सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

एनएचएआई ने स्पष्ट किया है कि वाहन बीमा नवीनीकरण संबंधी एसएमएस अलर्ट जन-जागरूकता पहल का हिस्सा हैं; टोल प्लाजा पर न तो चालान काटे जाएंगे और न ही जुर्माना लगाया जाएगा


प्रस्तावित पहल पूरी तरह से सूचनात्मक है, जिसका उद्देश्य समय पर बीमा  नवीनीकरण और वाहन स्वामित्व के प्रति जिम्मेदारी को प्रोत्साहित करना है

प्रविष्टि तिथि: 19 NOV 2026 2:58PM by PIB Delhi

भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) यह स्पष्ट करना चाहता है कि राष्ट्रीय राजमार्गों का उपयोग करने वाले कुछ वाहन चालकों को वाहन बीमा के नवीनीकरण के संबंध में वर्तमान में जो एसएमएस सूचनाएं प्राप्त हो रही हैं, वे प्रस्तावित जन-जागरूकता पहल की परीक्षण प्रक्रिया का हिस्सा हैं।

एनएचएआई ने इस बात पर जोर दिया है कि यह पहल पूरी तरह सूचनात्मक और परामर्शात्मक प्रकृति की है। इन सूचनाओं के संबंध में टोल प्लाजा पर चालान जारी करने अथवा कोई जुर्माना लगाने का प्रावधान नहीं है। राजमार्गों का उपयोग करने वाले वाहन चालकों को आश्वस्त किया जाता है कि यह एसएमएस प्रणाली टोल प्लाजा पर किसी भी प्रकार की प्रवर्तनात्मक या दंडात्मक कार्रवाई से जुड़ी हुई नहीं है। इन सूचनाओं का उद्देश्य  केवल वाहन मालिकों को उनकी मोटर बीमा पॉलिसियों की आगामी समाप्ति तिथियों के बारे में सचेत करना है, ताकि वे समय पर बीमा का नवीनीकरण करा सकें और बीमा कवरेज निरंतर बनाए रख सके।

अग्रिम रूप से अनुस्मारक उपलब्ध करा कर एनएचएआई का उद्देश्य वाहन स्वामित्व के प्रति जिम्मेदार व्यवहार को बढ़ावा देने तथा जागरूकता के माध्यम से सड़क सुरक्षा संबंधी  वैधानिक आवश्यकताओं के अनुपालन को प्रोत्साहित करना है। ऐसी पहलों के माध्यम से  एनएचएआई सड़क उपयोगकर्ताओं के सुरक्षित व्यवहार को प्रोत्साहित करने और समग्र सड़क सुरक्षा तंत्र को सुदृढ़ बनाने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराता है।

****

पीके/केसी/आरटी/आईएम/एनजे


(रिलीज़ आईडी: 2338469) आगंतुक पटल : 38
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Gujarati , Urdu , Marathi , Bengali , Kannada