शिक्षा मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

केंद्रीय शिक्षा मंत्री श्री प्रहलाद जोशी ने कहा कि विद्यार्थी स्वच्छ, हरित और स्वस्थ विकसित भारत 2047 के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं


श्री प्रहलाद जोशी ने विद्यार्थियों से स्वच्छता-केंद्रित गतिविधियों में कम से कम 30 मिनट योगदान देने का आह्वान किया

श्री प्रहलाद जोशी ने गार्गी कॉलेज में ‘एक दिन, एक घंटा, एक साथ’ श्रमदान एवं स्वच्छता अभियान का नेतृत्व किया

प्रविष्टि तिथि: 01 OCT 2026 3:03PM by PIB Delhi

केंद्रीय शिक्षा मंत्री श्री प्रहलाद जोशी ने आज देशव्यापी ‘एक दिन, एक घंटा, एक साथ’ पहल के अंतर्गत दिल्ली विश्वविद्यालय के गार्गी कॉलेज में श्रमदान एवं स्वच्छता अभियान का नेतृत्व किया। उन्होंने कॉलेज परिसर में ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के अंतर्गत पौधारोपण भी किया। इस अवसर पर श्री प्रहलाद जोशी ने विद्यार्थियों से संवाद किया और कहा कि स्वच्छता का सार्वजनिक स्वास्थ्य और कल्याण से गहरा संबंध है। उन्होंने स्वच्छता को निरंतर आदत बनाने में सामूहिक भागीदारी के महत्व पर भी बल दिया।

श्री प्रहलाद जोशी ने स्वच्छता, पर्यावरणीय जागरूकता और जिम्मेदार नागरिकता को बढ़ावा देने में छात्रों की भूमिका पर जोर दिया। उन्होंने विद्यार्थियों को न केवल शैक्षणिक संस्थानों में, बल्कि अपने घरों और सार्वजनिक स्थलों पर भी स्वच्छता बनाए रखने के लिए प्रोत्साहित किया।

श्री प्रहलाद जोशी ने विद्यार्थियों से स्वच्छता-केंद्रित गतिविधियों में कम से कम 30 मिनट का योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने दोहराया कि व्यक्तिगत प्रयास सामूहिक कार्रवाई को प्रेरित कर सकते हैं और स्वच्छता को जन आंदोलन में परिवर्तित कर सकते हैं।

श्री प्रहलाद जोशी ने युवाओं के बीच शारीरिक फिटनेस और आउटडोर गतिविधियों के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को खेलों में भाग लेने और खेल के मैदानों में समय बिताने के लिए प्रोत्साहित किया तथा स्क्रीन-आधारित गतिविधियों के साथ स्वस्थ संतुलन बनाए रखने पर बल दिया।

श्री प्रहलाद जोशी ने विद्यार्थियों से वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के विजन में योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जिम्मेदार नागरिकता और सक्रिय भागीदारी के माध्यम से इस विजन को कार्यरूप देने तथा स्वच्छ, हरित और स्वस्थ भारत के निर्माण में विद्यार्थी महत्वपूर्ण आधार स्तंभ हैं।

इस अवसर पर दिल्ली विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. योगेश सिंह, कॉलेज के संकाय सदस्य और मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

*******

पीके/केसी/आरटी/जेके/पीके


(रिलीज़ आईडी: 2317621) आगंतुक पटल : 82
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Marathi , Bengali , Punjabi