शिक्षा मंत्रालय
विद्यालय शिक्षा में विद्यांजलि की स्थिति और सामुदायिक भागीदारी
प्रविष्टि तिथि:
05 AUG 2026 6:16PM by PIB Delhi
विद्यांजलि, शिक्षा मंत्रालय के विद्यालय शिक्षा एवं साक्षरता विभाग की एक पहल है। इसका उद्देश्य एक समर्पित पोर्टल के माध्यम से समुदाय तथा स्वयंसेवकों को जोड़कर उनकी भागीदारी द्वारा सरकारी और सरकारी सहायता प्राप्त विद्यालयों को संसाधन एवं सहायता प्रदान करने के कार्य को सुगम बनाना है। यह पहल राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) 2020 के अनुरूप है, जिसके अनुच्छेद 3.7 के अंतर्गत, व्यक्तिगत शिक्षण, साक्षरता एवं उपचारात्मक सहायता, शिक्षण सहायता एवं मार्गदर्शन, कैरियर मार्गदर्शन एवं परामर्श तथा अन्य गतिविधियों के माध्यम से अधिगम को बढ़ावा देने के लिए स्वयंसेवी प्रयासों में समुदाय के सदस्यों और पूर्व-छात्रों की अधिक भागीदारी की परिकल्पना की गई है। इस संदर्भ में, विद्यांजलि ऐसे स्वयंसेवी एवं सामुदायिक सहयोग को विद्यालयों तक पहुंचाने के लिए एक सुव्यवस्थित मंच प्रदान करती है।
पिछले एक वर्ष के दौरान, विद्यांजलि पोर्टल पर 1,27,884 स्कूल, 32,581 स्वयंसेवक और 1,126 सीएसआर संगठन/एनजीओ/संस्थान नए सिरे से पंजीकृत हुए हैं। इस अवधि के दौरान विद्यांजलि के अंतर्गत प्राप्त प्रमुख उपलब्धियों में दिल्ली के सरकारी स्कूलों में एआई और रोबोटिक्स इनोवेशन लैब की स्थापना, राजस्थान के धौलपुर में डिजिटल कक्षाओं का निर्माण और शिक्षकों की क्षमता निर्माण, मिजोरम के मामित में डिजिटल इन्फ्रास्ट्रक्चर को सुदृढ़ करना, एनआईसीएसआई द्वारा उत्तर प्रदेश के बागपत के सरकारी स्कूलों को डेस्कटॉप कंप्यूटर उपलब्ध कराकर डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा देना और बिहार के बेगुसराय के सरकारी स्कूलों में बाला (बीएएलए) पेंटिंग के माध्यम से विद्यालय के वातावरण में सुधार करना शामिल है। इन पहलों से प्रौद्योगिकी-आधारित शिक्षा को बढ़ावा मिला है, शिक्षकों की क्षमता में वृद्धि हुई है, विद्यालय के बुनियादी ढांचे में सुधार हुआ है और छात्रों के लिए अधिक आकर्षक शिक्षण वातावरण का निर्माण हुआ है।
नीति आयोग द्वारा जारी एनजीओ दर्पण विशिष्ट आईडी के माध्यम से गैर-सरकारी संगठनों को विद्यांजलि पोर्टल पर पंजीकृत किया जाता है, जिसका सत्यापन दर्पण पोर्टल के माध्यम से किया जाता है। सीएसआर संगठनों को सत्यापन के लिए पैन कार्ड, जीएसटी पंजीकरण प्रमाण पत्र या उद्यम पंजीकरण प्रमाण पत्र जैसे वैध पंजीकरण दस्तावेज जमा करने होते हैं। सीएसआर भागीदारी को सुगम बनाने के लिए, विद्यांजलि दो अलग-अलग सहभागिता ढांचे यानी सीएसआर बल्क सहभागिता और अडॉप्ट-ए-स्कूल मॉडल प्रदान करता है। सीएसआर बल्क सहभागिता ढांचे के तहत, सीएसआर संगठन कई स्कूलों में चिन्हित आवश्यकताओं के लिए सहायता प्रदान कर सकते हैं, जबकि अडॉप्ट-ए-स्कूल मॉडल के तहत, एक संगठन किसी चिन्हित स्कूल को उसकी विशिष्ट आवश्यकताओं के आधार पर निरंतर सहायता प्रदान कर सकता है। गैर-सरकारी संगठनों/सीएसआर संगठनों का पंजीकरण संबंधित राज्य/केंद्र शासित प्रदेश द्वारा अनुमोदित किया जाता है, जबकि केंद्रीय सार्वजनिक क्षेत्र के उद्यमों (सीपीएसई) का पंजीकरण केंद्रीय स्तर पर अनुमोदित किया जाता है।
विद्यांजलि कार्यक्रम के कार्यान्वयन की निगरानी इसके डिजिटल पोर्टल के माध्यम से की जाती है, जो स्वयंसेवी भागीदारी, संस्थागत सहयोग, किए गए कार्य, निर्मित संसाधन और लाभार्थी विद्यालयों से संबंधित जानकारी एकत्र करता है। ये पहल शिक्षण संसाधनों को सुदृढ़ करके, अनुभवात्मक और प्रौद्योगिकी-आधारित शिक्षा को बढ़ावा देकर तथा स्कूली शिक्षा में सामुदायिक भागीदारी को प्रोत्साहित करके सरकारी प्रयासों को पूरक बनाती हैं। विशेष अभियान 5.0 (2025) के दौरान स्वयंसेवकों, विद्यालय प्रबंधन समितियों और स्थानीय समुदायों के सहयोग से किए गए बालांजलि कार्यक्रम से संबंधित भित्तिचित्र, भित्ति कला और सौंदर्यीकरण गतिविधियों ने भी बाल-अनुकूल और आकर्षक शिक्षण वातावरण बनाने में योगदान दिया है।
सरकार विशेष रूप से महत्वाकांक्षी और शैक्षिक रूप से पिछड़े जिलों में, आवश्यकता-आधारित सामुदायिक और संस्थागत भागीदारी के माध्यम से इन पहलों को लगातार मजबूत और विस्तारित कर रही है। स्कूलों को विद्यांजलि पोर्टल पर अपनी आवश्यकताओं को पहचानने और अपलोड करने में सक्षम बनाया गया है, जिससे स्वयंसेवकों, पूर्व छात्रों, गैर-सरकारी संगठनों, सीएसआर संगठनों और अन्य संस्थानों से सहयोग प्राप्त करना आसान हो जाता है। राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों के साथ अभिविन्यास कार्यक्रम, समीक्षा बैठकें और सीएसआर कार्यशालाएं व्यापक भागीदारी को और बढ़ावा देती हैं। सीएसआर समर्थित पहलों को धौलपुर (राजस्थान) और मामित (मिजोरम) जैसे महत्वाकांक्षी जिलों में सुगम बनाया गया है, जिनमें डिजिटल कक्षाएं, एसटीईएम/एआई प्रयोगशालाएं और स्कूल के इन्फ्रास्ट्रक्चर में सुधार शामिल हैं।
शिक्षा मंत्रालय के विद्यालय शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के तत्वावधान में राष्ट्रीय मूल्यांकन केंद्र, पारख, एनसीईआरटी द्वारा पारख राष्ट्रीय सर्वेक्षण 2024 (पूर्व में राष्ट्रीय उपलब्धि सर्वेक्षण) का आयोजन किया गया था। इसका उद्देश्य शिक्षा के मूलभूत (बालवाटिका प्रथम से द्वितीय कक्षा), प्रारंभिक (तृतीय से पंचम) और मध्य चरणों (छठी से अष्टम) के अंत में विद्यार्थियों द्वारा अर्जित अधिगम दक्षताओं के आधारभूत प्रदर्शन को समझना था। इसके लिए विद्यार्थियों का मूल्यांकन क्रमशः तृतीय, षष्ठ और षष्ठम कक्षा में किया गया। पारख राष्ट्रीय सर्वेक्षण 2024 के राष्ट्रीय, राज्य और जिला स्तरीय रिपोर्ट कार्ड https://dashboard.parakh.ncert.gov.in/en पर उपलब्ध हैं।
शिक्षा राज्य मंत्री श्री जयंत चौधरी ने आज राज्यसभा में लिखित उत्तर में यह जानकारी दी।
****
पीके/केसी/एसकेएस/केके
(रिलीज़ आईडी: 2295132)
आगंतुक पटल : 60