संघ लोक सेवा आयोग
इंजीनियरी सेवा (प्रधान) परीक्षा, 2026
प्रविष्टि तिथि:
24 JUL 2026 7:01PM by PIB Delhi
संघ लोक सेवा आयोग द्वारा दिनांक 21 जून, 2026 को आयोजित इंजीनियरी सेवा (प्रधान) परीक्षा, 2026 के लिखित भाग के परिणाम के आधार पर, निम्नलिखित अनुक्रमांक वाले उम्मीदवारों ने साक्षात्कार/व्यक्तित्व परीक्षण के लिए अर्हता प्राप्त की है।
2. इन सभी उम्मीदवारों की उम्मीदवारी इनके सभी प्रकार से पात्र पाए जाने के अधीन अनंतिम है। उम्मीदवारों को व्यक्तित्व परीक्षण के समय अपनी आयु, शैक्षिक योग्यता, समुदाय, बेंचमार्क दिव्यांगता (जहां लागू हो) आदि से संबंधित अपने दावों के समर्थन में मूल प्रमाण-पत्र/दस्तावेज प्रस्तुत करने होंगे। इसलिए, उन्हें सलाह दी जाती है कि वे व्यक्तित्व परीक्षण में उपस्थित होने से पहले अपने प्रमाण-पत्र/दस्तावेज तैयार रखें और आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध महत्वपूर्ण अनुदेशों के अनुसार प्रमाण-पत्रों की आवश्यकता की पहले ही जाँच कर लें।
3.1 आयोग द्वारा इंजीनियरी सेवा परीक्षा, 2026 के प्रधान/चरण-II के परिणाम की घोषणा के शीघ्र बाद व्यक्तित्व परीक्षण/साक्षात्कार के लिए अर्हता प्राप्त करने वाले उम्मीदवारों हेतु 15 (पंद्रह) दिन की एक विंडो प्रदान की जाएगी। इंजीनियरी सेवा परीक्षा, 2026 की नियमावली के नियम 6 के नीचे दिए गए नोट 2 के अनुसार, उम्मीदवारों को विशिष्ट मॉड्यूल/पोर्टल पर अपने विवरण अद्यतन करने होंगे और अपेक्षित अर्हता परीक्षा उत्तीर्ण करने का प्रमाण अपलोड करना होगा। ऐसा न करने वाले उम्मीदवारों को व्यक्तित्व परीक्षण/साक्षात्कार में उपस्थित होने की अनुमति नहीं दी जाएगी और उनकी उम्मीदवारी रद्द कर दी जाएगी। इस उद्देश्य हेतु उम्मीदवारों को आयोग की वेबसाइट नियमित रूप से देखने की सलाह दी जाती है।
3.2 इस अवधि में, व्यक्तित्व परीक्षण के लिए अर्हता प्राप्त सभी उम्मीदवारों को पत्राचार/डाक सम्बन्धी पता, उच्चतर योग्यता, विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्धियाँ, रोजगार विवरण/सेवा अनुभव, सेवा आबंटन, सेवा वरीयताएँ अद्यतन करने का विकल्प भी प्रदान किया जाएगा। इस विंडो में अद्यतन किए गए विवरण अंतिम माने जाएंगे और इन फील्ड्स में किसी भी परिवर्तन हेतु किसी अन्य माध्यम से प्राप्त अनुरोध पर विचार नहीं किया जाएगा।
3.3 यह भी नोट किया जाए कि व्यक्तित्व परीक्षण/साक्षात्कार के लिए अर्हता प्राप्त सभी उम्मीदवारों को इस विंडो के दौरान अनिवार्य रूप से लॉग-इन करना होगा और अपने विवरण आदि को अद्यतन और/या उनकी पुनः पुष्टि करके आवेदन पत्र प्रस्तुत करना होगा ताकि आयोग ई-समन पत्र जनरेट कर सके। ऐसा न करने पर उम्मीदवारों को परीक्षा के अगले चरण में बैठने की अनुमति नहीं दी जाएगी। जिन उम्मीदवारों ने पहले ही अपेक्षित दस्तावेज/सूचना प्रस्तुत कर दी है एवं उनके पास अद्यतन करने/भरने के लिए कोई सूचना नहीं है उन्हें भी अनिवार्य रूप से लॉग-इन करना है तथा इंजीनियरी सेवा परीक्षा, 2026 के व्यक्तित्व परीक्षण हेतु ई-समन पत्र जारी करने किए जाने के लिए विवरण को अंतिम रूप से पुनः सत्यापित करना होगा
4. साक्षात्कार के समय प्रस्तुत किए जाने वाले प्रमाण-पत्रों के संबंध में इंजीनियरी सेवा परीक्षा, 2026 के आवेदन पत्र को अद्यतन करने संबंधी अनुदेशों और नियमावली को सावधानीपूर्वक पढ़ लें। उम्मीदवार अपनी आयु, जन्मतिथि, शैक्षिक योग्यता, समुदाय (अ.ज./अ.ज.जा./अ.पि.व./ईडब्ल्यूएस) तथा दिव्यांगता प्रमाण-पत्र (बेंचमार्क दिव्यांगता वाले उम्मीदवारों के मामले में) के समर्थन में पर्याप्त प्रमाण प्रस्तुत नहीं कर पाने के लिए स्वयं उत्तरदायी होगा। यदि लिखित परीक्षा में अर्हता प्राप्त कोई उम्मीदवार इंजीनियरी सेवा परीक्षा, 2026 के लिए अपनी उम्मीदवारी के समर्थन में अपेक्षित कोई एक या सभी मूल दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करता है तो उसे व्यक्तित्व परीक्षण बोर्ड के समक्ष उपस्थित होने की अनुमति नहीं दी जाएगी और कोई यात्रा भत्ता नहीं दिया जाएगा।
5. व्यक्तित्व परीक्षण (साक्षात्कार) कार्यक्रम की सूचना उम्मीदवारों को यथासमय प्रदान कर दी जाएगी। तथापि, साक्षात्कार की सही तारीख की सूचना उम्मीदवारों को ई-समन पत्र के माध्यम से दी जाएगी जिसे आयोग की वेबसाइट https://www.upsc.gov.in तथा https://www.upsconline.gov.in से डाउनलोड किया जा सकता है। अनुक्रमांक-वार साक्षात्कार संबंधी कार्यक्रम भी आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध कराया जाएगा। उम्मीदवारों से अनुरोध है कि वे इस संबंध में जानकारी के लिए आयोग की वेबसाइट देखें।
6. उम्मीदवारों को व्यक्तित्व परीक्षण हेतु सूचित की गई तारीख और समय में परिवर्तन करने संबंधी अनुरोध पर किसी भी स्थिति में विचार नहीं किया जाएगा।
7. सभी उम्मीदवारों (अर्हता प्राप्त करने वाले तथा न करने वाले) की अंकतालिका, अंतिम परिणाम के प्रकाशन के उपरांत (अर्थात व्यक्तित्व परीक्षण के आयोजन के बाद) आयोग की वेबसाइट पर अपलोड किए जाएंगे और वेबसाइट पर 30 दिन की अवधि के लिए उपलब्ध रहेंगे।
8. उम्मीदवार अपना अनुक्रमांक और जन्म की तारीख अंकित करने के बाद अंकतालिका प्राप्त कर सकते हैं। तथापि उम्मीदवारों से डाक टिकट लगे अपना पता लिखे लिफाफे सहित उनसे विशेष अनुरोध प्राप्त होने पर ही संघ लोक सेवा आयोग द्वारा उम्मीदवारों को अंकतालिका की प्रमाणित प्रतियां भेजी जाएंगी। अंकतालिका की मुद्रित प्रतियां प्राप्त करने के इच्छुक उम्मीदवारों को आयोग की वेबसाइट पर अंकतालिका के प्रदर्शित किए जाने के तीस दिन के भीतर अपना अनुरोध भेजना होगा। इसके बाद ऐसे किसी अनुरोध पर विचार नहीं किया जाएगा।
9. उम्मीदवार, उपर्युक्त परीक्षा के संबंध में अपनी समस्या (समस्याओं) (यदि कोई हो) के बारे में कोई भी जानकारी/स्पष्टीकरण संघ लोक सेवा आयोग के टेलीफोन नं. 011- 40303444/24041001 पर प्रातः 09:00 बजे से रात्रि 08:00 बजे के बीच प्राप्त कर सकते हैं।
|
संघ लोक सेवा आयोग के परीक्षा हॉल के परिसर में मोबाइल फोन ले जाने पर प्रतिबंध है।
|
परिणाम देखने के लिए यहाँ क्लिक करें:
******
एनकेआर/एवी
(रिलीज़ आईडी: 2289100)
आगंतुक पटल : 123