वित्‍त मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (सीबीएन) ने मिशन युवा रक्षा के अंतर्गत एमपी के युवाओं के लिए मादक पदार्थों के खिलाफ पांच जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया


 सीबीएन मध्य प्रदेश ने ब्रह्मकुमारीज के सहयोग के साथ मादक पदार्थों के सेवन के खिलाफ युवाओं को जागरूक किया

प्रविष्टि तिथि: 17 OCT 2026 7:37PM by PIB Delhi

मिशन युवा रक्षा के अंतर्गत, केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (सीबीएन) की मध्य प्रदेश इकाई ने अक्टूबर 2026 के दौरान नीमच, जावरा, जावद, मंदसौर और गरोठ के शैक्षणिक संस्थानों में कुल पांच नशा-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए। इन कार्यक्रमों में नशा-मुक्ति, स्वस्थ जीवन शैली और "नशा-मुक्त भारत" के दृष्टिकोण को प्रोत्साहन दिया गया।

5 अक्टूबर 2026 को, नीमच स्थित स्वामी विवेकानन्द गवर्नमेंट पीजी कॉलेज के लगभग 200 विद्यार्थियों और शिक्षकों ने मादक पदार्थों के दुरुपयोग के हानिकारक प्रभावों और नशामुक्त जीवन के महत्व पर एक जागरूकता कार्यक्रम में हिस्सा लिया।

जागरूकता कार्यक्रम - स्वामी विवेकानन्द गवर्नमेंट पीजी कॉलेज, नीमच

13 अक्टूबर 2026 को, सीबीएन की ओर से आयोजित कार्यक्रम में मादक पदार्थों के सेवन, युवाओं के स्वास्थ्य और भविष्य की संभावनाओं पर इसके प्रभाव और स्वस्थ जीवन शैली पर चर्चा की गई। सरदार पटेल कॉलेज ऑफ नर्सिंग, जावरा में लगभग 200 छात्रों और शिक्षकों के साथ-साथ 25 स्टाफ सदस्यों ने हिस्सा लिया।

जागरूकता कार्यक्रम - सरदार पटेल कॉलेज ऑफ नर्सिंग, जावरा

15 अक्टूबर 2026 को, सीबीएन ने ब्रह्माकुमारीज, नीमच के सहयोग से नशामुक्त जीवन और मादक पदार्थों के प्रति जागरूकता को प्रोत्साहित करने वाला कार्यक्रम आयोजित किया। जावद स्थित सीएम राइज गवर्नमेंट स्कूल में लगभग 450 छात्रों और शिक्षकों ने इसमें हिस्सा लिया।

ब्रह्मकुमारीज के साथ सीबीएन का जागरूकता कार्यक्रम - सीएम राइज गवर्नमेंट स्कूल, जावद

उसी दिन, सीबीएन मध्य प्रदेश इकाई के मंदसौर-I विभाग ने युवा रक्षा एवं नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत नशा रोकथाम, स्वस्थ जीवनशैली और नशा मुक्त समाज के निर्माण में युवाओं की भागीदारी पर केंद्रित शिविर का आयोजन किया। मंदसौर के सबाखेड़ा स्थित सीएम राइज स्कूल के लगभग 450 छात्रों ने इसमें हिस्सा लिया।

जागरूकता कार्यक्रम - सीएम राइज स्कूल, सबाखेड़ा, मंदसौर

इसी प्रकार, जिला अफीम अधिकारी कार्यालय, सीबीएन, गरोठ ने ब्रह्माकुमारीज के सहयोग से 15 अक्टूबर 2026 को संस्कार वैली हायर सेकेंडरी स्कूल, गरोठ में एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया, जिसमें लगभग 230 छात्रों ने भाग लिया।

जागरूकता कार्यक्रम - संस्कार वैली हायर सेकेंडरी स्कूल, गरोठ

इन कार्यक्रमों के दौरान, प्रतिभागियों को शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य, शिक्षा, पारिवारिक जीवन और आजीविका पर मादक पदार्थों के दुरुपयोग के हानिकारक प्रभावों के बारे में वैज्ञानिक रूप से जानकारी दी गई। गतिविधियों में जागरूकता सत्र, प्रश्नोत्तर प्रतियोगिताएं, शैक्षिक वीडियो, प्रस्तुतियां, ध्यान और पोस्टर बनाना शामिल थे। प्रतिभागियों को मादक पदार्थों के सेवन से बचने, स्वस्थ जीवन शैली अपनाने और नशा मुक्त भारत में योगदान देने के लिए प्रोत्साहित किया गया।

इन कार्यक्रमों में नशीली दवाओं की रोकथाम में निजी जिम्मेदारी और सामूहिक भागीदारी पर भी जोर दिया गया। प्रतिभागियों ने नशीली दवाओं से दूर रहने और अपने स्कूलों, परिवारों और समुदायों में जागरूकता अभियानों का सहयोग करने की प्रतिज्ञा ली। कार्यक्रमों में सकारात्मक भागीदारी देखी गई और युवाओं के बीच निवारक शिक्षा के महत्व को बल मिला।

इन चार जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से, सीबीएन मध्य प्रदेश इकाई ने विशेष तौर पर छात्रों और युवाओं के बीच, प्रवर्तन गतिविधियों को निवारक जागरूकता और मांग-कमी की पहलों के साथ पूरक करने की अपनी प्रतिबद्धता की पुष्टि की।

शैक्षणिक संस्थानों को शामिल कर और संवादात्मक शिक्षण, जागरूकता गतिविधियों और नशामुक्त जीवन के लिए व्यक्तिगत प्रतिबद्धताओं को प्रोत्साहित कर, सीबीएन युवाओं को सूचित विकल्प चुनने और अपने समुदायों में नशीली दवाओं की रोकथाम के सक्रिय राजदूत बनने के लिए सशक्त करने का विचार रखता है।

ये पहलें नशा मुक्त भारत की परिकल्पना और एक स्वस्थ, सुरक्षित और नशामुक्त समाज के निर्माण के प्रति केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो की निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाती हैं।

 

***

 

पीके/केसी/आरटी/एमएम


(रिलीज़ आईडी: 2324796) आगंतुक पटल : 63
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu