सामाजिक न्‍याय एवं अधिकारिता मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

सुलभ स्वास्थ्य सेवा तक पहुंच का विस्तार: वीसीएफ-एससी ने अबोली अस्पताल को एक आधुनिक बहु-विशेषता स्वास्थ्य सेवा संस्थान बनने में मदद की

प्रविष्टि तिथि: 03 AUG 2026 6:47PM by PIB Delhi

डॉ. अनिल सदाशिवराव कांबले

गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं समावेशी विकास का आधार हैं। हालांकि, अर्ध-शहरी एवं ग्रामीण इलाकों के निवासियों के लिए आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं तक पहुंचना अभी भी एक चुनौती है। यह दर्शाते हुए कि कैसे उद्धमिता एवं संस्थागत सहयोग मिलकर इस अंतर को कम कर सकते हैं, महाराष्ट्र के परभणी में डॉ. अनिल सदाशिवराव कांबले द्वारा स्थापित 'अबोली हॉस्पिटल प्राइवेट लिमिटेड' एक विश्वसनीय बहु-विशेषता स्वास्थ्य सेवा संस्थान बनकर उभरा है। अस्पताल का सफ़र, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के तहत अनुसूचित जातियों के लिए वेंचर कैपिटल फ़ंड (वीसीएफ-एससी) के परिवर्तनकारी असर को दर्शाता है।

अबोली हॉस्पिटल प्राइवेट लिमिटेड 70 बिस्तरों वाला एक बहु-विशेषता अस्पताल है है, जो एक फार्मेसी, उन्नत गहन चिकित्सा इकाई (आईसीयू) और जटिल चिकित्सीय आपात स्थितियों, विशेष रूप से पक्षाघात तथा अन्य गंभीर बीमारियों के उपचार में सक्षम महत्वपूर्ण देखभाल सुविधाओं से सुसज्जित है। यह अस्पताल परभणी और पड़ोसी जिलों के लोगों को एक ही जगह पर गुणवत्तापूर्ण एवं सस्ती स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करता है। इस परियोजना के सामाजिक एवं स्वास्थ्य देखभाल पर पड़ने वाले असर को देखते हुए, अनुसूचित जातियों के लिए वेंचर कैपिटल फंड ने 2023 में 5 करोड़ रुपये की आर्थिक मदद दी। यह मदद इक्विटी एवं वैकल्पिक रूप से परिवर्तनीय डिबेंचरों से युक्त वेंचर कैपिटल सहायता शामिल थी। इस मदद से अस्पताल आधुनिक चिकित्सा उपकरण खरीद पाया, महंगे बैंक लोन का बोझ कम हुआ और आयुष्मान भारत जैसी स्वास्थ्य बीमा योजनाओं के साथ जुड़ाव मज़बूत हुआ।

सुविधा

बहु-विशेषता अस्पताल एवं उन्नत महत्वपूर्ण देखभाल सुविधा

वित्तीय सहायता से अस्पताल को आधुनिक स्वास्थ्य सेवा अवसंरचना बनाने, उन्नत आईसीयू एवं महत्वपूर्ण देखभाल सेवाओं को सुदृढ़ करने, अत्याधुनिक चिकित्सा उपकरणों की खरीद करने तथा वंचित समुदायों के लिए सस्ती स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच का विस्तार करने में मदद मिली। संस्थान ने सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं, बीमा प्रदाताओं और विशिष्ट चिकित्सा विशेषज्ञों के साथ भी मजबूत संबंध विकसित किया, जिससे पूरे क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता एवं पहुंच में वृद्धि हुई।

 

 

बहु-विशेषता वाला अस्पताल एवं उन्नत महत्वपूर्ण देखभाल सुविधा

इस पहल का असर बहुत महत्वपूर्ण रहा है। आज अस्पताल में रोज़गार के 65 प्रत्यक्ष अवसर उत्पन्न हुए हैं, जिनमें अनुसूचित जाति के 27 और गैर-अनुसूचित जाति के 38 कर्मचारी शामिल हैं। इस उपक्रम ने ज़बरदस्त आर्थिक तरक्की की है; इसकी नेट वर्थ 61.75 लाख रुपये से बढ़कर 6.93 करोड़ रुपये हो गई है और साथ ही इसने 2.78 करोड़ रुपये की संपत्ति भी बनाई गई है। यह परियोजना सस्ती एवं गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाएं प्रदान करते हुए, सतत आजीविका सृजित करके और क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवा वितरण को सुदृढ़ बनाकर समावेशी स्वास्थ्य सेवा उद्यमिता के एक आदर्श मॉडल के रूप में उभरी है।

डॉ. अनिल सदाशिवराव कांबले, प्रबंध निदेशक

इस यात्रा को याद करते हुए डॉ. कांबले ने कहा:

सामाजिक न्याय एवंअधिकारिता मंत्रालय की 'अनुसूचित जातियों के लिए वेंचर कैपिटल फंड' (वीसीएफ-एससी) से मिली मदद ने वंचित समुदायों तक सस्ती एवं अच्छी स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के हमारे मिशन को मज़बूत किया। आज, अबोली हॉस्पिटल एक भरोसेमंद महत्वपूर्ण देखभाल एवं बहु-विशेषता स्वास्थ्य सेवा संस्थान बन चुका है, जो पूरे इलाके में बेहतर इलाज की सुविधाएं उपलब्ध करा रहा है।

बहु-विशेषता वाला अस्पताल एवं उन्नत महत्वपूर्ण देखभाल सुविधा

अंबोली हॉस्पिटल प्राइवेट लिमिटेड की सफलता से पता चलता है कि अनुसूचित जातियों के लिए वेंचर कैपिटल फंड के अंतर्गत लक्षित वित्तीय सहायता किस प्रकार से अनुसूचित जाति के उद्यमियों को सामाजिक रूप से प्रभावशाली उद्यम स्थापित करने में सक्षम बना रही है, जो स्वास्थ्य अवसंरचना को सुदृढ़ करते हैं, सतत रोजगार के अवसर सृजित करते हैं एवं गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाओं तक पहुंच में सुधार करते हैं। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय उद्यमिता को बढ़ावा देकर एवं समावेशी विकास को प्रोत्साहित करके उद्यमियों को निरंतर सशक्त बना रहा है, आजीविकाएं सृजित कर रहा है और यह सुनिश्चित कर रहा है कि आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं पूरे देश के वंचित समुदायों तक पहुंचें।

*****

पीके/केसी/एके

 

 

 

 

 

 

 


(रिलीज़ आईडी: 2294047) आगंतुक पटल : 65
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu , Gujarati