स्‍वास्‍थ्‍य एवं परिवार कल्‍याण मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

टीबी उन्मूलन की दिशा में भारत ने उल्‍लेखनीय प्रगति हासिल की : टीबी से होने वाली मौतों की दर में 38% की कमी, 94% उपचार सफलता दर


डब्ल्यूएचओ की वैश्विक क्षय रोग रिपोर्ट 2026 में टीबी से होने वाली मौतों में कमी लाने और उपचार के परिणामों को बेहतर बनाने में भारत की उल्लेखनीय प्रगति को रेखांकित किया गया है

भारत ने टीबी से होने वाली मौतों की दर में अब तक की सर्वाधिक 38% की कमी दर्ज की, जो वैश्विक स्तर पर हुई 35% की कमी से अधिक है

प्रधानमंत्री मोदी का टीबी-मुक्त भारत का विजन शीघ्र पहचान, उन्नत नैदानिक तकनीकों, पोषण संबंधी सहायता और जनभागीदारी के माध्यम से देशभर में व्यापक बदलाव को गति दे रहा है

टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत 25 करोड़ से अधिक लोगों तक पहुँच बनाई गई; 11 करोड़ से अधिक छाती के एक्स-रे और 3 करोड़ मॉलिक्यूलर जांच की गई

गहन जांच के माध्यम से टीबी के कुल 48.64 लाख मामलों का पता लगाया गया, जिनमें बिना लक्षण वाले 14.97 लाख मामले भी शामिल हैं

टीबी कार्यक्रम की 96% वित्तपोषण आवश्यकताएं घरेलू संसाधनों से पूरी की गईं, जो टीबी उन्मूलन के प्रति भारत की मजबूत प्रतिबद्धता का परिचायक है

प्रविष्टि तिथि: 12 NOV 2026 8:40PM by PIB Delhi

भारत ने क्षय रोग (टीबी) के खिलाफ अपनी लड़ाई में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है, वर्ष 2015 के बाद से देश में टीबी से होने वाली मौतों की दर में 38% की कमी दर्ज की गई है, जबकि वैश्विक स्तर पर ऐसी मौतों की दर में 35% की कमी आई है। इसके साथ ही, ऐसा क्षय रोग, जिसमें टीबी रोधी दवाएं असरदार रहती हैं, उनके मरीजों में उपचार की सफलता दर 94% तक पहुँच गई है। 12 नवंबर, 2026 को जारी विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) की वैश्विक क्षय रोग रिपोर्ट 2026 में इन उपलब्धियों को रेखांकित किया गया है। ये उपलब्धियां शीघ्र पहचान, समय पर उपचार, तकनीकी नवाचार और मरीजों की व्यापक देखभाल के माध्यम से टीबी उन्मूलन की दिशा में भारत की निरंतर प्रगति को दर्शाती हैं।

भारत में टीबी से होने वाली मौतों की दर में कमी देश में क्षय रोग से होने वाली मौतों में कमी लाने की दिशा में किए गए प्रभावी प्रयासों को दर्शाती है। यह प्रगति राष्ट्रीय टीबी उन्मूलन कार्यक्रम (एनटीईपी) के अंतर्गत किए गए गहन प्रयासों के प्रभाव को दर्शाती है, जिनमें एआई सक्षम एक्स-रे का उपयोग, तेजी से निदान, तुरंत उपचार शुरू करना, विभेदित टीबी देखभाल और नि-क्षय पोषण योजना और नि-क्षय मित्र पहल के माध्यम से पोषण संबंधी सहायता सहित सक्रिय मामले का पता लगाना शामिल है। इन प्रयासों को कई एआई आधारित उपकरणों का भी सहयोग मिला है। इनमें टीबी के हॉटस्पॉट की पहचान करने, प्रतिकूल नतीजों की आशंका वाले हाई रिस्‍क टीबी के मामलों की पहचान करने एवं पूर्वानुमान लगाने तथा ‘खुशी’ - एआई चैटबॉट और अवतार वीडियोबॉट जैसे उपकरण शामिल हैं।

उपचार की दिशा में 94% की उच्च सफलता दर भारत के मरीज-केंद्रित दृष्टिकोण, पुख्‍ता उपचार व्यवस्था और टीबी से प्रभावित लोगों को निरंतर सहायता प्रदान करने के प्रयासों की प्रभावशीलता को और अधिक प्रमाणित करती है।

प्रधानमंत्री श्री नरेन्‍द्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में टीबी के खिलाफ भारत की लड़ाई अब एक राष्ट्रव्यापी जन आंदोलन का रूप ले चुकी है। इस अभियान में सरकारी संस्थानों, स्वास्थ्य सेवा पेशेवरों, समुदायों और नागरिकों को एकजुट करते हुए टीबी-मुक्त भारत के लक्ष्य की दिशा में सामूहिक प्रयास किए जा रहे हैं। प्रधानमंत्री द्वारा जनभागीदारी पर विशेष जोर दिए जाने के आलोक में, टीबी मुक्त भारत अभियान ने समुदाय-आधारित जांच, एआई आधारित छाती के एक्स-रे, त्वरित मॉलिक्यूलर जांच, टीबी से बचाव के लिए निवारक उपचार तथा पोषण संबंधी सहायता को गति प्रदान की है। इसके माध्यम से आवश्यक स्वास्थ्य सेवाओं को समाज के कमजोर एवं संवेदनशील वर्गों के और करीब पहुँचाया जा रहा है।

टीबी उन्मूलन के प्रति भारत की प्रतिबद्धता इस तथ्य से भी परिलक्षित होती है कि टीबी कार्यक्रम की कुल वित्तपोषण आवश्यकताओं का 96% हिस्सा घरेलू संसाधनों से पूरा किया जा रहा है। यह टीबी उन्मूलन के लिए देश में निरंतर निवेश, मजबूत राजनीतिक प्रतिबद्धता तथा सरकार के सभी अंगों और समाज के सभी वर्गों की सामूहिक भागीदारी पर आधारित समग्र दृष्टिकोण को दर्शाता है।

टीबी मुक्त भारत अभियान: 25 करोड़ से अधिक लोग गहन जांच के दायरे में लाए गए

टीबी मुक्त भारत अभियान, देश में क्षय रोग उन्मूलन के प्रयासों को गति देने वाला एक प्रमुख अभियान बनकर उभरा है। यह सक्रिय जांच, प्रौद्योगिकी आधारित निदान और सामुदायिक भागीदारी के माध्यम से टीबी की पहचान करने के दृष्टिकोण में व्यापक बदलाव लाया है।

पहला 100 दिवसीय गहन अभियान 7 दिसंबर, 2024 को 33 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के 347 उच्च प्राथमिकता वाले जिलों में शुरू किया गया था। बाद में, शीघ्र पहचान को मजबूत करने, विशेष रूप से कमजोर एवं उच्च जोखिम वाले वर्गों के बीच टीबी के मामलों का समय रहते पता लगाने के उद्देश्य से इसका विस्तार पूरे देश में किया गया। इस अभियान से प्राप्त सीख और इस दिशा में बनी गति को आगे बढ़ाते हुए, भारत सरकार ने 24 मार्च, 2026 को एक अन्य 100 दिवसीय गहन अभियान शुरू किया। इसके तहत 1.58 लाख उच्च जोखिम वाले गांवों एवं वार्डों, सामूहिक निवास वाले स्थानों तथा संवेदनशील आबादी के बीच टीबी की जांच पर विशेष ध्यान केंद्रित किया गया।

7 दिसंबर, 2024 से 8 नवंबर, 2026 के बीच इस अभियान के तहत उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की गई:

· 25 करोड़ से अधिक लोगों की पहचान कर उन्हें टीबी जांच अभियान के दायरे में लाया गया।

· शीघ्र पहचान को मजबूत बनाने के लिए 11 करोड़ से अधिक छाती के एक्स-रे किए गए।

· त्वरित एवं सटीक निदान के लिए 3 करोड़ से अधिक न्यूक्लिक एसिड एम्प्लीफिकेशन परीक्षण (एनएएटी) किए गए।

· टीबी के 48.64 लाख नए मामलों की पहचान की गई, जिनमें 14.97 लाख बिना लक्षण वाले मामले भी शामिल हैं।

बिना लक्षण वाले लगभग 15 लाख टीबी मरीजों की पहचान विशेष रूप से महत्वपूर्ण है। यह उन व्यक्तियों का पता लगाने में सक्रिय जांच की प्रभावशीलता को दर्शाता है, जिनकी बीमारी की पहचान अन्यथा नहीं हो पाती। समय रहते बीमारी की पहचान होने से शीघ्र उपचार सुनिश्चित करने, टीबी के संक्रमण के प्रसार को कम करने और बीमारी को गंभीर अवस्था में पहुँचने से रोकने में मदद मिलती है।

उपचार के परिणामों में सुधार लाने के लिए इस अभियान के तहत समय पर उपचार शुरू करने, मरीजों की आवश्यकताओं के अनुरूप विभेदित देखभाल, पोषण संबंधी सहायता और समुदाय-आधारित निरंतर सहयोग पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इन प्रयासों के परिणामस्वरूप, वर्ष 2025 में 67,933 ग्राम पंचायतों को टीबी-मुक्त घोषित किया गया।

टीबी की जांच और देखभाल में व्‍यापक बदलाव ला रहे हैं प्रौद्योगिकी एवं नवाचार

टीबी की जांच और निदान को अधिक तेज, सटीक एवं सुलभ बनाने के लिए भारत उन्नत प्रौद्योगिकियों का तेजी से उपयोग कर रहा है।

पोर्टेबल एआई-सक्षम डिजिटल एक्स-रे मशीनों के उपयोग, एनएएटी सहित त्वरित मॉलिक्यूलर जांच तकनीकों का विस्तार और जांच संबंधी बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ बनाने से विभिन्न भौगोलिक एवं सामाजिक परिस्थितियों में रहने वाली आबादी तक पहुँचने की इस कार्यक्रम की क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।

नि-क्षय डिजिटल प्लेटफॉर्म मरीजों की निगरानी, उपचार की प्रगति पर नजर रखने और कार्यक्रम के प्रबंधन में सहायता प्रदान करता है। इससे मरीजों की निरंतर देखभाल सुनिश्चित करने और समय पर आवश्यक हस्तक्षेप करने की व्यवस्था मजबूत हुई है।

इसके अतिरिक्त, टीबी की जांच को मधुमेह, कुपोषण और अन्य सहवर्ती बीमारियों की पहचान एवं उनके प्रबंधन के साथ एकीकृत किया जा रहा है। इससे मरीजों को व्यापक और उनकी आवश्यकताओं के अनुरूप समग्र उपचार उपलब्ध कराने में मदद मिल रही है।

पोषण संबंधी सहायता भारत की टीबी उन्मूलन रणनीति का एक प्रमुख स्तंभ बनी हुई है। नि-क्षय पोषण योजना के माध्यम से पात्र मरीजों को उपचार की अवधि के दौरान उनकी पोषण संबंधी आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए वित्तीय सहायता प्रदान की जाती है। वहीं, नि-क्षय मित्र पहल के तहत व्यक्तियों, संस्थानों और संगठनों को एकजुट कर टीबी मरीजों को पोषण संबंधी एवं मनोसामाजिक सहायता उपलब्ध कराई जाती है।

बेहतर निदान और मरीजों की नियमित निगरानी सहित ये सभी प्रयास उपचार के बेहतर परिणाम सुनिश्चित करने और टीबी से होने वाली मृत्यु दर में कमी लाने में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं।

टीबी उन्मूलन संबंधी भारत की प्रगति को सुदृढ़ वैज्ञानिक निगरानी और साक्ष्य का समर्थन प्राप्‍त है

टीबी उन्मूलन के क्षेत्र में भारत की उपलब्धियों को सुदृढ़ महामारी विज्ञान संबंधी निगरानी, वैज्ञानिक अनुसंधान और साक्ष्य-आधारित टीबी अनुमान प्रणाली का भी समर्थन प्राप्त है।

विश्व स्वास्थ्य संगठन की वैश्विक क्षय रोग रिपोर्ट 2026 में टीबी से होने वाली मृत्यु दर के अनुमानों को पुख्‍ता बनाने के लिए कई पूरक स्रोतों से प्राप्त साक्ष्यों को शामिल किया गया है। इनमें भारत के महापंजीयक की नमूना पंजीकरण प्रणाली (आरजीआई/एसआरएस), समुदाय के स्‍तर पर बातचीत के जरिए मृत्‍यु के कारणों का आकलन (या कम्युनिटी-बेस्ड वर्बल ऑटोप्सी असेसमेंट्स) और नि-क्षय पोर्टल से प्राप्त कार्यक्रम संबंधी आंकड़े शामिल हैं।

इन आकलनों के आधार पर, रिपोर्ट में भारत में टीबी से होने वाली अनुमानित मृत्यु दर में 38% की कमी दर्ज की गई है। वर्ष 2015 में प्रति लाख जनसंख्या पर यह दर 28 थी, जो वर्ष 2025 में घटकर प्रति लाख जनसंख्या पर 18 रह गई।

भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद –राष्ट्रीय क्षय रोग अनुसंधान संस्थान (आईसीएमआर - एनआईआरटी) ने वर्ष 2025 में देशभर में टीबी के फैलाव का सर्वेक्षण किया। इस सर्वेक्षण के निष्कर्ष विश्व स्वास्थ्य संगठन के साथ साझा किए जा चुके हैं और उन पर तकनीकी स्तर पर विचार-विमर्श जारी है। इस प्रक्रिया के पूरा होने के बाद डब्‍ल्‍यूएचओ भारत के लिए अद्यतन देश-प्रोफाइल प्रकाशित करेगा।

जनभागीदारी: टीबी उन्मूलन को जन आंदोलन बनाना

भारत के टीबी उन्मूलन प्रयासों की एक प्रमुख विशेषता समुदायों और संस्थानों को इस राष्ट्रीय मिशन में सक्रिय भागीदार के रूप में संगठित करना रही है।

पंचायती राज संस्थाओं, शहरी स्थानीय निकायों, निर्वाचित जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, निजी स्वास्थ्य सेवा प्रदाताओं, कॉरपोरेट भागीदारों और सामुदायिक नेताओं की भागीदारी ने जमीनी स्तर पर जागरूकता फैलाने, टीबी की जांच, पोषण संबंधी सहायता और मरीजों की देखभाल को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

नि-क्षय मित्र पहल ने नागरिकों और संस्थानों को टीबी का उपचार करा रहे मरीजों के स्वास्थ्य लाभ और कल्याण में सीधे योगदान देने के लिए प्रोत्साहित किया है। इससे सामूहिक जिम्मेदारी और सहभागिता की भावना को और बल मिला है।

इसी गति को आगे बढ़ाते हुए, जोश टीम पहल के माध्यम से टीबी उन्मूलन के जन आंदोलन में युवाओं की भागीदारी को और बढ़ावा दिया जा रहा है। इसके तहत नामित प्रथम श्रेणी के अधिकारी के नेतृत्व में ब्लॉक और वार्ड स्तर पर टीमों का गठन किया जा रहा है तथा इनमें राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) के पांच कैडेट और माई भारत के पांच स्वयंसेवक सहयोग करेंगे।

जागरूकता फैलाने, समुदायों तक पहुँच बनाने और लोगों को संगठित करने के माध्यम से जोश टीमें जमीनी स्तर पर जनभागीदारी को मजबूत बनाने तथा टीबी-मुक्त भारत के लक्ष्य को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।

टीबी-मुक्त भारत की दिशा में प्रगति की गति बनाए रखना

डब्ल्यूएचओ की वैश्विक क्षय रोग रिपोर्ट 2026 में रेखांकित उपलब्धियाँ सार्वजनिक स्वास्थ्य के क्षेत्र में भारत के निरंतर निवेश, तकनीकी नवाचार, वैज्ञानिक निगरानी और समुदाय-आधारित पहलों के माध्यम से किए जा रहे सतत प्रयासों को दर्शाती हैं।

टीबी से होने वाली मौतों की दर में 38% की कमी, उपचार की 94% सफलता दर और टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत अभूतपूर्व स्तर पर की गई जांच, टीबी उन्मूलन की दिशा में भारत की यात्रा की महत्वपूर्ण उपलब्धियाँ हैं।

सरकार गहन जांच अभियान, गुणवत्तापूर्ण निदान सुविधाओं तक व्यापक पहुँच, समय पर एवं प्रभावी उपचार, टीबी से बचाव के लिए निवारक उपचार, पोषण संबंधी सहायता और समुदायों की व्यापक भागीदारी के माध्यम से इन उपलब्धियों को आगे बढ़ाने के प्रयास जारी रखेगी।

प्रधानमंत्री श्री नरेन्‍द्र मोदी के नेतृत्व में, भारत वैश्विक टीबी लक्ष्यों की दिशा में प्रगति को गति देने और टीबी-मुक्त भारत के विजन को साकार करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। इस दिशा में डब्ल्यूएचओ, अनुसंधान संस्थानों, राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों, विकास साझेदारों और समुदायों के साथ मिलकर कार्य किए जा रहे हैं।

टीबी हारेगा, देश जीतेगा!

***********

पीके/केसी/आरटी/आरके


(रिलीज़ आईडी: 2335668) आगंतुक पटल : 68
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu , Marathi