जनजातीय कार्य मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों में शिक्षकों और कर्मचारियों की भर्ती

प्रविष्टि तिथि: 13 AUG 2026 2:12PM by PIB Delhi

जनजातीय कार्य मंत्रालय को एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों (ईएमआरएस) में शिक्षकों और कर्मचारियों के लिए केंद्रीकृत भर्ती प्रक्रिया को पलटने (रिवर्स) के लिए कोई अभ्यावेदन प्राप्त नहीं हुआ है

सरकार ने 12वीं तक की कक्षाओं में कुल 480 छात्रों की संख्या वाले ईएमआरएस के लिए प्रति ईएमआरएस 31 शिक्षण पदों और 21 गैर-शिक्षण पदों को मंजूरी दी है, जिन पर भर्ती चरणबद्ध तरीके से की जाएगी। प्रत्येक विद्यालय के लिए स्वीकृत 21 गैर-शिक्षण पदों में से 13 पदों को स्थानीय रोजगार और सामुदायिक भागीदारी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आउटसोर्सिंग के माध्यम से भर्ती के लिए निर्धारित किया गया है।

ईएमआरएस में योग्य और सक्षम शिक्षण और गैर-शिक्षण कर्मियों की नियुक्ति सुनिश्चित करने के लिए ईएमआरएस कर्मचारी चयन परीक्षा (ईएसएसई) के माध्यम से केंद्रीकृत भर्ती तंत्र स्थापित किया गया है। 9111 शिक्षण और गैर-शिक्षण कर्मचारियों की पहले ही भर्ती की जा चुकी है और देश भर में ईएमआरएस के लिए 7267 शिक्षण और गैर-शिक्षण कर्मचारियों के एक दूसरे बैच के लिए परीक्षा आयोजित की गई है।

ईएमआरएस में कार्य ग्रहण करने वाले कर्मचारियों को जनजातीय संस्कृति के महत्व, जनजातीय छात्रों के स्तर में सुधार के तरीकों और क्षेत्रीय भाषाओं को सीखने सहित विभिन्न क्षेत्रों में प्रशिक्षण प्रदान किया जाता है।

जनजातीय संस्कृति, भाषा और स्थानीय आवश्यकता से परिचित होने के लिए राज्य शैक्षिक समितियों और ईएमआरएस में तैनात क्षेत्रीय भाषा शिक्षकों के माध्यम से स्थानीय भाषाओं पर सत्र आयोजित करने की व्यवस्था की गई है। नियुक्ति के प्रस्ताव के नियमों और शर्तों के अनुसार, उम्मीदवारों को नियुक्ति परिवीक्षा अवधि के दौरान तैनाती वाले राज्य की क्षेत्रीय भाषा में अर्हता (योग्यता) प्राप्त करने की आवश्यकता को भी पूरा करना आवश्यक है।

जनजातीय कार्य राज्यमंत्री श्री दुर्गादास उइके ने आज लोकसभा में एक प्रश्न के लिखित उत्तर में यह जानकारी दी।

*****

पीके/केसी/एसकेएस/एसके


(रिलीज़ आईडी: 2299111) आगंतुक पटल : 40
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu