रक्षा मंत्रालय
भारतीय तटरक्षक का 43वां कमांडर्स सम्मेलन 17 सितंबर से नई दिल्ली में शुरू हो रहा है
रक्षा राज्य मंत्री वरिष्ठ अधिकारियों को संबोधित करेंगे
प्रविष्टि तिथि:
16 SEP 2026 6:07PM by PIB Delhi
भारतीय तटरक्षक बल (आईसीजी) के कमांडर्स सम्मेलन का 43वां संस्करण 17 से 19 सितंबर, 2026 तक नई दिल्ली स्थित तटरक्षक मुख्यालय में आयोजित किया जाएगा। रक्षा राज्य मंत्री श्री संजय सेठ सम्मेलन के उद्घाटन दिवस पर भारतीय तटरक्षक बल के वरिष्ठ अधिकारियों को संबोधित करेंगे। उनका संबोधन भारतीय तटरक्षक बल को और मजबूत करने तथा देश के समुद्री हितों एवं राष्ट्रीय सुरक्षा की रक्षा में उसकी भूमिका को सुदृढ़ करने के प्रति सरकार की वचनबद्धता को दोहराएगा।
यह वार्षिक बैठक भारतीय तटरक्षक बल का सबसे बड़ा पेशेवर मंच है, जिसमें देशभर के वरिष्ठ कमांडर रणनीतिक, परिचालन और प्रशासनिक प्राथमिकताओं पर चर्चा के लिए एक मंच पर एकत्र होते हैं। तीन दिवसीय इस बैठक के दौरान मौजूदा एवं उभरती समुद्री सुरक्षा चुनौतियों, परिचालन तैयारियों व संसाधनों की तैनाती, क्षमता निर्माण तथा बल के आधुनिकीकरण के रोडमैप और राष्ट्रीय समुद्री रणनीति के अनुरूप संगठनात्मक प्राथमिकताओं पर चर्चा की जाएगी।
यह सम्मेलन ‘मेक इन इंडिया’ कार्यक्रम के तहत स्वदेशीकरण को बढ़ावा देने वाली मौजूदा गतिविधियों की भी समीक्षा करेगा। ये पहल सरकार के ‘आत्मनिर्भर भारत’ के दृष्टिकोण के अनुरूप हैं। यह सम्मेलन एक सशक्त, आधुनिक और भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार भारतीय तटरक्षक बल के निर्माण की दिशा में जारी प्रयासों में एक महत्वपूर्ण पड़ाव है। भारतीय तटरक्षक बल भारत के समुद्री हितों की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।
***
पीके/केसी/एनके /डीए
(रिलीज़ आईडी: 2311084)
आगंतुक पटल : 54