युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

माय भारत द्वारा संविधान दिवस पर ‘युवा संवाद’ का आयोजन; ‘विकसित भारत@2047’ विषय के अंतर्गत 30 से अधिक राज्यों/केंद्रशासित प्रदेशों के 600 से अधिक जिलों में होंगे कार्यक्रम


देशभर के विद्यार्थियों को देश की उपलब्धियों, संवैधानिक मूल्यों और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका से जोड़ने की पहल; प्रतिभागी सामूहिक रूप से करेंगे संविधान की उद्देशिका का वाचन

प्रविष्टि तिथि: 23 NOV 2026 1:00PM by PIB Delhi

युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय मेरा युवा भारत (माय भारत) के माध्यम से संविधान दिवस के अवसर पर 24 से 26 नवंबर, 2026 तक ‘विकसित भारत युवा संवाद’ का आयोजन करेगा। यह कार्यक्रम 30 से अधिक राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के 600 से अधिक जिलों के 500 से अधिक कॉलेजों में आयोजित किया जाएगा। इस राष्ट्रव्यापी पहल का उद्देश्य 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं को भारत की विकास यात्रा, उपलब्धियों और भविष्य की आकांक्षाओं से जोड़ना है। उन्हें वर्ष 2047 तक देश को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प में सक्रिय भागीदार बनने के लिए प्रेरित करना है।

संविधान दिवस की भावना के अनुरूप, विभिन्न शिक्षण संस्थानों में प्रतिभागी सामूहिक रूप से भारत के संविधान की उद्देशिका (प्रस्तावना) का वाचन करेंगे। इसके माध्यम से वे संवैधानिक मूल्यों और संविधान में निहित आदर्शों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराएंगे। यह कार्यक्रम संवादात्मक चर्चाओं और जागरूकता सत्रों के माध्यम से युवाओं को जोड़ने के लिए एक राष्ट्रव्यापी मंच भी प्रदान करेगा। इसके जरिए उन्हें भारत की प्रगति, उभरते अवसरों और देश के भविष्य को आकार देने में अपनी भूमिका पर विचार-विमर्श करने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।

इस विजन को जमीनी स्तर पर सार्थक भागीदारी में बदलने के लिए प्रतिष्ठित युवा आइकॉन विभिन्न भाग लेने वाले विश्वविद्यालयों और कॉलेजों में सत्रों का नेतृत्व करेंगे। इन कार्यक्रमों के प्रमुख हिस्से के रूप में प्रत्येक युवा आइकॉन ‘विकसित भारत@2047’ विषय पर विशेष रूप से तैयार प्रस्तुति देगा। इसमें विद्यार्थियों को देश की विकास यात्रा, हाल के वर्षों की उपलब्धियों और वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनने की आकांक्षाओं से परिचित कराया जाएगा।

इस प्रस्तुति में गरीबी उन्मूलन और सामाजिक-आर्थिक बदलाव के क्षेत्र में देश की प्रगति को रेखांकित किया जाएगा। इसमें समावेशी विकास और कल्याणकारी पहलों के माध्यम से लाखों लोगों के जीवन स्तर और आजीविका के अवसरों को बेहतर बनाने के प्रयासों को भी दर्शाया जाएगा। नक्सलवाद पर अंकुश लगाने, शांति बहाल करने और पहले नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में विकास के अनुकूल वातावरण तैयार करने में भारत की महत्वपूर्ण प्रगति को भी प्रस्तुत किया जाएगा।

एक स्वस्थ, सशक्त और नशामुक्त समाज के निर्माण के महत्व पर भी जोर दिया जाएगा। इसमें बताया जाएगा कि नशीले पदार्थों का सेवन किस प्रकार व्यक्ति की क्षमताओं, पारिवारिक खुशहाली, सामाजिक प्रगति और राष्ट्रीय उत्पादकता को प्रभावित करता है। प्रस्तुति में इस बात को रेखांकित किया जाएगा कि नशामुक्त भारत, विकसित भारत@2047 के सपने को साकार करने की बुनियादी आवश्यकता है। इस बदलाव को आगे बढ़ाने में युवाओं की भूमिका निर्णायक होगी।

इन संवादों को और अधिक सार्थक बनाने के लिए पद्म पुरस्कार से सम्मानित हस्तियां भी विद्यार्थियों से बातचीत करेंगी। वे अपने जीवन के अनुभव, व्यक्तिगत संघर्ष तथा विचार साझा करेंगी। वे अपनी यात्रा में आई चुनौतियों, हासिल की गई उपलब्धियों और उन मूल्यों के बारे में बताएंगी, जिन्होंने उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। इन संवादों से युवा प्रतिभागियों को उनके अनुभवों से प्रेरणा लेने तथा राष्ट्र निर्माण में योगदान देने के लिए समर्पण, दृढ़ता और प्रतिबद्धता के महत्व को समझने का अवसर मिलेगा।

यह पहल प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के उस विजन से प्रेरित है, जिसे उन्होंने 15 अगस्त, 2023 को लाल किले की प्राचीर से दिए गए संबोधन में व्यक्त किया था। उस अवसर पर उन्होंने विकसित भारत@2047 के लक्ष्य को साकार करने में युवा शक्ति की महत्वपूर्ण भूमिका का आह्वान किया था। राष्ट्र निर्माण में अमृत पीढ़ी को एक प्रमुख शक्ति मानते हुए, इस कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं की ऊर्जा और नेतृत्व क्षमता को इस राष्ट्रीय विजन की प्राप्ति की दिशा में लगाना है।

विकसित भारत@2047 के विजन को धरातल पर उतारने के लिए माय भारत पोर्टल (mybharat.gov.in) पंजीकरण और कार्यक्रम से जुड़ी गतिविधियों के लिए डिजिटल मंच के रूप में कार्य करेगा। इससे युवाओं की व्यापक भागीदारी सुनिश्चित करने और उन्हें माय भारत इकोसिस्टम से जोड़ने में मदद मिलेगी। संस्थागत पहुंच और डिजिटल माध्यम से सहभागिता को एक साथ जोड़कर इस पहल का उद्देश्य देशभर के युवाओं को भागीदारी के अवसर उपलब्ध कराना और उन्हें स्वयंसेवा आधारित सार्थक गतिविधियों से जुड़ने के लिए प्रोत्साहित करना है।

इस कार्यक्रम के माध्यम से भाग लेने वाले कॉलेजों और विश्वविद्यालयों के साथ दीर्घकालिक संस्थागत जुड़ाव भी स्थापित किया जाएगा। इन संस्थानों में आगे चलकर माय भारत चैप्टर स्थापित किए जा सकते हैं, ताकि युवाओं की निरंतर भागीदारी को बढ़ावा दिया जा सके, स्वयंसेवा की भावना को प्रोत्साहित किया जा सके और माय भारत की भावी पहलों के कार्यान्वयन में सहयोग मिल सके। इससे सामाजिक रूप से जिम्मेदार और प्रेरित युवा नागरिकों का एक ऐसा नेटवर्क तैयार करने में मदद मिलेगी, जो कार्यक्रम के बाद भी सहभागिता, नेतृत्व और सेवा की भावना को आगे बढ़ा सकेगा।

‘विकसित भारत युवा संवाद’ के माध्यम से माय भारत का उद्देश्य अमृत पीढ़ी की ऊर्जा, विचारों और क्षमता को विकसित भारत@2047 के राष्ट्रीय विजन की दिशा में लगाना है। भारत की विकसित राष्ट्र बनने की यात्रा समावेशी विकास, सामाजिक बदलाव, शांति एवं सुरक्षा और नागरिकों के सशक्तीकरण पर आधारित है। नशामुक्त भारत केवल एक सामाजिक आकांक्षा नहीं, बल्कि एक राष्ट्रीय आवश्यकता है, जिसकी पूर्ति के लिए प्रत्येक युवा की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। ‘विकसित भारत के लिए नशामुक्त युवा’ के संदेश के साथ इस कार्यक्रम का उद्देश्य जागरूकता को कार्रवाई में, संवाद को संकल्प में और युवाओं की भागीदारी को बदलाव के राष्ट्रव्यापी अभियान में बदलना है।

इस संविधान दिवस पर माय भारत देश के युवाओं से सामूहिक रूप से संविधान की उद्देशिका का वाचन करने, उसमें निहित आदर्शों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराने और स्वस्थ, सशक्त एवं नशामुक्त भारत के निर्माण के लिए अपनी आवाज बुलंद करने का आह्वान करता है। विकसित भारत@2047 की यात्रा केवल युवाओं की आकांक्षाओं से ही नहीं, बल्कि आज उनके द्वारा लिए गए निर्णयों और किए गए कार्यों से भी आकार लेगी।

पंजीकरण, कार्यक्रम से जुड़ी नवीनतम जानकारी और माय भारत की पहलों में भागीदारी के अवसरों के लिए www.mybharat.gov.in पर जाएं।

 

***

पीके/केसी/आरटी/एचएन/एसके


(रिलीज़ आईडी: 2340290) आगंतुक पटल : 54
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: Urdu , English , Gujarati , Kannada