सहकारिता मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह कल अलवर सरस डेयरी परिसर में नवीन डेयरी संयंत्र का शिलान्यास करेंगे


विभिन्न दुग्ध संघों के डेयरी प्रोसेसिंग प्लांट एवं कैटल फीड प्लांट का ई-लोकार्पण

17 जिलों में ₹6,262 करोड़ की विविध विकास कार्यों का ई-शिलान्यास एवं ई-लोकार्पण

‘सहकार से समृद्धि’ के मंत्र के अनुरूप सहकारी संस्थाओं और किसानों को सशक्त करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल

प्रविष्टि तिथि: 15 AUG 2026 6:39PM by PIB Delhi

माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के ‘सहकार से समृद्धि’ के विजन को आगे बढ़ाते हुए, केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह जी 16 अगस्त 2026 को राजस्थान के अलवर स्थित विजयनगर ग्राउंड में अलवर सरस डेयरी परिसर में नवीन डेयरी संयंत्र का शिलान्यास करेंगे। इस अवसर पर श्री अमित शाह विभिन्न दुग्ध संघों के डेयरी प्रोसेसिंग प्लांट एवं कैटल फीड प्लांट का ई-लोकार्पण भी करेंगे।

कार्यक्रम के दौरान माननीय केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह द्वारा नए केन्द्रीय सहकारी बैंकों के गठन की घोषणा की जाएगी तथा विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को रिमोट के माध्यम से प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (DBT) के जरिए राशि हस्तांतरित की जाएगी। इनमें प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना तथा प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के लाभार्थी शामिल होंगे।

समारोह में राजस्थान के 17 जिलों में ₹6,262 करोड़ की लागत के विभिन्न विकास कार्यों का ई-शिलान्यास एवं ई-लोकार्पण किया जाएगा। साथ ही, रोजगार उत्सव के अंतर्गत 10548 नवनियुक्त कार्मिकों को नियुक्ति पत्र भी वितरित किए जाएंगे।

अलवर सरस डेयरी परिसर में नवीन डेयरी संयंत्र का शिलान्यास तथा विभिन्न डेयरी प्रोसेसिंग एवं कैटल फीड प्लांट का ई-लोकार्पण राज्य में डेयरी सहकारी क्षेत्र की प्रसंस्करण एवं उत्पादन क्षमता को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम होगा। इससे आधुनिक डेयरी अवसंरचना को बढ़ावा मिलेगा, दुग्ध उत्पादकों के लिए बेहतर अवसर सृजित होंगे तथा सहकारिता के माध्यम से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को और अधिक सशक्त बनाने में योगदान मिलेगा।

यह पहल माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के ‘सहकार से समृद्धि’ के मंत्र के अनुरूप सहकारी संस्थाओं को आधुनिक, सक्षम और आत्मनिर्भर बनाने तथा किसानों एवं दुग्ध उत्पादकों को सहकारिता के माध्यम से आर्थिक रूप से सशक्त करने की सरकार की प्रतिबद्धता को और मजबूत करेगी।

****

AK/AP


(रिलीज़ आईडी: 2299954) आगंतुक पटल : 194
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu , Gujarati