युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय
माई भारत–एनएसएस ने 'योग एवं आत्मरक्षा दिवस' के राष्ट्रव्यापी आयोजन के साथ 'नशा मुक्त युवा अभियान' के दूसरे माह की शुरुआत की
देशभर में 183 संस्थानों और सामुदायिक स्थलों पर 91,179 प्रतिभागियों ने भाग लिया
प्रविष्टि तिथि:
17 OCT 2026 10:54PM by PIB Delhi
युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय ने माई भारत और राष्ट्रीय सेवा योजना(एनएसएस) के माध्यम से 16 अक्टूबर, 2026 को “योग एवं आत्म-सुरक्षा दिवस” के राष्ट्रव्यापी आयोजन के साथ “नशा मुक्त युवा, विकसित भारत 100 सप्ताह संकल्प अभियान” के दूसरे माह की शुरूआत की। माननीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा शुरू किया गया यह अभियान “स्वस्थ युवा, नशा मुक्त युवा(शक्ति एवं सेवा)” विषय के अंतर्गत दूसरे माह में प्रवेश कर गया है, इसका उद्देश्य शारीरिक स्वास्थ्य, मानसिक दृढ़ता, अनुशासन और आत्मविश्वास को एक स्वस्थ एवं नशा मुक्त समाज के प्रमुख आधार के रूप में बढ़ावा देना है।

पांचवें सप्ताह के कार्यक्रम में देशभर के 183 शैक्षणिक संस्थानों, एनएसएस इकाइयों और गोद लिए गए गांवों में 91,179 लोगों ने भाग लिया। इन गतिविधियों में स्थानीय नेताओं, पुलिस अधिकारियों, खेल प्राधिकरणों, चिकित्सा विशेषज्ञों और प्रमाणित योग प्रशिक्षकों ने एक साथ मिलकर स्वस्थ जीवनशैली, व्यक्तिगत सुरक्षा तथा मादक पदार्थों के दुरुपयोग के प्रति जागरूकता को बढ़ावा दिया।
इस पहल के अंतर्गत, योग के 332 सत्रों में 34,290 प्रतिभागियों ने भाग लिया, जिनमें 19,882 महिलाएं शामिल थीं। वहीं, आत्मरक्षा के 311 प्रदर्शनों के माध्यम से 31,507 प्रतिभागियों तक पहुंचा गया, जिनमें 18,364 महिलाएं थीं। इसके अतिरिक्त, समुदाय में जागरूकता बढ़ाने के लिए आयोजित 180 गतिविधियों में 25,391 प्रतिभागियों ने भाग लिया। योग सत्रों में शारीरिक स्वास्थ्य और तनाव प्रबंधन के महत्व को दर्शाते हुए सामान्य योग प्रोटोकॉल और विश्राम तकनीकों को शामिल किया गया था। आत्म-रक्षा प्रदर्शनों में व्यावहारिक सुरक्षा तकनीकों, परिस्थितियों के प्रति जागरूकता और व्यक्तिगत सुरक्षा पर ध्यान केंद्रित किया गया, जो विशेष रूप से युवा महिलाओं के लिए उपयोगी थीं।

कुल प्रतिभागियों में महिलाओं की हिस्सेदारी 57.1% रही, जो अभियान में उनकी व्यापक भागीदारी को दर्शाती है। दिल्ली, जयपुर, लखनऊ, पटना और त्रिवेंद्रम सहित विभिन्न क्षेत्रीय निदेशालयों में महिलाओं की उल्लेखनीय भागीदारी दर्ज की गई। इन गतिविधियों के आयोजन में अनुव्रत विश्व भारती सोसाइटी, बीएपीएस, भारत स्काउट्स एंड गाइड्स तथा माई भारत केंद्रों सहित सहयोगी संगठनों ने योगदान दिया।
इस देशव्यापी आयोजन को डिजिटल माध्यमों पर भी व्यापक तौर पर देखा गया। अभियान के हैशटैग #NashaMuktYuva के तहत स्वाभाविक रूप से 4,197 सोशल मीडिया पोस्ट साझा किए गए।

योग, आत्मरक्षा और सामुदायिक जागरूकता को शामनिल करके, यह पहल मादक पदार्थों के दुरुपयोग की रोकथाम में शारीरिक स्वास्थ्य, मानसिक कल्याण और व्यक्तिगत दृढ़ता की भूमिका को मजबूत करती है। 100 सप्ताह के संकल्प अभियान के माध्यम से, 'माई भारत' और 'एनएसएस', एनएसएस के आदर्श वाक्य "स्वयं से पहले आप" से प्रेरित होकर, एक 'विकसित भारत' और नशा-मुक्त भारत के विजन की दिशा में युवाओं और समुदायों को लगातार एकजुट कर रहे हैं।
***
पीके/केसी/आरटी/पीकेपी
(रिलीज़ आईडी: 2324853)
आगंतुक पटल : 57