कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय
कौशल विकास और उद्यमिता मंत्रालय द्वारा बालुरघाट में आयोजित पश्चिम बंगाल के पहले कौशल महोत्सव में भारी तादाद में लोग शामिल हुए
4500 से अधिक युवाओं को शॉर्टलिस्ट किया गया और 7500 से अधिक के इंटरव्यू लिए गए
प्रविष्टि तिथि:
18 AUG 2026 8:00PM by PIB Delhi
बालुरघाट में आयोजित कौशल महोत्सव में हज़ारों युवाओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। यह महोत्सव दक्षिण दिनाजपुर और आस-पास के इलाकों के नौकरी चाहने वालों को रोज़गार के अवसरों से जोड़ने वाला एक बड़ा मंच बनकर उभरा। भारत सरकार के कौशल विकास और उद्यमिता मंत्रालय ने पश्चिम बंगाल सरकार और राष्ट्रीय कौशल विकास निगम (एनएसडीसी) के साथ मिलकर इस महोत्सव का आयोजन किया। इसमें ऐतिहासिक भीड़ देखी गई और 7,500 से अधिक साक्षात्कार (इंटरव्यू) हुए। 50 से अधिक नियोक्ताओं की ओर से 7,000 से ज़्यादा नौकरी के अवसर प्रदान किए गए। इससे विनिर्माण, खुदरा, लॉजिस्टिक्स, स्वास्थ्य सेवा, आतिथ्य, खाद्य प्रसंस्करण, बैंकिंग और वित्तीय सेवाओं तथा अन्य सेवाओं सहित विभिन्न क्षेत्रों में अपना करियर बनाने के इच्छुक स्थानीय युवाओं को विविध अवसर उपलब्ध हुए।
इस कार्यक्रम में भारत सरकार के शिक्षा राज्य मंत्री और पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास राज्य मंत्री डॉ. सुकांत मजूमदार, पश्चिम बंगाल सरकार के जनजातीय विकास विभाग, अल्पसंख्यक मामलों और मदरसा शिक्षा विभाग के प्रभारी मंत्री श्री क्षुदिराम टुडू, पश्चिम बंगाल सरकार के सिंचाई और जलमार्ग विभाग और जनजातीय विकास विभाग के राज्य मंत्री श्री जॉयल मुर्मू, मालदा उत्तर के सांसद श्री खगेन मुर्मू, बालुरघाट के विधायक श्री बिद्युत कुमार रॉय, तपन के विधायक श्री बदुरई टुडू, गंगारामपुर के विधायक श्री सत्येंद्रनाथ रॉय, पश्चिम बंगाल सरकार के तकनीकी शिक्षा, प्रशिक्षण और कौशल विकास के प्रधान सचिव श्री राजीव कुमार कौशल, विकास और उद्यमिता मंत्रालय में निदेशक श्री वीएस अरविंद, दक्षिण दिनाजपुर के जिला मजिस्ट्रेट श्री बालासुब्रमण्यम टी. और दक्षिण दिनाजपुर के पुलिस अधीक्षक श्री अभिषेक गुप्ता शामिल हुए।
भारत सरकार में शिक्षा राज्य मंत्री और पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास राज्य मंत्री डॉ. सुकांत मजूमदार ने इस बात पर ज़ोर दिया कि शिक्षा और कौशल, रोज़गार और सफलता के दो मुख्य आधार हैं। उन्होंने कहा, "हमारे प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने 'स्किल इंडिया मिशन' की परिकल्पना की थी ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि भारत के युवा कुशल बनें और उन्हें बेहतर रोज़गार के अवसरों से जुड़ने के लिए एक मंच मिले और कौशल महोत्सव उन्हीं के मार्गदर्शन में शुरू की गई एक ऐसी ही पहल है।"
उन्होंने प्रैद्योगिकी के सही इस्तेमाल को बढ़ावा देते हुए युवाओं से डिजिटल प्लेटफॉर्म का लाभ उठाने और अपने मोबाइल फोन को केवल मनोरंजन का ज़रिया न मानकर सीखने और आगे बढ़ने का माध्यम बनाने का आग्रह किया। इसके साथ ही, उन्होंने युवाओं से जीवन भर सीखते रहने और कौशल विकास की संस्कृति को अपनाने का आह्वान किया।
उन्होंने बालुरघाट में कौशल महोत्सव आयोजित करने के लिए भारत सरकार में कौशल विकास और उद्यमिता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) तथा शिक्षा राज्य मंत्री श्री जयंत चौधरी के प्रयासों की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि किसी दूर-दराज़ इलाके में ऐसी पहल को ले जाना सरकार की उस प्रतिबद्धता को दर्शाता है जिसके तहत यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि भौगोलिक स्थिति पर ध्यान दिए बगैर, कौशल और रोज़गार के अवसर हर उस युवा तक पहुंचें जो आगे बढ़ना चाहता है।
इस कार्यक्रम को शानदार सफलता दिलाने के लिए रॉयल एनफील्ड, विप्रो, एक्सिस बैंक, बार्बेक्यू नेशन, ब्लिंक कॉमर्स, एचपी कॉटन कैजुअल्स, सोडक्सो, स्पंदना स्फूर्ति फाइनेंशियल, टाटा प्रोजेक्ट्स, टीवीएस सप्लाई चेन, विप्रो कावासाकी प्रिसिजन मशीनरी और ज़ेप्टो जैसी विभिन्न क्षेत्र की कंपनियों ने इसमें हिस्सा लिया। इसमें 7500 से अधिक इंटरव्यू हुए और 4500 से ज़्यादा उम्मीद्वारों को शॉर्टलिस्ट किया गया।
कौशल महोत्सव, भारत सरकार के कौशल विकास और उद्यमिता मंत्रालय की एक विशेष पहल है। इसका उदे्श्य युवाओं को रोज़गार और करियर के अवसरों से जोड़ना और उनके लिए सार्थक तथा सकारात्मक बदलाव लाना है।





T85S.jpeg)
****
पीके/केसी/एमके/डीए
(रिलीज़ आईडी: 2301016)
आगंतुक पटल : 172