रक्षा मंत्रालय
एकीकृत रक्षा कार्मिक मुख्यालय समकालीन सुरक्षा चुनौतियों पर ‘कोर’ कार्यक्रम आयोजित करेगा
प्रविष्टि तिथि:
13 SEP 2026 3:28PM by PIB Delhi
एकीकृत रक्षा कार्मिक मुख्यालय (आईडीएस) 14 से 18 सितंबर 2026 तक नई दिल्ली स्थित मानेकशा केंद्र में रक्षा बलों के वरिष्ठ अधिकारियों के लिए ‘संयुक्त परिचालन समीक्षा एवं मूल्यांकन’ (कोर) कार्यक्रम आयोजित कर रहा है। पांच दिवसीय इस कार्यक्रम में रक्षा मंत्रालय, विदेश मंत्रालय और गृह मंत्रालय के अधिकारी भी भाग ले रहे हैं।
कोर कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य वरिष्ठ अधिकारियों को विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों और प्रख्यात वक्ताओं के साथ संवाद के माध्यम से मौजूदा राष्ट्रीय एवं क्षेत्रीय सुरक्षा मुद्दों से अवगत कराना है। यह कार्यक्रम प्रतिभागियों को उभरती सुरक्षा चुनौतियों की गहन समझ विकसित करने में मदद करेगा और भविष्य में नेतृत्व की भूमिकाओं में संतुलित व सूचित निर्णय लेने में सक्षम बनाएगा।
पांच दिवसीय इस कार्यक्रम में उभरती क्षेत्रीय एवं वैश्विक सुरक्षा चुनौतियों, युद्ध के तरीकों में हो रहे तकनीकी बदलाव, रणनीतिक संचार तथा जटिल सुरक्षा मुद्दों से निपटने के लिए नागरिक और सैन्य प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय की आवश्यकता जैसे विभिन्न विषयों पर चर्चा होगी।
यह कार्यक्रम एकीकृत रक्षा कार्मिक मुख्यालय की पेशेवर क्षमताओं को मजबूत करने, आपसी सहयोग व एकीकृत सोच को बढ़ावा देने तथा वरिष्ठ नेतृत्व को राष्ट्रीय सुरक्षा के बदलते और उभरते खतरों का प्रभावी ढंग से सामना करने के लिए तैयार करने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
****
पीके/केसी/एनके
(रिलीज़ आईडी: 2309804)
आगंतुक पटल : 44