संचार मंत्रालय
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव के साथ ग्वालियर में दूरसंचार विनिर्माण क्षेत्र के लिए निवेश आकर्षित करने हेतु निवेशकों की बैठक का आयोजन करेंगे
भारत का पहला टी.एम.जेड. ₹10,000 करोड़ के निवेश की उम्मीद में; मुंबई निवेशक सम्मेलन निवेश की गति को और तेज करने के लिए तैयार है
प्रविष्टि तिथि:
03 AUG 2026 5:49PM by PIB Delhi
मध्य प्रदेश के ग्वालियर में भारत के पहले दूरसंचार विनिर्माण क्षेत्र (टीएमजेड) के शुभारंभ की सफलता को आगे बढ़ाते हुए, केंद्रीय संचार एवं उत्तर पूर्वी क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य एम. सिंधिया 4 अगस्त 2026 को मुंबई में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव, दूरसंचार विभाग के सचिव अमित अग्रवाल और मध्य प्रदेश सरकार के अतिरिक्त मुख्य सचिव नीरज मंडलोई के साथ दूरसंचार विनिर्माण क्षेत्र के निवेशकों की बैठक का आयोजन करेंगे। मुंबई में आयोजित होने वाला यह पहला रोड शो और निवेशकों की बैठक, भारत सरकार के दूरसंचार विभाग और मध्य प्रदेश सरकार के बीच 30 जुलाई 2026 को हस्ताक्षरित समझौता ज्ञापन (एमओयू) के माध्यम से ग्वालियर में भारत के पहले दूरसंचार विनिर्माण क्षेत्र (टीएमजेड) के ऐतिहासिक शुभारंभ के तुरंत बाद हो रही है।
टीएमजेड लॉन्च के बाद राष्ट्रीय राजधानी में पहली निवेशक गोलमेज बैठक आयोजित की गई। मंत्री सिंधिया ने घोषणा की कि ₹3,500 करोड़ के निवेश की प्रतिबद्धताएं हासिल की गई हैं, जिनसे लगभग 14,000 रोजगार के अवसर पैदा होने की संभावना है। यह भारत के बढ़ते दूरसंचार विनिर्माण पारिस्थितिकी तंत्र में उद्योग के मजबूत विश्वास को दर्शाता है। मुंबई निवेशक बैठक और रोडशो भारत के पहले दूरसंचार विनिर्माण क्षेत्र के लिए उद्योग की अधिक भागीदारी और निवेश जुटाने की इस राष्ट्रीय पहल का अगला चरण है। यह देश में विश्व स्तरीय दूरसंचार विनिर्माण पारिस्थितिकी तंत्र के विकास को गति देने के लिए अग्रणी दूरसंचार निर्माताओं, प्रौद्योगिकी कंपनियों, अवसंरचना प्रदाताओं, घटक निर्माताओं और निवेशकों को एक साथ लाएगा। भारत के पहले दूरसंचार विनिर्माण क्षेत्र में अपेक्षित निवेश ₹10,000 करोड़ के आंकड़े को पार करने की उम्मीद है।
भारत के पहले दूरसंचार विनिर्माण क्षेत्र की स्थापना दूरसंचार क्षेत्र में आत्मनिर्भर भारत के दृष्टिकोण को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। विनिर्माण, अनुसंधान एवं विकास, डिजाइन, परीक्षण और नवाचार के लिए एक एकीकृत पारिस्थितिकी तंत्र बनाकर, दूरसंचार विनिर्माण क्षेत्र का उद्देश्य घरेलू मूल्य श्रृंखलाओं को मजबूत करना, आयात पर निर्भरता कम करना, स्वदेशी विनिर्माण को बढ़ावा देना, निर्यात को बढ़ाना और भारत को दूरसंचार उत्पादों और अगली पीढ़ी की प्रौद्योगिकियों के लिए एक विश्वसनीय वैश्विक केंद्र के रूप में स्थापित करना है।
पहले निवेशक गोलमेज सम्मेलन में उद्योग जगत से मिली उत्साहपूर्ण प्रतिक्रिया ने इस पहल की परिवर्तनकारी क्षमता को रेखांकित किया। प्रमुख कंपनियों और दूरसंचार उद्योग के कई नेताओं ने परियोजना में महत्वपूर्ण निवेश करने की प्रतिबद्धता जताई, जिससे भारत के नीतिगत ढांचे और विनिर्माण क्षमताओं में उनका विश्वास और मजबूत हुआ।
मुंबई निवेशक सम्मेलन से उद्योग जगत की साझेदारियों को और गहरा करने तथा नए निवेश आकर्षित करने की उम्मीद है, जिससे वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी दूरसंचार विनिर्माण पारिस्थितिकी तंत्र के निर्माण और भारत को दूरसंचार विनिर्माण और नवाचार के लिए एक अग्रणी वैश्विक गंतव्य में बदलने की सरकार की प्रतिबद्धता को बल मिलेगा।
इस कार्यक्रम में दूरसंचार क्षेत्र के वरिष्ठ सरकारी अधिकारी, उद्योगपति, निवेशक और प्रमुख हितधारक एक साथ आएंगे।
***
पीके/केसी/एनकेएस
(रिलीज़ आईडी: 2293980)
आगंतुक पटल : 85