प्रधानमंत्री कार्यालय
azadi ka amrit mahotsav

प्रधानमंत्री 21 नवम्‍बर को बिहार का दौरा करेंगे


प्रधानमंत्री वैशाली में लगभग 34,470 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे, आधारशिला रखेंगे और उन्हें राष्ट्र को समर्पित करेंगे

परियोजनाओं में सड़क संपर्क, ऊर्जा, शहरी बुनियादी ढांचा, जल संसाधन, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवा और परिवहन से संबंधित परियोजनाएं शामिल

प्रधानमंत्री गंगा नदी पर बना छह लेन वाला केबल-स्टे ब्रिज ‘नीतीश सेतु’ राष्ट्र को समर्पित करेंगे

इस पुल से यातायात की भीड़भाड़ कम होगी और उत्तर तथा दक्षिण बिहार के बीच संपर्क सुविधा मजबूत होगी

प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के 26,900 से अधिक लाभार्थियों का गृह प्रवेश समारोह भी आयोजित किया जाएगा।

प्रविष्टि तिथि: 20 NOV 2026 4:19PM by PIB Delhi

प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी 21 नवमबर, 2026 को बिहार का दौरा करेंगे। प्रधानमंत्री दोपहर लगभग 1:15 बजे वैशाली जिले में नीतीश सेतु का दौरा करेंगे। इसके बाद, दोपहर लगभग 2 बजे वे वैशाली में लगभग 34,470 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे, उन्हें राष्ट्र को समर्पित करेंगे और कई परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे। इस अवसर पर वे जनसमूह को संबोधित भी करेंगे।

इन परियोजनाओं में सड़क संपर्क, ऊर्जा, शहरी बुनियादी ढांचा, जल संसाधन, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवा, परिवहन और अन्य महत्वपूर्ण क्षेत्र शामिल हैं। इनका उद्देश्य पूरे राज्य में बुनियादी ढांचे को मजबूत करना और सार्वजनिक सेवाओं में सुधार करना है।

प्रधानमंत्री लगभग 4,280 करोड़ रुपये की लागत से गंगा नदी पर निर्मित एक्स्ट्राडोज्ड केबल-स्टे ब्रिज, नीतीश सेतु राष्ट्र को समर्पित करेंगे। 19.7 किलोमीटर लंबी यह परियोजना पटना जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-22 पर कच्ची दरगाह को वैशाली जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-322 पर बिदुपुर से जोड़ती है। इसमें 9.7 किलोमीटर लंबा मुख्य पुल और 10 किलोमीटर लंबी संपर्क सड़कें शामिल हैं।

यह पुल गंगा नदी पर एक महत्वपूर्ण अतिरिक्त आवागमन मार्ग उपलब्ध कराएगा। इससे मौजूदा महात्मा गांधी सेतु और जेपी सेतु पर यातायात का दबाव कम होगा तथा उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच यात्रा का समय घटेगा। इससे विशेष रूप से राघोपुर दियारा के निवासियों को लाभ होगा, क्योंकि पटना और स्वास्थ्य सेवा तथा शिक्षा जैसी आवश्यक सुविधाओं तक उनकी पहुंच बेहतर होगी। यह परियोजना कृषि उत्पादों और औद्योगिक वस्तुओं की आवाजाही को भी सुगम बनाएगी, बाजारों तक पहुंच बेहतर करेगी तथा पूरे क्षेत्र में व्यापार और वाणिज्य को बढ़ावा देगी। इससे बिहार के आर्थिक विकास में योगदान मिलेगा।

प्रधानमंत्री 15,600 करोड़ रुपये से अधिक की कई प्रमुख बुनियादी ढांचा और विकास परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे। प्रमुख सड़क परियोजनाओं में एनएच-19 के औरंगाबाद-चोरदाहा खंड, एनएच-227एफ के चोरमा-बैरगनिया खंड और एनएच-327 के उमगांव-सहरसा खंड का छह लेन में निर्माण शामिल है। इनके अलावा अन्य परियोजनाएं भी शामिल हैं।

ऊर्जा क्षेत्र में प्रधानमंत्री 1,320 मेगावाट की बक्सर ताप विद्युत परियोजना की यूनिट-2 (660 मेगावाट) का उद्घाटन करेंगे। इसके साथ ही वे ऊर्जा विभाग के अंतर्गत बिजली वितरण और पारेषण अवसंरचना से जुड़ी परियोजनाओं का भी उद्घाटन करेंगे। इनमें 1,130 करोड़ रुपये से अधिक की पुनर्गठित वितरण क्षेत्र योजना (आरडीएसएस) के तहत हानि कम करने से संबंधित कार्य भी शामिल हैं। उद्घाटन की जाने वाली अन्य परियोजनाओं में नहरों और तटबंधों का पुनरुद्धार एवं सुदृढ़ीकरण, नवादा के फुलवरिया बांध में फ्लोटिंग सोलर परियोजना और कहलगांव में सीवरेज अवसंरचना से संबंधित परियोजनाएं शामिल हैं। प्रधानमंत्री शैक्षणिक संस्थानों, आवासीय विद्यालयों, स्वास्थ्य सेवाओं, कृषि, खेल और लोक प्रशासन से संबंधित भवनों एवं सुविधाओं का भी उद्घाटन करेंगे। इन परियोजनाओं से सिंचाई, शहरी सेवाओं और आवश्यक सुविधाओं तक लोगों की पहुंच में सुधार होगा।

प्रधानमंत्री लगभग 14,450 करोड़ रुपये की अनेक परियोजनाओं की आधारशिला भी रखेंगे। इनमें 3,800 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से विकसित किए जाने वाले एनएच-139डब्ल्यू के साहेबगंज-अरेराज-बेतिया खंड का चार लेन में निर्माण तथा पीरपैंती सुपर थर्मल पावर परियोजना (3 x 800 मेगावाट) के लिए लगभग 3,350 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत वाली विद्युत निकासी परियोजना प्रमुख हैं।

प्रधानमंत्री बेगूसराय, बिहारशरीफ, पूर्णिया, हाजीपुर, मोतिहारी, दानापुर, खगड़िया, समस्तीपुर, बोधगया, सीतामढ़ी, सहरसा और अन्य शहरी क्षेत्रों में सीवरेज एवं जलापूर्ति परियोजनाओं की आधारशिला भी रखेंगे। अन्य परियोजनाओं में नहर प्रणालियों का आधुनिकीकरण, डॉ. भीमराव अंबेडकर आवासीय विद्यालय, आईआईटी पटना का रिसर्च पार्क एवं छात्रावास, इंजीनियरिंग और पॉलिटेक्निक संस्थान तथा आपातकालीन प्रतिक्रिया एवं पुलिस डेटा सेंटर से संबंधित बुनियादी ढांचा शामिल हैं।

प्रधानमंत्री 100 पीएम-ई-बसों को रवाना करेंगे, जिससे राज्य में स्वच्छ सार्वजनिक परिवहन को और बढ़ावा मिलेगा। प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के 26,900 से अधिक लाभार्थियों का गृह प्रवेश समारोह भी आयोजित किया जाएगा। यह शहरी परिवारों को आवास उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि होगी।

******

पीके/केसी/आरटी/केपी


(रिलीज़ आईडी: 2339232) आगंतुक पटल : 49
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu , Gujarati , Malayalam