खान मंत्रालय
खान मंत्रालय ने विशेष अभियान 5.0 की उपलब्धियों को देखते हुए विशेष अभियान 6.0 के तहत ई-कचरा प्रबंधन के सुरक्षित निपटारे की व्यवस्था की
प्रविष्टि तिथि:
16 SEP 2026 5:07PM by PIB Delhi
सरकार ने 2 अक्टूबर से 31 अक्टूबर, 2026 तक विशेष अभियान 6.0 शुरू करने का निर्णय लिया है। विशेष अभियान 5.0 की उपलब्धियों को आगे बढ़ाते हुए, मंत्रालय इस वर्ष विशेष अभियान 6.0 की तैयारी कर रहा है, जिसमें “ई-कचरे का प्रभावी संग्रहण, पृथक्करण और निपटान” को प्रमुख क्षेत्र के रूप में रखा गया है। यह पहल स्वच्छता, सतत विकास और संसाधनों के जिम्मेदार प्रबंधन के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता के अनुरूप है।
विशेष अभियान 5.0 की सफलता और उसके बाद नवम्बर 2025 से अगस्त 2026 तक जारी प्रयासों को आगे बढ़ाते हुए, मंत्रालय और उसके क्षेत्रीय संगठनों ने प्रशासनिक दक्षता में सुधार तथा सरकारी संसाधनों के सर्वोत्तम उपयोग की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति दर्ज की है।
इस अवधि के दौरान कुल 1,772 जन शिकायतों का निवारण किया गया और 3,751 भौतिक फाइलों को हटाया गया, जिससे रिकॉर्ड प्रबंधन में सुधार और प्रशासनिक प्रक्रियाओं को सुव्यवस्थित करने में मदद मिली। अभियान के परिणामस्वरूप 1.7 लाख वर्ग फुट से अधिक कार्यालय स्थान खाली कराया गया, जिससे सरकारी परिसरों का अधिक प्रभावी उपयोग संभव हुआ। इसके अलावा, मंत्रालय और उसके संगठनों में 116 अभियान चलाए गए, जिनके तहत कबाड़ के निपटान से लगभग 19.33 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित हुआ।
विशेष अभियान 6.0 के तहत 15 से 30 सितम्बर, 2026 तक चलने वाले तैयारी चरण में सांसदों, प्रधानमंत्री कार्यालय और राज्य सरकारों से प्राप्त लंबित संदर्भों, जन शिकायतों और अपीलों, संसदीय आश्वासनों के निपटान के लिए लक्ष्यों की पहचान और निर्धारण के साथ-साथ रिकॉर्ड की समीक्षा एवं प्रबंधन पर ध्यान केन्द्रित किया जाएगा।
2 से 31 अक्टूबर, 2026 तक चलने वाले कार्यान्वयन चरण में खान मंत्रालय, उसके संबद्ध एवं अधीनस्थ कार्यालयों, केन्द्रीय सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों (सीपीएसई) और स्वायत्त निकायों के समन्वित प्रयासों के माध्यम से निर्धारित लक्ष्यों को प्राप्त करने पर ध्यान केन्द्रित किया जाएगा।
इस वर्ष की विषय वस्तु के अनुरूप, मंत्रालय ने मंत्रालय के अधीन एक स्वायत्त निकाय जेएनएआरडीडीसी को नामित किया है। यह निकाय एमआरएआई के सहयोग से जीपीओए और खान मंत्रालय के विभिन्न कार्यालयों के साथ-साथ विभिन्न राज्यों और स्थानों पर स्थित सरकारी कार्यालयों में ई-कचरा संग्रहण के लिए बूथ स्थापित करने की सुविधा प्रदान करेगा। इस पहल का उद्देश्य ई-कचरे से महत्वपूर्ण खनिजों के पुनर्चक्रण और पुनर्प्राप्ति को सुगम बनाना है, जो राष्ट्रीय महत्वपूर्ण खनिज मिशन (एनसीएमएम) के उद्देश्यों के अनुरूप है।
विशेष अभियान 6.0 के माध्यम से खान मंत्रालय स्वच्छता, सतत विकास, कुशल शासन और संसाधनों के जिम्मेदार प्रबंधन की दिशा में अपने प्रयासों को और मजबूत करेगा तथा सतत विकास के व्यापक राष्ट्रीय उद्देश्य में योगदान देगा।
यह अभियान सरकारी कार्यालयों में कुशल कार्यप्रणालियों को संस्थागत रूप देने और ई-कचरे सहित संसाधनों के पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार प्रबंधन को बढ़ावा देने के मंत्रालय के प्रयासों को और सुदृढ़ करेगा।
***
पीके/केसी/केपी
(रिलीज़ आईडी: 2310993)
आगंतुक पटल : 26