कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय
डीएआरई-आईसीएआर ने स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत स्कूली बच्चों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने की लिए पहल की
प्रविष्टि तिथि:
24 SEP 2026 4:53PM by PIB Delhi
कृषि अनुसंधान और शिक्षा विभाग (डीएआरई) और भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर), देश भर में अपने संस्थानों और शाखाओं के साथ मिलकर स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत स्वच्छता, साफ-सफाई और पर्यावरण के प्रति जागरूकता को बढ़ावा देने के लिए कई पहल कर रहे हैं। इन पहलों का मकसद स्वच्छता में लोगों की भागीदारी बढ़ाना और नागरिकों, खासकर स्कूली बच्चों को स्वच्छता और पर्यावरण के अनुकूल आदतें अपनाने के लिए प्रोत्साहित करना है।
इस अभियान के तहत, डीएआरई-आईसीएआर और पूर्वोत्तर क्षेत्र में इसके संस्थानों ने शिक्षण संस्थानों और स्थानीय समुदायों में स्वच्छता से जुड़ी गतिविधियां शुरू की हैं। इनका मुख्य उद्देश्य स्कूली बच्चों को स्वच्छता, साफ-सफाई और पर्यावरण संरक्षण के मूल्यों से जोड़ना है।

आईसीएआर-कृषि प्रौद्योगिकी अनुप्रयोग अनुसंधान संस्थान (एटीएआरआई), गुवाहाटी के विशेषज्ञों की टीम ने उत्तरी सिक्किम में एक पहल की शुरूआत की, जिसका मकसद छात्रों को स्वच्छता और टिकाऊ कचरा प्रबंधन के महत्व के बारे में जागरूक करना था। छात्रों को सफाई के तरीकों और वर्मीकम्पोस्टिंग से परिचित कराने के लिए उत्तरी सिक्किम के कृषि विज्ञान केंद्र (केवीके) का दौरा आयोजित किया गया, जिससे उन्हें जैविक कचरे को उपयोगी खाद में बदलने की प्रक्रिया को समझने का मौका मिला।
इसी तरह, मेघालय में आईसीएआर रिसर्च कॉम्प्लेक्स फॉर नॉर्थ ईस्टर्न हिल रीजन के तहत आने वाले कृषि विज्ञान केंद्र, री भोई ने केवीके के आस-पास के गांवों और सड़कों के किनारे सफाई अभियान आयोजित किए। संगठन के कर्मचारियों और स्थानीय निवासियों ने मिलकर सफाई अभियान में हिस्सा लिया, जिससे स्वच्छ पर्यावरण के लिए सामुदायिक भागीदारी और सामूहिक जिम्मेदारी का संदेश मजबूत हुआ।

ऐसी पहलों के ज़रिए, डीएआरई-आईसीएआर और उसके संस्थानों का नेटवर्क स्वच्छता के संदेश को संस्थानों की सीमाओं से बाहर छात्रों, समुदायों तथा नागरिकों की भागीदारी को प्रोत्साहित करके स्वच्छता ही सेवा अभियान में योगदान दे रहा है। ये पहलें जमीनी स्तर पर स्वच्छता को पर्यावरण जागरूकता और टिकाऊ तौर-तरीकों से जोड़ने के महत्व को भी उजागर करती हैं।
*****
पीके/केसी/एनएस
(रिलीज़ आईडी: 2314483)
आगंतुक पटल : 84