57th International Film Festival of India 2026
20 – 28 Nov 2026

57वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (आईएफएफआई) में ‘क्रिएटिव माइंड्स ऑफ टुमॉरो’ (सीएमओटी) के छठे संस्करण का उद्घाटन


देशभर की 100 युवा रचनात्मक प्रतिभाएं ‘रूट्स एंड विंग्स: ऑनरिंग अवर रूट्स, एम्‍ब्रेसिंग अवर फ्यूचर’ विषय पर 48 घंटे की फिल्म निर्माण चुनौती में भाग लेंगी

सूचना एवं प्रसारण सचिव श्री चंचल कुमार ने युवा फिल्म निर्माताओं से अपनी जड़ों और संस्कृति से प्रेरणा लेने का आग्रह किया

प्रविष्टि तिथि: 21 NOV 2026 2:39PMby PIB Delhiरिलीज़ आईडी: 2339569Views: 36

सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय की पहल ‘क्रिएटिव माइंड्स ऑफ टुमॉरो’ (सीएमओटी) के छठे संस्करण का आज 57वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (आईएफएफआई) के अंतर्गत गोवा की कला अकादमी में उद्घाटन किया गया। इस पहल का कार्यान्वयन राष्ट्रीय फिल्म विकास निगम (एनएफडीसी) द्वारा किया जा रहा है।

यह पहल देशभर के 100 युवा रचनात्मक प्रतिभाओं को एक साथ लाती है और उन्हें आपस में सहयोग करने, अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने तथा फिल्म उद्योग से जुड़ने और अनुभव प्राप्त करने का मंच प्रदान करती है।

उद्घाटन समारोह में सूचना एवं प्रसारण सचिव श्री चंचल कुमार, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के अपर सचिव श्री प्रभात, एफटीआईआई के कुलसचिव श्री लौकिक परख, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के संयुक्त सचिव श्री के.के. निराला, एनएफडीसी के अध्यक्ष श्री जी. कृष्णकुमार तथा एनएफडीसी के महाप्रबंधक श्री गौतम भनोत उपस्थित थे।

सूचना एवं प्रसारण सचिव श्री चंचल कुमार ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि यहां उपस्थित प्रत्येक प्रतिभागी पहले ही अपनी प्रतिभा की छाप छोड़ चुका है। अगले 48 घंटे उन्हें अपनी प्रतिभा को एक फिल्म के रूप में प्रस्तुत करने का अवसर प्रदान करेंगे।

उन्होंने कहा कि हमारी जड़ें संस्कृति, भाषा और अनुभवों से जुड़ी होती हैं, जबकि हमारे सपने कल्पनाशीलता, जिज्ञासा और कुछ नया करने के साहस से जन्म लेते हैं। फ्रांसीसी दार्शनिक जोसेफ जुबेर का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि कल्पनाशीलता हमें सपने देखने में मदद करती है, कला-कौशल सीखने से उन सपनों को दिशा मिलती है और हमारी जड़ें हमारी कहानियों को भावनात्‍मक गहराई प्रदान करती हैं।

उन्होंने प्रतिभागियों से आग्रह किया कि वे अपनी उत्पत्ति और परिवेश से प्रेरणा लें, लेकिन अपनी कहानियों की पहुंच को सीमित न रखें। उन्होंने कहा कि भारत के किसी छोटे गांव से निकलने वाली कहानी, यदि ईमानदारी से कही जाए, तो दुनिया भर के दर्शकों के दिलों को छू सकती है।

उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि सिनेमा एक सामूहिक कला है। उन्होंने प्रतिभागियों से एक-दूसरे की बात सुनने, अपने साथियों पर भरोसा करने, प्रयोग करने, रचनात्मक जोखिम उठाने और इस पूरी प्रक्रिया का आनंद लेने का आह्वान किया। उन्होंने अंत में प्रतिभागियों से आग्रह किया कि वे अपनी जड़ों को साथ लेकर चलें, अपनी कल्पनाओं को उड़ान भरने दें और अपनी कहानियों को दुनिया के सामने प्रस्तुत करें।

उद्घाटन समारोह का एक प्रमुख आकर्षण 48 घंटे की फिल्म निर्माण चुनौती का औपचारिक शुभारंभ था। सचिव ने विशेष रूप से तैयार फिल्म क्लैपबोर्ड पर औपचारिक रूप से ताली बजाकर इस चुनौती के छठे संस्करण की शुरुआत की।

वर्ष 2026 के प्रतिभागियों के समूह में 100 प्रतिभागी शामिल हैं, जो फिल्म निर्माण की 13 विधाओं का प्रतिनिधित्व करते हैं। इनमें निर्देशन, अभिनय, सिनेमैटोग्राफी, संपादन एवं सबटाइटलिंग, पटकथा लेखन, पार्श्व गायन, संगीत रचना, ध्वनि रिकॉर्डिंग, वेशभूषा डिजाइन, हेयर एवं मेकअप, कला निर्देशन, एनीमेशन, विजुअल इफेक्ट्स (वीएफएक्‍स), ऑगमेंटेड रियलिटी (एआर), वर्चुअल रियलिटी (वीआर) तथा वॉइस-ओवर एवं डबिंग शामिल हैं।

पुणे स्थित फिल्म एवं टेलीविजन संस्थान (एफटीआईआई) द्वारा एनएफडीसी के सहयोग से आयोजित इस 48 घंटे की फिल्म निर्माण चुनौती में प्रतिभागियों की 5 टीमें मिलकर 48 घंटे की निर्माण अवधि के भीतर लघु फिल्मों की परिकल्पना और निर्माण करेंगी। तैयार फिल्मों का आईएफएफआई में विशेष प्रदर्शन किया जाएगा और फिल्म उद्योग के प्रतिष्ठित पेशेवरों की जूरी द्वारा उनका मूल्यांकन किया जाएगा।

 

 

 

सीएमओटी टैलेंट कैंप प्रतिभागियों को मीडिया और मनोरंजन उद्योग से और अधिक मजबूती से जोड़ेगा। इसके माध्यम से उन्हें प्रोडक्शन हाउस, स्टूडियो, म्यूजिक लेबल, ओटीटी प्लेटफॉर्म, प्रसारकों और उद्योग के अन्य हितधारकों के साथ बातचीत करने के अवसर मिलेंगे।

वर्ष 2021 में अपनी शुरुआत के बाद से सीएमओटी उभरते हुए रचनात्मक पेशेवरों को मीडिया और मनोरंजन उद्योग से जोड़ने वाले एक मंच के रूप में विकसित हुआ है। इसके पूर्व प्रतिभागियों ने अंतरराष्ट्रीय फिल्म निर्माण परियोजनाओं में काम किया है और कान्स, बर्लिनेल, टोरंटो अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव तथा अंतरराष्ट्रीय एमी पुरस्कारों जैसे प्रतिष्ठित मंचों और समारोहों में पहचान हासिल की है। इस पहल की एक उल्लेखनीय उपलब्धि के रूप में, पिछले संस्करण के 18 प्रतिभागियों का चयन मुकेश छाबड़ा कास्टिंग कंपनी (एमसीसीसी) द्वारा किया गया। यह सीएमओटी के माध्यम से विकसित प्रतिभाओं को पेशेवर अवसरों में बदलने की दिशा में एक उत्साहजनक कदम है।

आईएफएफआईलॉयड यहां पढ़ें:

https://www.pib.gov.in/iffi/57/iffiLoid.aspx?yr=2026&lang=1&reg=48

* * *

पीके/केसी/आरटी/केपी


Great films resonate through passionate voices. Share your love for cinema with #IFFI2026 and #StoriesWithoutBorders. Tag us @pibindia on Instagram and @PIB_India on X, and we will help amplify your festival moments!

For accredited journalists, critics, bloggers, and vloggers seeking 1-on-1 interviews with filmmakers and festival juries, write to us at:
iffi.mediadesk@pib.gov.in with the subject line: Take One with PIB.


Official Release ID: 2339569
•
Media Centre: Goa
•
Festival Dates: Nov 20 – 28, 2026