रक्षा मंत्रालय
अभ्यास तरंग शक्ति-2026: ‘साझेदारी में शक्ति’
भारतीय वायुसेना ने जोधपुर में परिचालन चरण की शुरुआत की
प्रविष्टि तिथि:
27 SEP 2026 4:45PM by PIB Delhi
भारतीय वायु सेना ने कल आयोजित उद्घाटन समारोह के बाद जोधपुर वायु सेना स्टेशन पर ‘अभ्यास तरंग शक्ति-2026’ के परिचालन चरण की शुरुआत की। 26 सितंबर से 12 अक्टूबर, 2026 तक चलने वाले इस बहुपक्षीय वायु अभ्यास की विषय-वस्तु साझेदारी में शक्ति है। यह विषय-वस्तु मिलकर काम करने, जानकारी और अनुभव साझा करने तथा भाग लेने वाली वायु सेनाओं के बीच आपसी सहभागिता यानी आपसी तालमेल और साथ मिलकर काम करने की क्षमता को सशक्त करने से प्राप्त सामूहिक शक्ति को उजागर करती है।
इस अभ्यास में सात मित्र देश अर्थात ऑस्ट्रेलिया, अमेरिका, संयुक्त अरब अमीरात, फ्रांस, जर्मनी, श्रीलंका और बांग्लादेश भाग ले रहे हैं। इस अभ्यास में शामिल विदेशी विमानों में एफ-35 लाइटनिंग-2, राफेल, एफ-16, ए400एम, एमआरटीटी, सी-130, सी-130जे और केसी-30ए शामिल हैं। ये विमान लड़ाकू अभियानों, हवाई परिवहन और हवा में ईंधन भरने जैसी विभिन्न परिचालन क्षमताओं का प्रदर्शन करेंगे।
साल 2024 में आयोजित पहले सफल संस्करण के बाद ‘अभ्यास तरंग शक्ति-2026’ भाग लेने वाली वायु सेनाओं को उन्नत संयुक्त प्रशिक्षण, परिचालन संबंधी जानकारी के आदान-प्रदान और पेशेवर अनुभव साझा करने का अवसर प्रदान कर रहा है। अभ्यास में शामिल टुकड़ियां भारतीय वायु सेना के साथ मिलकर विभिन्न प्रकार के मिशनों में अग्रिम पंक्ति के लड़ाकू विमानों और सहायक संसाधनों का संचालन करेंगी। कई अन्य देश भी इस बहुपक्षीय वायु अभ्यास में पर्यवेक्षक के रूप में भाग लेंगे।
इस अभ्यास के दौरान एयरक्रू, मिशन योजनाकारों और परिचालन सहयोगी कर्मियों के बीच पेशेवर संवाद को बढ़ावा दिया जाएगा। इसमें आपसी सहभागिता यानी एक-दूसरे की प्रणालियों के साथ प्रभावी ढंग से काम करने की क्षमता, आपसी सीख, एयरोस्पेस सुरक्षा और परिचालन प्रक्रियाओं की बेहतर समझ पर विशेष जोर दिया जाएगा। इस पेशेवर संवाद के माध्यम से भाग लेने वाली वायु सेनाओं को साथ मिलकर काम करने, अनुभव साझा करने तथा एक-दूसरे की क्षमताओं और कार्यप्रणालियों को बेहतर ढंग से समझने का अवसर मिलेगा।
‘तरंग शक्ति’ अभ्यास का दायरा केवल उड़ान गतिविधियों तक सीमित नहीं है। अभ्यास के दौरान विभिन्न पेशेवर, सांस्कृतिक और जनसंपर्क गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी। इनमें विशेष सेमिनार, भाग लेने वाले विदेशी दलों के लिए औद्योगिक भ्रमण, सेखों मैराथन, विरासत भ्रमण और योग सत्र शामिल हैं।इन गतिविधियों के माध्यम से पेशेवर जानकारी और अनुभव साझा करने, भारत के एयरोस्पेस तथा औद्योगिक पारिस्थितिकी तंत्र को समझने और भाग लेने वाले दलों के बीच बेहतर तालमेल तथा आपसी सौहार्द बढ़ाने के अवसर मिलेंगे।
अभ्यास तरंग शक्ति-2026 भारतीय वायु सेना को अपनी परिचालन क्षमताओं, पेशेवर मानकों एवं संस्थागत मूल्यों को प्रदर्शित करने के साथ-साथ भारत की बढ़ती स्वदेशी एयरोस्पेस और रक्षा क्षमताओं को उजागर करने का अवसर प्रदान करता है। साझेदारी में शक्ति की विषय-वस्तु पर आधारित यह अभ्यास भाग लेने वाली वायु सेनाओं के बीच दीर्घकालिक साझेदारी को मजबूत करने में सहयोग, आपसी सहभागिता और आपसी विश्वास के महत्व को रेखांकित करता है।
_20260927164644_0c8067.jpeg)
_20260927164709_f24a71.jpeg)

_20260927164741_1127f9.jpeg)



***
पीके/केसी/आरटी/एनके
(रिलीज़ आईडी: 2315627)
आगंतुक पटल : 120