रक्षा मंत्रालय
एयर मार्शल संदीप थरेजा ने डीजीएएफएमएस का पदभार ग्रहण किया
प्रविष्टि तिथि:
01 SEP 2026 4:55PM by PIB Delhi
एयर मार्शल संदीप थरेजा ने 1 सितंबर, 2026 को सशस्त्र बल चिकित्सा सेवा महानिदेशालय (डीजीएएफएमएस) के 47वें महानिदेशक का पदभार ग्रहण किया। वे अब डीजीएएफएमएस के रूप में रक्षा सेनाओं को व्यापक चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने की व्यवस्था की देखरेख करेंगे। एयर मार्शल थरेजा की नियुक्ति सशस्त्र बल चिकित्सा सेवा में बड़े बदलाव के दौर में हुई है, जिसमें परिचालन चिकित्सा तैयारी, संयुक्तता, सैन्य स्वास्थ्य सेवाओं का आधुनिकीकरण, डिजिटल स्वास्थ्य, चिकित्सा अनुसंधान व नवाचार, मानव संसाधन विकास और सेवारत कर्मियों, पूर्व सैनिकों एवं उनके आश्रितों को उच्च गुणवत्ता वाली स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने पर लगातार बल दिया जा रहा है।

एयर मार्शल थरेजा पुणे स्थित आर्म्ड फोर्सेज मेडिकल कॉलेज (एएफएमसी) के पूर्व छात्र रहे हैं। उन्हें दिसंबर 1986 में सैन्य चिकित्सा कोर में कमीशन मिला था। उन्होंने एक प्रसिद्ध फिजिशियन और गैस्ट्रोएंटेरोलॉजिस्ट के रूप में दिल्ली से मेडिसिन में एमडी तथा नई दिल्ली स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) से गैस्ट्रोएंटेरोलॉजी में डीएम की डिग्री हासिल की है।
एयर मार्शल थरेजा ने लगभग चार दशकों के अपने शानदार करियर के दौरान चिकित्सा, अकादमिक, परिचालन और प्रशासनिक क्षेत्रों में कई महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया है। उनके प्रमुख कमान और प्रशासनिक पदों में 167 मिलिट्री हॉस्पिटल के कमांडेंट, बेस हॉस्पिटल दिल्ली कैंट में ब्रिगेडियर इंचार्ज एडमिनिस्ट्रेशन एवं कमांडर ट्रूप्स तथा कमांड हॉस्पिटल (सेंट्रल कमांड) के कमांडेंट का पद शामिल है। कोविड-19 महामारी के दौरान बेस हॉस्पिटल दिल्ली कैंट में उनके कार्यकाल में स्वास्थ्य सेवाओं और प्रशासन से जुड़ी जटिल तथा तेजी से बदलती चुनौतियों का प्रभावी प्रबंधन किया गया। लखनऊ स्थित कमांड हॉस्पिटल में उनके कार्यकाल के दौरान नए कमांड हॉस्पिटल के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट रिकॉर्ड समय में तैयार की गई।
एएफएमसी पुणे में निदेशक और कमांडेंट के रूप में उन्होंने चिकित्सा शिक्षा तथा अनुसंधान को उत्कृष्ट बनाने के लिए कई पहल कीं। डीजीएमएस (एयर) के रूप में उन्होंने गगनयान मिशन को आगे बढ़ाने और अंतरिक्ष यात्रियों के चयन तथा प्रशिक्षण के लिए एनालॉग प्रयोगों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनकी देखरेख में प्रधानमंत्री ने मॉलदीव को बीएचआईएसएचएम (भारत हेल्थ इनिशिएटिव फॉर सहयोग, हित और मैत्री) क्यूब्स भेंट किए। मानवीय सहायता एवं आपदा राहत-एचएडीआरके तहत जमैका, क्यूबा, श्रीलंका और म्यांमार को भी ये क्यूब्स उपलब्ध कराए गए।
डीजीएएफएमएस का पदभार संभालने से पहले एयर मार्शल संदीप थरेजा ने नई दिल्ली स्थित राष्ट्रीय समर स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित की और शहीद वीरों को श्रद्धांजलि दी।

****
पीके/केसी/एनके
(रिलीज़ आईडी: 2305626)
आगंतुक पटल : 126