सामाजिक न्‍याय एवं अधिकारिता मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

पुनर्वास से आत्मनिर्भरता तक: नई आशा की एक यात्रा


एनएपीडीडीआर के सहयोग से एक लाभार्थी ने शराब की निर्भरता पर काबू पाया और आजीविका स्थापित की

प्रविष्टि तिथि: 29 OCT 2026 6:47PM by PIB Delhi

34 वर्षीय श्री महेश कुमार (नाम परिवर्तित) की यात्रा दर्शाती है कि संवेदनशील देखभाल और निरंतर पुनर्वास से लोग किस प्रकार अपने जीवन को फिर से संवार सकते हैं, पारिवारिक संबंधों को मजबूत कर सकते हैं और गरिमा एवं नए उद्देश्य के साथ भविष्य की ओर बढ़ सकते हैं। उनकी यात्रा यह भी दर्शाती है कि समय पर उपचार और आजीविका संबंधी सहायता से लोगों को नशे की निर्भरता से उबरने और पारिवारिक कल्याण को बेहतर बनाने में मदद मिल सकती है।

कर्नाटक के यादगिरि जिले के निवासी श्री कुमार ने स्वस्थ और आत्मनिर्भर जीवन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं।

सहायता मिलने से पहले श्री कुमार खेतिहर मजदूर के रूप में काम करते थे। शराब पर निर्भरता का उनके स्वास्थ्य और रोजगार पर असर पड़ा तथा परिवार में भी कठिनाइयां बढ़ीं। उपलब्ध उपचार विकल्पों के बारे में सीमित जानकारी और आर्थिक तंगी के कारण उचित उपचार प्राप्त करना उनके लिए चुनौतीपूर्ण था। उनकी पत्नी और दो बच्चों को भी आर्थिक अनिश्चितता और भावनात्मक तनाव का सामना करना पड़ा। इन चुनौतियों के बावजूद, उन्होंने शराब की निर्भरता से उबरने, छोटा व्यवसाय शुरू करने और अपने परिवार को अधिक स्थिर भविष्य देने का संकल्प लिया।

नशीली दवाओं की मांग में कमी लाने के लिए राष्ट्रीय कार्य योजना (एनएपीडीडीआर) के तहत श्री कुमार को यादगिरि स्थित श्री वैष्णवी जिला नशामुक्ति केंद्र (डीडीएसी) में सहायता मिली। उन्होंने 30 दिन के आवासीय पुनर्वास कार्यक्रम में भाग लिया, जिसमें चिकित्सकीय निगरानी में नशामुक्ति उपचार, स्वास्थ्य की निगरानी, मनोरोग संबंधी मूल्यांकन और मनोवैज्ञानिक सहायता शामिल थी। व्यक्तिगत परामर्श, समूह चिकित्सा और अल्कोहलिक्स एनोनिमस (एए) की बैठकों से उन्हें नशे से दूर रहने के अपने संकल्प को मजबूत करने और कठिन परिस्थितियों से निपटने के स्वस्थ तरीके विकसित करने में मदद मिली।

https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/2026/oct/image001_20261029184840_11d9dd.jpg

केंद्र ने उनके समग्र कल्याण के लिए योग, ध्यान, मनोरंजक गतिविधियां और जीवन-कौशल विकास की सुविधाएं भी प्रदान कीं। पारिवारिक परामर्श से घर में संवाद बेहतर बनाने और रिश्तों को फिर से मजबूत करने में मदद मिली। व्यावसायिक प्रशिक्षण और आजीविका संबंधी मार्गदर्शन से उन्हें छोटा व्यवसाय शुरू करने के अपने लक्ष्य को पूरा करने में सहायता मिली। उपचार, दवाइयां, भोजन, आवास और प्रशिक्षण निःशुल्क उपलब्ध कराए गए। इसके साथ ही उपचार के बाद देखभाल और दोबारा नशे की लत से बचाव के लिए भी सहायता दी गई।

केंद्र से मिली जानकारी के अनुसार, श्री कुमार पिछले चार महीनों से शराब से दूर हैं और उन्होंने यादगिरि बस स्टैंड के पास चाय की एक छोटी दुकान शुरू की है। इस व्यवसाय से उन्हें लगभग 12,000 रुपये प्रतिमाह की आय हो रही है, जिससे वे घरेलू खर्चों को पूरा करने और अपने परिवार को अधिक आर्थिक स्थिरता प्रदान करने में सक्षम हुए हैं। उनके बच्चों ने फिर से स्कूल जाना शुरू कर दिया है और परिवार नए आत्मविश्वास एवं आशा के साथ आगे बढ़ रहा है।

यादगिरि स्थित श्री वैष्णवी जिला नशामुक्ति केंद्र के माध्यम से लागू एनएपीडीडीआर की यह पहल उपचार, परामर्श, पारिवारिक सहयोग और आजीविका संबंधी मार्गदर्शन को एक साथ उपलब्ध कराने के महत्व को दर्शाती है।

श्री कुमार डीडीएसी में हर महीने अनुवर्ती सत्रों में भाग लेते हैं और अपने पुनर्वास तथा आजीविका को बेहतर बनाने के लिए मार्गदर्शन प्राप्त करते हैं। उपचार के बाद देखभाल, सहकर्मी समूहों के साथ सहभागिता और दोबारा नशे की लत से बचाव के सत्रों से उन्हें दीर्घकालिक कल्याण और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ते रहने में मदद मिल रही है।

***

पीके/केसी/आरटी/एके /डीए


(रिलीज़ आईडी: 2334821) आगंतुक पटल : 23
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu , Tamil