सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय
सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय ने नशा मुक्त भारत अभियान के तहत आध्यात्मिक संगठनों के साथ साझेदारी का विस्तार किया
चार आध्यात्मिक संगठनों के साथ समझौता ज्ञापनों पर कल नई दिल्ली में हस्ताक्षर किए जाएंगे
प्रविष्टि तिथि:
08 SEP 2026 6:41PM by PIB Delhi
सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय के अधीन सामाजिक न्याय और अधिकारिता विभाग, नशा मुक्त भारत अभियान (एनएमबीए) के तहत आध्यात्मिक संगठनों के साथ अपने सहयोग का विस्तार कर रहा है। इससे नशा मुक्त भारत के निर्माण के साझा विजन को आगे बढ़ाया जाएगा।
समुदायों का मार्गदर्शन करने, अनुशासन स्थापित करने और मूल्य-आधारित जीवन को बढ़ावा देने में आध्यात्मिक संगठनों की महत्वपूर्ण भूमिका को स्वीकार करते हुए, विभाग ने मादक द्रव्यों के सेवन के विरुद्ध जागरूकता और लोकसंपर्क को सुदृढ़ करने के लिए प्रमुख आध्यात्मिक संस्थानों के साथ साझेदारी की है।
इस पहल को आगे बढ़ाते हुए, विभाग अध्यात्म विज्ञान सत्संग केंद्र, चिन्मय मिशन, दिव्य ज्योति जागृति संस्थान और हरे कृष्णा मूवमेंट के साथ समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर करेगा। हस्ताक्षर समारोह कल बुधवार को राष्ट्रीय राजधानी में सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय के कार्यालय में आयोजित किया जाएगा। इसमें सामाजिक न्याय और अधिकारिता सचिव श्री सुधांश पंत, विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और पूज्य आध्यात्मिक गुरु उपस्थित रहेंगे।

इससे पूर्व, आर्ट ऑफ लिविंग, ब्रह्मा कुमारी, संत निरंकारी मिशन, इस्कॉन, श्री राम चंद्र मिशन, ऑल वर्ल्ड गायत्री परिवार, शिवानंद योग वेदांत धनवंतरी आश्रम और पतंजलि विश्वविद्यालय के साथ समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए थे ।
इन साझेदारियों ने जन जागरूकता कार्यक्रमों, स्वयंसेवकों को संगठित करने और नशामुक्ति प्रयासों में योग, ध्यान और आध्यात्मिक परामर्श को एकीकृत करने में सहायता प्रदान की है।

क्यूआर कोड स्कैन करें और पंजीकरण करें
नशा मुक्ति मित्र के रूप में!
आध्यात्मिक संगठनों की भागीदारी नैतिक मार्गदर्शन प्रदान करती है, गतिशीलता बढ़ाती है और जमीनी स्तर पर समुदायों को संगठित करने में मदद करती है। आध्यात्मिक शक्ति को सामाजिक एकजुटता के साथ जोड़कर, एनएमबीए यह सुनिश्चित करना चाहता है कि रोकथाम और पुनर्प्राप्ति का संदेश समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंचे।

क्यूआर कोड स्कैन करें और आगे बढ़ें
एनएमबीए ई-प्रतिज्ञा!
मंत्रालय का मानना है कि ये साझेदारियां नशा मुक्त भारत के विजन को साकार करने के लिए आवश्यक सामूहिक संकल्प और समग्र समाज के दृष्टिकोण को सुदृढ़ करेंगी। इससे विकसित भारत की ओर अग्रसर एक स्वस्थ, मजबूत और अधिक गतिशील राष्ट्र बनाने में योगदान मिलेगा ।

डाउनलोड करने के लिए क्यूआर कोड स्कैन करें
एनएमबीए ऐप!
****
पीके/केसी/एसकेजे/एसवी
(रिलीज़ आईडी: 2307997)
आगंतुक पटल : 101