स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय
मिशन कर्मयोगी के क्रियान्वयन के लिए संगठनात्मक क्षमता को मजबूत करने के उद्देश्य से, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने राष्ट्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण संस्थान (एनआईएचएफडब्ल्यू), क्षमता विकास आयोग (सीबीसी) और कर्मयोगी भारत के सहयोग से एमडीओ (मंत्रालय/विभाग/संगठन) के दो-दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन का आयोजन किया
प्रविष्टि तिथि:
21 AUG 2026 5:20PM by PIB Delhi
केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग (डीओएचएफडब्ल्यू) के अंतर्गत आने वाले मंत्रालयों, विभागों और संगठनों (एमडीओ) का दो-दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन 20-21 अगस्त 2026 को राष्ट्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण संस्थान (एनआईएचएफडब्ल्यू), नई दिल्ली में आयोजित किया गया। मिशन कर्मयोगी के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए संगठनात्मक क्षमता को मजबूत करने के लिए इस सम्मेलन का आयोजन डीओएचएफडब्ल्यू के प्रशिक्षण प्रभाग द्वारा एनआईएचएफडब्ल्यू, क्षमता विकास आयोग (सीबीसी) और कर्मयोगी भारत के सहयोग से किया गया था।

इस सम्मेलन में डीओएचएफडब्ल्यू के तहत आने वाले 140 संस्थानों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया, जिससे समग्र-सरकार के दृष्टिकोण को बढ़ावा देने और अलग-अलग विभागों के बीच बनी रुकावटों को खत्म करने के लिए ज्ञान के आदान-प्रदान, नेटवर्किंग और सहयोग का एक मंच मिला। उद्घाटन सत्र में क्षमता विकास आयोग (सीबीसी) की सदस्य डॉ. अलका मित्तल मुख्य अतिथि के रूप में और कर्मयोगी भारत के चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर श्री राकेश वर्मा शामिल हुए।

दूसरे दिन, केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय की अपर सचिव (प्रशिक्षण) डॉ. विनोद कोटवाल ने इस कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई और क्षमता विकास के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने एमडीओ (मंत्रालय, विभाग और संगठनों)को देखभाल करने वालों, नर्सिंग और अलाइड हेल्थ प्रोफेशनल्स, बुजुर्गों की देखभाल और अन्य प्राथमिकता वाले क्षेत्रों के लिए हेल्थ डोमेन कोर्स में योगदान देने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने एमडीओ से क्षमता विकास इकाइयों (सीबीयू) जैसी पहलों को मजबूत करने और वार्षिक क्षमता विकास योजना (एसीबीपी) 2026-27 को अंतिम रूप देने का भी आग्रह किया।

सम्मेलन के दौरान साधना सप्ताह में उत्कृष्ट योगदान देने वाले शीर्ष प्रदर्शन करने वाले एमडीओ (मंत्रालय, विभागों और संगठनों) को अपर सचिव द्वारा सम्मानित किया गया, जिसके चलते डीओएचएफडब्ल्यू ने 50,000 से अधिक कर्मचारियों की श्रेणी में तीसरा स्थान प्राप्त किया था। इस सम्मेलन का समापन उपलब्धियों, चुनौतियों और आगे की रूपरेखा पर प्रस्तुत और उसके बाद प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र वितरित करने के साथ हुआ।

*************
पीके/केसी/डीवी/डीए
(रिलीज़ आईडी: 2302054)
आगंतुक पटल : 78