ त्रैमासिक परिणामों की तुलनीयता और सावधानियाँ:

इस त्रैमासिक बुलेटिन में प्रस्तुत अनुमान संबंधित संदर्भ तिमाही के अनिगमित गैर-कृषि क्षेत्र से विशेष रूप से संबंधित हैं। इस बुलेटिन में वर्तमान वर्ष की संबंधित तिमाही की तुलना पिछले वर्ष की इसी तिमाही से की गई है। वर्ष-दर-वर्ष की ऐसी तुलना से मौसमी बदलावों (यदि कोई हों) का प्रभाव ध्यान में रखा जाता है और दो वर्षों की समान अवधियों के बीच तुलना होने के कारण  वार्षिक वृद्धि के रुझानों का अधिक सार्थक आकलन संभव होता है।

यद्यपि एएसयूएसई की नमूना चयन योजना में क्षेत्र-आधारित फ्रेमवर्क का उपयोग करके त्रैमासिक अनुमान तैयार करने का प्रावधान है, तथापि त्रैमासिक नमूने का आकार वार्षिक नमूने की तुलना में काफी कम है। इसके अतिरिक्त, ग्रामीण क्षेत्र के लिए उपयोग किए जाने वाला क्षेत्र-आधारित फ्रेमवर्क जनगणना 2011 पर आधारित है। इस बुलेटिन को तैयार करते समय नमूने की पर्याप्तता और अनुमानों की विश्वसनीयता का समुचित ध्यान रखा गया है।

सर्वेक्षण को हितधारकों की आवश्यकताओं के अनुरूप प्रासंगिक और उत्तरदायी बनाए रखने के निरंतर प्रयास के तहत एएसयूएसई 2026 में कुछ बदलाव किए गए हैं। एएसयूएसई प्रश्नावली के आईसीटी खंड को व्यापक रूप से नए सिरे से तैयार किया गया है। इसमें अधिक नीतिगत दृष्टिकोण वाले प्रश्न शामिल किए गए हैं, ताकि इस क्षेत्र में आईसीटी के उपयोग की सीमा और प्रकृति का  बेहतर आकलन किया जा सके। इसके अतिरिक्त, एएसयूएसई 2026 में पहले के सर्वेक्षण दौरों में प्रयुक्त एनआईसी 2008 के स्थान पर एनआईसी 2025 को आपनाया गया है। इसके परिणामस्वरूप,  कुछ गतिविधियां, जैसे मोटर वाहनों का रखरखाव एवं मरम्मत तथा मोटरसाइकिसों, मोपेड, स्कूटरों और तिपहिया वाहनों का रखरखाव एवं मरम्मत, जिन्हें एनआईसी 2008 के अंतर्गत व्यापार क्षेत्र में शामिल किया जाता था, अब एनआईसी 2025 के अंतर्गत सेवा क्षेत्र में शामिल की जा रही हैं। तदनुसार, इन गतिविधियों में संलग्न सभी प्रतिष्ठानों की गणना अब एएसयूएसई 2026 में "अन्य सेवाओं" के अंतर्गत की जा रही हैं।

इसलिए, उपयोगकर्ताओं को नमूना संबंधी परिवर्तनशीलता, गतिविधियों के स्तर में अल्पकालिक उतार-चढ़ाव तथा वर्गीकरण और प्रश्नावली में किए गए बदलावों को ध्यान में रखते हुए त्रैमासिक परिवर्तनों की व्याख्या सावधानीपूर्वक करनी चाहिए। यह ध्यान रखना महत्वपूर्ण है कि एएसयूएसई में गैर-कृषि अर्थव्यवस्था के एक केवल एक हिस्से को शामिल किया जाता है। इसमें विनिर्माण, व्यापार और सेवा क्षेत्रों के अनिगमित प्रतिष्ठान शामिल हैं (निर्माण को छोड़कर)। इसलिए, क्यूबीयूएसई में प्रस्तुत अनिगमित क्षेत्र के त्रैमासिक परिणामों में दिखाई देने वाले रुझान पूरी अर्थव्यवस्था को समाहित करने वाले संबंधित त्रैमासिक जीडीपी अनुमानों के अनुरूप सीधे तौर पर हों, यह आवश्यक नहीं हैं। जहाँ प्रासंगिक हो, वहाँ त्रैमासिक बुलेटिन में प्रस्तुत अनुमानों के साथ विश्वास अंतराल भी दिए गए हैं, ताकि इन अनुमानों की सूचित एवं उचित व्याख्या की जा सके।

 

जुलाई–सितंबर, 2026 तिमाही का त्रैमासिक बुलेटिन मंत्रालय की वेबसाइट (https://www.mospi.gov.in) पर उपलब्ध है। प्रकाशन/रिपोर्ट को देखने के लिए नीचे दिए गए क्यूआर कोड को स्कैन करें।

 

****

पीके/केसी/आरटी/आईएम/एनजे

 


(रिलीज़ आईडी: 2340568) आगंतुक पटल : 29
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu , Gujarati , Tamil , Kannada