रक्षा मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

भारतीय नौसेना का जहाज ‘तरकश’ सद्भावना यात्रा पर केन्या के मोम्बासा पहुंचा

प्रविष्टि तिथि: 01 OCT 2026 4:28PM by PIB Delhi

भारतीय नौसेना का अग्रिम पंक्ति का उन्नत सुविधाओं से युक्त स्टील्थ फ्रिगेट जहाज तरकश अपनी परिचालन तैनाती के हिस्से के रूप में सद्भावना यात्रा पर 29 सितंबर, 2026 को केन्या के मोम्बासा पहुंचा। यह यात्रा भारत और केन्या के बीच लंबे समय से चले आ रहे बहुआयामी संबंधों को दर्शाती है। ये दोनों देश ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और जनस्तर पर मजबूत आपसी संबंधों से जुड़े हुए हैं।

भारत और केन्या के बीच हिंद महासागर क्षेत्र में समुद्री संबंधों का लंबा इतिहास रहा है। प्रमुख समुद्री देशों के रूप में दोनों देश आपसी सहयोग को बढ़ावा देने तथा अपनी नौसेनाओं के बीच साझा विश्वास, समझ और समन्वय को सुदृढ़ करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

बंदरगाह पर ठहराव के दौरान भारतीय और केन्याई नौसेना के कर्मी विभिन्न पेशेवर व सामाजिक गतिविधियों में भाग लेंगे। इनमें आपसी संवाद, अनुभवों का आदान-प्रदान और सांस्कृतिक कार्यक्रम शामिल हैं। इन गतिविधियों से दोनों देशों की नौसेनाओं को एक-दूसरे से सीखने, अनुभव साझा करने और आपस में तालमेल को बेहतर बनाने के अवसर मिलेंगे।

समुदाय से जुड़ाव बढ़ाने के लिए भी विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनके माध्यम से दोनों देशों के नौसैनिक कर्मियों को पेशेवर गतिविधियों से इतर एक-दूसरे के साथ जुड़ने का अवसर मिलेगा। खेलकूद और समाज सेवा से जुड़ी गतिविधियों के जरिए आपसी सौहार्द व सांस्कृतिक समझ को बढ़ावा दिया जाएगा।

यह यात्रा हिंद महासागर क्षेत्र के मित्र देशों के साथ समुद्री साझेदारी को मजबूत करने के प्रति भारत की वचनबद्धता को दर्शाती है। यह महासागर (क्षेत्र में सुरक्षा और विकास के लिए पारस्परिक एवं समग्र प्रगति) पहल की भावना के भी अनुरूप है। इस यात्रा से भारत व केन्या के बीच लंबे समय से चली आ रही समुद्री साझेदारी को और मजबूती मिलने की उम्मीद है।

 

*****

पीके/केसी/आरटी/एनके


(रिलीज़ आईडी: 2317775) आगंतुक पटल : 106
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu