शिक्षा मंत्रालय
स्कूली शिक्षा और साक्षरता विभाग द्वारा ठोस और ई-वेस्ट प्रबंधन पर राष्ट्रीय वेबिनार का आयोजन
17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक स्कूल के छात्रों के लिए ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम 2026 पर क्विज़ आयोजित की जाएगी
विशेष अभियान 6.0 के तहत 7 लाख सफाई अभियान चलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया
प्रविष्टि तिथि:
16 SEP 2026 9:06PM by PIB Delhi
स्वच्छता ही सेवा 2026 और विशेष अभियान 6.0 की तैयारी के तौर पर शिक्षा मंत्रालय के स्कूली शिक्षा और साक्षरता विभाग द्वारा आज नई दिल्ली में ठोस अपशिष्ट और ई-कबाड़ (ई-वेस्ट) के प्रबंधन पर एक राष्ट्रीय वेबिनार आयोजित किया गया।
स्कूली शिक्षा और साक्षरता विभाग के सचिव श्री टी. के. अनिल कुमार ने स्कूली छात्रों में पर्यावरण के प्रति जागरूकता और ज़िम्मेदार नागरिकता की भावना पैदा करने के लिए राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) 2020 के विज़न पर ज़ोर दिया। उन्होंने बताया कि विशेष अभियान 5.0 के तहत चार राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश के 10 शहरों में लगभग एक लाख स्कूली छात्रों ने 4,000 किलो से अधिक ई-वेस्ट इकट्ठा किया। उन्होंने कहा कि प्रदूषण कम करने, संसाधनों को बचाने, पुर्नचक्रण (रीसाइक्लिंग) और उपयोगी सामग्री को निकालने को बढ़ावा देने तथा कचरे का सुरक्षित और वैज्ञानिक प्रबंधन सुनिश्चित करने के लिए ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम 2026 को प्रभावी तरीके से लागू करना ज़रूरी है।
स्कूली शिक्षा और साक्षरता विभाग की संयुक्त सचिव डॉ. अमरप्रीत दुग्गल ने मिशन लाइफ के लिए इको क्लबों की महत्वपूर्ण भूमिका के बारे में बताया, जो छात्रों को पर्यावरणीय चुनौतियों को समझने और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार दृष्टिकोण, मूल्यों और व्यवहार को विकसित करने के लिए एक महत्वपूर्ण मंच उपलब्ध कराते हैं। उन्होंने कहा कि स्वच्छता पखवाड़ा (1 से 15 सितंबर, 2026), स्वच्छता ही सेवा (17 सितंबर से 17 अक्टूबर, 2026) और विशेष अभियान 6.0 (2 से 31 अक्टूबर, 2026) का एक साथ होना, स्कूली छात्रों और व्यापक विद्यालय समुदाय के बीच स्वच्छता और जिम्मेदार पर्यावरणीय तरीकों की संस्कृति को अपनाने के अवसर हैं।
उन्होंने स्वच्छता ही सेवा 2026 के अंतर्गत कक्षा 6 से 12 तक के छात्रों के लिए "ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम 2026" पर एक प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता की भी घोषणा की। यह प्रश्नोत्तरी 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक इको क्लब्स फॉर मिशन लाइफ पोर्टल: https://ecoclubs.education.gov.in/swachhata-hi-seva?start=quiz पर आयोजित की जाएगी।
इस वेबिनार में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन पर विशेषज्ञों की प्रस्तुतियां और मिशन लाइफ के लिए इको क्लब्स के पोर्टल का डेमो दिखाया गया। इससे प्रतिभागियों को डिजिटल प्लेटफ़ॉर्म और पर्यावरण जागरूकता तथा छात्रों की भागीदारी के लिए उपलब्ध संसाधनों की जानकारी मिली।
'मिशन लाइफ' के तहत इको क्लब्स की देखरेख में आयोजित इस वेबिनार का उद्देश्य स्कूली छात्रों और संबंधित लोगों को ज़िम्मेदार अपशिष्ट प्रबंधन के तरीकों, कचरे को स्रोत पर ही अलग करने, रीसाइक्लिंग, दोबारा इस्तेमाल और ठोस तथा इलेक्ट्रॉनिक कचरे के सुरक्षित निपटान के बारे में जागरूक करना था। यूट्यूब पर हुए इस वेबिनार में 2.6 लाख से अधिक स्कूली छात्र, शिक्षक और समुदाय के लोग शामिल हुए।
आज एक और कार्यक्रम में विशेष अभियान 6.0 के लिए एक पोर्टल का भी शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर स्कूली शिक्षा और साक्षरता विभाग के सचिव ने बताया कि विभाग ने विशेष अभियान 6.0 के तहत पूरे देश में 7 लाख सफाई अभियान चलाने का लक्ष्य रखा है।
*****
पीके/केसी/एमके
(रिलीज़ आईडी: 2311180)
आगंतुक पटल : 51
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें:
English