आयुष
azadi ka amrit mahotsav

केंद्रीय मंत्री श्री प्रतापराव जाधव ने महाराष्ट्र की पर्यटन क्षमता को बढ़ावा देने के लिए लोनार में सूर्य किरण वायु प्रदर्शनी आयोजित करने की अपील की


आयुष मंत्री ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से 23-25 ​​नवंबर के दौरान लोनार, अजंता और एलोरा में हवाई प्रदर्शन आयोजित करने पर विचार करने का अनुरोध किया

प्रविष्टि तिथि: 01 OCT 2026 12:03PM by PIB Delhi

केंद्रीय आयुष राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) और स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री श्री प्रतापराव जाधव ने रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह से अनुरोध किया है कि वे 23-25 ​​नवंबर, 2026 के दौरान महाराष्ट्र के प्रतिष्ठित पर्यटन स्थलों, जिनमें बुलढाणा जिले की लोनार क्रेटर झील भी शामिल है, में भारतीय वायु सेना की सूर्य किरण एरोबेटिक डिस्प्ले टीम द्वारा प्रदर्शन आयोजित करने पर विचार करें।

श्री जाधव ने रक्षा मंत्री को लिखे पत्र में सूर्य किरण टीम की सटीकता, कौशल और समन्वित हवाई युद्धाभ्यास के लिए उसकी प्रतिष्ठा पर प्रकाश डाला। उन्होंने  कहा कि यह प्रदर्शन भारत की विमानन क्षमताओं को प्रदर्शित करते हैं। ये जनता की रुचि को प्रेरित करते हैं और युवाओं को भारतीय वायु सेना में अवसरों का पता लगाने के लिए प्रोत्साहित करते हैं।

श्री जाधव ने विशेष रूप से लोनार क्रेटर झील का उल्लेख किया,  जो महाराष्ट्र के बुलढाणा जिले में स्थित एक अनूठी प्राकृतिक संरचना है और अपनी विशिष्ट भूवैज्ञानिक और पर्यावरणीय विशेषताओं के कारण पर्यटकों को आकर्षित करती है। यह झील अपने खारे और क्षारीय जल और मनमोहक क्रेटर परिदृश्य के लिए जानी जाती है।

श्री जाधव ने अजंता और एलोरा गुफाओं की ओर भी ध्यान दिलाया, जिन्हें उनकी उत्कृष्ट सांस्कृतिक और ऐतिहासिक महत्व के लिए विश्व स्तर पर मान्यता प्राप्त है। ये दोनों स्थल यूनेस्को की विश्व धरोहर सूची में अंकित हैं।

श्री जाधव ने रक्षा मंत्रालय से अनुरोध किया है कि वह 23, 24 या 25 नवंबर, 2026 में से किसी भी दिन लोनार, अजंता और एलोरा में सूर्य किरण एरोबेटिक डिस्प्ले प्रदर्शन और उससे संबंधित प्रेरणादायक कार्यकलापों के आयोजन के लिए आवश्यक अनुमोदन प्रदान करे और संबंधित अधिकारियों को उचित निर्देश जारी करे।

प्रस्तावित एयर शो का उद्देश्य इन स्थलों में एक विशिष्ट सार्वजनिक आकर्षण जोड़ना है। साथ ही, ये भारत की विमानन उत्कृष्टता का प्रदर्शित करते हैं और महाराष्ट्र की समृद्ध प्राकृतिक, सांस्कृतिक और विरासत पर्यटन क्षमता को उजागर करते हैं।

****

पीके/केसी/एसकेजे/एसके


(रिलीज़ आईडी: 2317518) आगंतुक पटल : 76
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu , Marathi , Gujarati