विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

डॉ. जितेंद्र सिंह ने वैज्ञानिक अनुसंधान को वाणिज्यिक प्रौद्योगिकियों और नवाचार में बदलने पर ध्‍यान केन्द्रित करते हुए भारत-इटली सहयोगात्‍मक अनुसंधान को मजबूत करने आह्वान किया


स्टार्ट-अप इनक्यूबेशन, प्रौद्योगिकी सत्‍यापन, व्‍यावसायीकरण और उभरती प्रौद्योगिकियों में सहयोग पर ज़ोर देने के साथ दूसरा भारत-इटली विज्ञान एवं नवाचार संवाद सम्‍पन्‍न हुआ

प्रविष्टि तिथि: 13 NOV 2026 2:18PM by PIB Delhi

केंद्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी तथा पृथ्वी विज्ञान राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. जितेंद्र सिंह ने भारत-इटली के बीच सहयोगात्मक अनुसंधान को मजबूत करने का आह्वान किया है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि नवाचार, परिवर्तन और कौशल विकास को आगे बढ़ाने तथा विज्ञान-प्रेरित समाजों को वैश्विक स्तर पर प्रभाव डालने में सक्षम बनाने के लिए अग्रणी वैश्विक भागीदारों के साथ लक्षित अनुसंधान साझेदारियां आवश्यक है।

इटली की विश्वविद्यालय और अनुसंधान मंत्री सुश्री अन्ना मारिया बर्निनी के साथ रोम में द्वितीय भारत-इटली विज्ञान एवं नवाचार संवाद 2026 के समापन सत्र को संबोधित करते हुए डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा कि वैज्ञानिक क्षमताओं को अगले स्तर तक ले जाने के लिए सहयोगात्मक अनुसंधान अपरिहार्य है। उन्होंने भारत और इटली को अपने-अपने वैज्ञानिक और नवाचार तंत्रों की क्षमताओं का लाभ उठाते हुए पूरक और लक्षित अनुसंधान को आगे बढ़ाने के लिए मिलकर काम करना चाहिए।

संवाद के दूसरे संस्करण में उनकी सफल भागीदारी पर शैक्षणिक संस्थानों, अनुसंधान संस्थानों, इनक्यूबेटरों और प्रौद्योगिकी इनक्यूबेशन हब के भारतीय और इतालवी प्रतिनिधियों को बधाई देते हुए डॉ. जितेन्‍द्र सिंह ने इस सहभागिता और इससे द्विपक्षीय वैज्ञानिक सहयोग को मजबूत करने के लिए उपलब्‍ध हुए अवसरों पर संतोष व्यक्त किया।

डॉ. जितेंद्र सिंह ने स्‍मरण कराया कि वर्ष 2023 में भारत-इटली संबंधों को रणनीतिक साझेदारी का दर्जा दिया गया था। इसके बाद नवंबर 2024 में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और इटली की प्रधानमंत्री सुश्री जियोर्जिया मेलोनी ने 2025-2029 के लिए संयुक्त रणनीतिक कार्ययोजना (जेएसएपी) की घोषणा की, जो द्विपक्षीय सहयोग को मजबूत करने के लिए एक रोडमैप प्रदान करती है।

संयुक्त रणनीतिक कार्य योजना की अनुवर्ती क्रम में इटली के उप प्रधानमंत्री एवं विदेश मंत्री श्री एंटोनियो तजानी के नेतृत्व में तथा विश्वविद्यालय एवं अनुसंधान मंत्री सुश्री अन्ना मारिया बर्निनी सहित एक इटली के प्रतिनिधिमंडल ने अप्रैल 2025 में नई दिल्‍ली का दौरा किया था।

दोनों देशों के बीच वैज्ञानिक सहयोग की दीर्घकालिक नींव का उल्‍लेख करते हुए, डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा कि भारत और इटली के बीच विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी संबंधी पहला अंतर-सरकारी समझौता वर्ष 1978 में हस्ताक्षारित हुआ था, जिसे बाद में 28 नवंबर, 2003 को नवीनीकृत किया गया था। इस समझौते में राष्ट्रीय अनुसंधान, विकास एवं नवाचार नीतियों तथा कार्यक्रमों  में क्षेत्र में अनुभवों का आदान-प्रदान, वैज्ञानिकों एवं शोधकर्ताओं का आदान-प्रदान, औद्योगिक अनुसंधान, संयुक्त अनुसंधान एवं विकास परियोजनाएं तथा संयुक्त कार्यशालाएं आयोजित करने की परिकल्‍पना की गई है।

पहला भारत-इटली विज्ञान एवं नवाचार संवाद 11 अप्रैल, 2025 को नई दिल्ली में द्विपक्षीय बैठकों के साथ आयोजित किया गया था। इसमें अनुसंधान केंद्रों और शैक्षणिक संस्थानों के विशेषज्ञों ने भाग लिया तथा भविष्य में सहयोग की संभावनाओं पर विचारों का आदान-प्रदान किया। रोम में आयोजित द्वितीय संवाद इसी सहभागिता की निरंतरता है, जिसमें दोनों देशों के वैज्ञानिक, शैक्षणिक और नवाचार समुदायों के व्यापक प्रतिनिधित्‍व को एक मंच पर लाया गया है।

भारत-इटली के बीच वैज्ञानिक सहयोग के मौजूदा क्षेत्रों को रेखांकित करते हुए डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा कि दोनों देश संक्रामक रोगों, पदार्थ भौतिकी एवं नवीन सामग्रियों, क्वांटम प्रौद्योगिकियों, नवीकरणीय ऊर्जा एवं हरित हाइड्रोजन, सांस्कृतिक एवं विरासत स्थलों के संरक्षण में प्रयुक्‍त प्रौद्योगिकियों तथा सतत ‘नीली’ अर्थव्यवस्था सहित कई महत्वपूर्ण क्षेत्रों में मिलकर काम कर रहे हैं।

द्वितीय संवाद के दौरान चर्चाएं दो सत्रों में आयोजित की गईं, जिनमें मुख्य रूप से स्वच्छ प्रौद्योगिकी, क्वांटम, कृत्रिम बुद्धिमतता, डिजिटल प्रौद्योगिकी एवं बिग डेटा; तथा जैव प्रौद्योगिकी एवं स्‍वास्‍थ्‍य विषयों पर विचार-विमर्श किया गया।

अनुसंधान को व्यावहारिक अनुप्रयोगों के साथ जोड़ने के महत्व पर जोर देते हुए डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा कि भारत सरकार ने एक सुदृढ स्टार्ट-अप तंत्र के निर्माण को महत्वपूर्ण प्रोत्‍साहन दिया है और इसके लिए शोधकर्ताओं को अनुप्रयोगोन्‍मुख अनुसंधान पर अधिक ध्यान केंद्रित करने की आवश्यकता होगी।

उन्होंने क्वांटम प्रौद्योगिकी और जैव प्रौद्योगिकी जैसे क्षेत्रों में विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय द्वारा समर्थित इनक्यूबेटरों और प्रौद्योगिकी केंद्रों की भागीदारी का उल्लेख किया। उन्होंने देश के अनुसंधान एवं नवाचार तंत्र को मजबूत करने के संदर्भ में भारत सरकार द्वारा हाल ही में शुरू किए गए अनेक मिशन-मोड कार्यक्रमों, जिनमें एएनआरएफ और आरडीआई शामिल हैं, का भी उल्‍लेख किया।

"अनुसंधान उत्कृष्टता एवं रणनीतिक प्रौद्योगिकियां" और "अनुसंधान से नवाचार तक" शीर्षक वाले दोनों सत्रों का उल्लेख करते हुए डॉ. जितेंद्र सिंह ने आशा व्‍यक्‍त की कि इन चर्चाओं से दोनों देशों के शोधकर्ताओं को अपने-अपने विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं नवाचार (एसटीआई) तंत्रों का लाभ उठाकर मौजूदा विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी सहयोग को मजबूत करने के नए अवसर प्राप्‍त होंगे।

उन्होंने आगे कहा कि इन विचार-विमर्शों से अनुभवों के अधिकाधिक आदान-प्रदान को प्रोत्‍साहन मिल सकता है तथा अनुसंधान को वाणिज्यिक प्रौद्योगिकियों में बदलने के लिए सहयोगात्‍मक मॉडल विकासित किए जा सकते हैं। इस प्रकार के सहयोग के अंतर्गत स्टार्ट-अप के लिए इनक्‍यूबेशन सहायता, प्रायोगिक स्‍तर पर प्रदर्शन, प्रौद्योगिकी सत्यापन एवं व्यावसायीकरण के अवसरों के साथ-साथ स्‍टार्ट-अप, उद्योगों और सहयोगी संस्‍थाओं की भागीदारी से संयुक्‍त अनुसंधान एवं विकास, प्रौद्योगिकी हस्तांतरण तथा इनक्‍यूबेशन सेवाओं की संभावनाएं तलाशी जा सकती हैं।

डॉ. जितेंद्र सिंह ने इस बात पर जोर दिया कि भारत-इटली वैज्ञानिक सहभागिता का दायरा अब अनुसंधान में उत्कृष्टता से आगे बढकर व्यावहारिक नवाचार तक विस्तारित होना चाहिए। इसके लिए अनुसंधान संस्थानों, शैक्षणिक केंद्रों, उद्योग-जगत, स्टार्ट-अप और प्रौद्योगिकी इनक्यूबेशन केंद्रों के बीच अधिक सुदृढ संपर्क एवं समन्‍वय आवश्‍यक है।

इस प्रकार द्वितीय भारत-इटली विज्ञान एवं नवाचार संवाद 2026 ने दोनों देशों के शोधकर्ताओं और नवाचार क्षेत्र से जुडे हितधारकों को अनुभवों का आदान-प्रदान करने, परस्‍पर हित के क्षेत्रों की पहचान करने तथा मौजूदा द्विपक्षीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी साझेदारी को सुदृढ करने के लिए सहयोगात्‍मक दृष्टिकोण तलाशने का एक महत्वपूर्ण मंच प्रदान किया है।

***

पीके/केसी/आरटी/आईएम/पीके

 


(रिलीज़ आईडी: 2335977) आगंतुक पटल : 29
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu , Tamil