रक्षा मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

भारत-ब्राजील-दक्षिण अफ्रीका समुद्री अभ्यास के नौवें संस्करण (आईबीएसएएमएआर-IX 2026) का सफलतापूर्वक समापन

प्रविष्टि तिथि: 21 OCT 2026 7:05PM by PIB Delhi

भारत-ब्राजील-दक्षिण अफ्रीका समुद्री सैन्य अभ्यास के नौवें संस्करण (आईबीएसएएमएआर-IX 2026) का सफल समापन 20 अक्टूबर 2026 को दक्षिण अफ्रीका के साइमन्स टाउन में हुआ। इस अभ्यास में तीनों देशों की नौसेनाओं ने भाग लिया। इस दौरान पेशेवर विचार-विमर्श व विभिन्न समुद्री अभ्यासों के माध्यम से आपसी तालमेल को बेहतर बनाने, परिचालन सहयोग को सुदृढ़ करने और तीनों नौसेनाओं के बीच आपसी समझ को गहरा करने पर जोर दिया गया।

समापन समारोह दस दिनों तक चले इस संयुक्त अभ्यास का अंतिम चरण था, जिसमें बंदरगाह और समुद्री चरणों के माध्यम से विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं। इस दौरान तीनों देशों की नौसेनाओं के कर्मियों ने पेशेवर विचारों का आदान-प्रदान किया, परिचालन संबंधी चर्चाएं कीं और संयुक्त प्रशिक्षण में हिस्सा लिया। इन गतिविधियों से उन्हें एक-दूसरे की कार्यप्रणाली, क्षमताओं और समुद्र में संचालन के तरीकों को समझने का अवसर मिला। इससे अभ्यास में भाग लेने वाली नौसेनाओं के बीच आपसी समझ और विश्वास मजबूत हुआ तथा समुद्री क्षेत्र में बेहतर तालमेल के साथ मिलकर काम करने की क्षमता को बढ़ावा मिला।

आईएनएस तरकश के कमांडिंग ऑफिसर ने समापन समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि आईबीएसएएमएआर जैसे नौसैन्य अभ्यास लंबे समय से चले आ रहे राजनयिक संबंधों को व्यावहारिक नौसैनिक सहयोग में रूपांतरित करने का महत्वपूर्ण मंच प्रदान करते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि इन अभ्यासों की सफलता केवल समुद्र में संयुक्त युद्धाभ्यास तक सीमित नहीं रहती है, बल्कि यह साझा अनुभवों, पेशेवर विचारों के आदान-प्रदान और एक-दूसरे से सीखने के माध्यम से नौसैनिक कर्मियों के बीच विकसित होने वाले आपसी विश्वास तथा मजबूत संबंधों में भी निहित है।

आईबीएसएएमएआर भारत, ब्राजील और दक्षिण अफ्रीका के बीच लंबे समय से चले आ रहे समुद्री सहयोग का एक महत्वपूर्ण उदाहरण है। तीन अलग-अलग महाद्वीपों में स्थित होने के बावजूद, ये सभी देश सुरक्षित और स्थिर समुद्री क्षेत्र सुनिश्चित करने में साझा हित रखते हैं। यह त्रिपक्षीय अभ्यास तीनों देशों की नौसेनाओं को समुद्री चुनौतियों से मिलकर निपटने, बेहतर कार्यप्रणालियों का आदान-प्रदान करने और संयुक्त रूप से काम करने की क्षमता बढ़ाने का अवसर प्रदान करता है। इससे समुद्री क्षेत्र में शांति, स्थिरता और सुरक्षा बनाए रखने के साझा प्रयासों को भी मदद मिलती है।

इस अभ्यास ने समुद्र में संयुक्त रूप से काम करने की क्षमता और आपसी तालमेल के महत्व को फिर से उजागर किया है। नियमित विचार-विमर्श, साझा प्रशिक्षण और समुद्री अभियानों की बेहतर समझ के माध्यम से तीनों देशों की नौसेनाओं के बीच परिचालन तालमेल को बढ़ावा दिया गया। अभ्यास के दौरान विकसित हुए पेशेवर संबंध भविष्य में भी सहयोग को बढ़ावा देंगे। इससे तीनों देशों की नौसेनाओं के बीच संस्थागत संबंध मजबूत होंगे और भविष्य में संयुक्त अभियानों तथा समुद्री सहयोग के नए अवसरों का मार्ग प्रशस्त होगा।

आईबीएसएएमएआर IX 2026 का सफल समापन भारत, ब्राजील और दक्षिण अफ्रीका द्वारा समुद्री सहयोग को विस्तार देने तथा आपसी तालमेल बढ़ाने की साझा प्रतिबद्धता को दर्शाता है। यह अभ्यास नियम-आधारित समुद्री व्यवस्था के अनुरूप सुरक्षित, स्थिर और खुले समुद्री वातावरण को बढ़ावा देने की दिशा में तीनों देशों के संयुक्त प्रयासों को भी प्रदर्शित करता है।

*****

पीके/केसी/आरटी/एनके


(रिलीज़ आईडी: 2326218) आगंतुक पटल : 105
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu