रक्षा मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

भारतीय तटरक्षक बल ने पारादीप के पास समुद्री संकट में सहायता के लिए त्वरित अभियान संचालित किया


बेलीज के झंडे वाले झुके हुए टैंकर जहाज एमटी सीगल-9 को स्थिर किया गया

प्रविष्टि तिथि: 28 SEP 2026 5:00PM by PIB Delhi

भारतीय तटरक्षक बल (आईसीजी) ने ओडिशा के पारादीप से लगभग 37 समुद्री मील पूर्व-दक्षिण-पूर्व में बेलीज के झंडे वाले रसायन टैंकर ‘एमटी सीगल-9’ पर उत्पन्न संकटपूर्ण स्थिति के बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए समुद्र में एक बड़ी दुर्घटना को सफलतापूर्वक टाल दिया।

9 हजार मीट्रिक टन पाम ऑयल और 23 चालक दल के सदस्यों को लेकर जा रहे इस जहाज से 27 सितंबर, 2026 को सुबह लगभग साढ़े 7 बजे संकटग्रस्त होने का संदेश प्राप्त हुआ। जहाज के मुख्य इंजन में खराबी आने और बैलास्ट टैंक में तेजी से पानी भरने के कारण वह खतरनाक रूप से एक तरफ झुक गया था।

ऐसे मौके पर आईसीजीएस विश्वस्त को तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। भारतीय तटरक्षक बल का विशेष क्षति नियंत्रण दल अस्थिर जहाज पर पहुंचा और उसने तुरंत स्थिति को नियंत्रित करने के उपाय शुरू किए। टीम ने पानी निकालने के लिए सबमर्सिबल पंप लगाए, रिसाव को रोका, दो क्षतिग्रस्त पाइपलाइनों को बंद किया और तीसरी टूटी पाइपलाइन की मरम्मत की। इन प्रयासों से जहाज के पलटने का खतरा टालने में सफलता प्राप्त हुई।

इस बचाव अभियान को और कुशलता से पूरा करने के लिए भारतीय तटरक्षक बल ने एक प्रदूषण नियंत्रण पोत (पीसीवी) तथा एक अतिरिक्त अपतटीय गश्ती पोत (ओपीवी) को क्षेत्र में तैनात किया। साथ ही, वास्तविक समय में हवाई निगरानी के लिए भुवनेश्वर से भारतीय तटरक्षक बल का डोर्नियर विमान भी रवाना हुआ। 27 सितंबर, 2026 को जहाज के आसपास पाम ऑयल की हल्की परत दिखाई दी थी। 28 सितंबर, 2026 को की गई हवाई निगरानी के दौरान इसकी पुष्टि हुई कि यह परत पूरी तरह समाप्त हो चुकी है। समुद्री पारिस्थितिकी तंत्र की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रदूषण नियंत्रण से संबंधित कड़े उपाय लागू किए गए हैं।

जहाज के स्थिर होने के बाद पारादीप पोर्ट अथॉरिटी के टग जहाज डॉल्फिन ने एमटी सीगल-9 को खींचकर पारादीप के पास स्थित एंकर क्षेत्र तक पहुंचाया। आईसीजीएस विश्वस्त और तैनात किए गए अन्य विशेष संसाधन अब भी घटनास्थल पर मौजूद हैं। वे लगातार निगरानी बनाए हुए हैं और आवश्यक परिचालन सहायता उपलब्ध करा रहे हैं।

****

पीके/केसी/आरटी/एनके


(रिलीज़ आईडी: 2316107) आगंतुक पटल : 66
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu