मत्स्यपालन, पशुपालन और डेयरी मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

सरकार ढ़ांचागत सुविधाओं, डिजिटल सुधारों और पशु चिकित्सा सेवाओं द्वारा डेयरी और पशुधन क्षेत्र को सुदृढ़ बना रही है

प्रविष्टि तिथि: 21 JUL 2026 4:19PM by PIB Delhi

केंद्रीय मत्स्य पालन, पशुपालन और डेयरी मंत्री श्री राजीव रंजन सिंह ने लोकसभा में बताया कि सरकार बुनियादी अवसंरचना, पशु चिकित्सा सेवा में सुधार, और डिजिटल पशुधन प्रबंधन को बढ़ावा देकर तथा डेयरी किसानों की सहायता कर देश में डेयरी और पशुधन क्षेत्र सशक्त बनाने की कई पहल कार्यान्वित कर रही है।

1. दूध के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य -एमएसपी का कोई प्रस्ताव नहीं।

दूध की कीमत पर एक प्रश्न के उत्तर में श्री राजीव रंजन सिंह ने बताया कि दूध के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य लागू करने का कोई प्रस्ताव नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि दूध की कीमतें बाजार स्थितियों के आधार पर डेयरी सहकारी समितियों और निजी डेयरियों द्वारा निर्धारित की जाती हैं।

श्री सिंह ने कहा कि सरकार दूध की खरीद बढ़ाने, प्रसंस्करण क्षमता विस्तारित करने, ग्राम स्तर पर डेयरी सहकारी समितियों को सुदृढ़ बनाने, दूध गुणवत्ता परीक्षण सुविधाओं में सुधार और देश भर में आधुनिक डेयरी अवसंरचना ढांचे निर्मित करने के उद्देश्य से विभिन्न योजनाओं द्वारा दुग्ध किसानों को निरंतर समर्थन दे रही है।

2. पशुपालन अवसंरचना विकास निधि - एएचआईडीएफ पशुधन अवसंरचना और किसानों की आय को बढ़ावा दे रहा है

पशुपालन अवसंरचना विकास कोष से संबंधित एक प्रश्न के उत्तर में श्री राजीव रंजन सिंह ने कहा कि यह योजना डेयरी प्रसंस्करण, मांस प्रसंस्करण, पशु चारा संयंत्रों और मूल्यवर्धन अवसंरचना में निवेश को बढ़ावा दे रही है।

केंद्रीय मत्स्य पालन, पशुपालन और डेयरी मंत्री ने सदन को बताया कि विभाग व्यापक भागीदारी के लिए राज्य सरकारों, साझा सेवा केंद्रों और उद्योग संघों द्वारा नियमित तौर पर जागरूकता कार्यक्रम, हितधारक बैठकें, प्रशिक्षण सत्र और संपर्क गतिविधियां आयोजित करता है। उन्होंने कहा कि पशुपालन अवसंरचना विकास निधि के तहत स्थापित बुनियादी ढांचा पशुपालकों को बाजार तक पहुंचने में मदद कर रहा है और उन्हें बेहतर मूल्य दिला रहा है।

3. राष्ट्रीय डिजिटल पशुधन मिशन: सुरक्षित डिजिटल पशु पहचान

राष्ट्रीय डिजिटल पशुधन मिशन -एनडीएलएम से संबंधित एक प्रश्न के उत्तर में श्री सिंह ने कहा कि प्रत्येक पंजीकृत पशु को एक विशिष्ट 12 अंकों का टैग आईडी दिया जाता है, जिसमें पशु के पूरे जीवनकाल के टीकाकरण, प्रजनन, उपचार और अन्य पशु चिकित्सा सेवाओं का डिजिटल रिकॉर्ड रखा जाता है।

केंद्रीय मंत्री ने बताया कि संबंधित पोर्टल पशुधन संबंधी डेटा सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए एडवांस्ड एन्क्रिप्शन स्टैंडर्ड-256 और ट्रांसपोर्ट लेयर सिक्योरिटी का उपयोग करता है। उन्होंने सदन को बताया कि चलित पशु चिकित्सा इकाइयां अभी तक पोर्टल से एकीकृत नहीं हैं और बैंकिंग एप्लीकेशन प्रोग्रामिंग इंटरफेस से जोड़ने के लिए अभी तक कोई अनुरोध नहीं मिला है।

4. डेयरी विकास पहल देश भर में विस्तारित

डेयरी विकास से संबंधित एक प्रश्न के उत्तर में श्री राजीव रंजन सिंह ने कहा कि सरकार दूध का उत्पादन बढ़ाने, किसानों की आय में सुधार और ग्रामीण रोजगार सृजित करने हेतु कई प्रमुख कार्यक्रम कार्यान्वित कर रही है।

केंद्रीय मत्स्य पालन, पशुपालन और डेयरी मंत्री ने रेखांकित किया कि राष्ट्रीय पशुधन मिशन -एनएलएम, पशुधन स्वास्थ्य एवं रोग नियंत्रण कार्यक्रम -एलएचडीसीपी और पशुपालन अवसंरचना विकास निधि -एएचआईडीएफ जैसी योजनाएं उद्यमिता, मवेशियों में नस्ल सुधार, रोग नियंत्रण, पशु चिकित्सा अवसंरचना और सस्ती पशु दवाओं को बढ़ावा दे रही हैं। उन्होंने बताया कि महाराष्ट्र में 4,700.13 करोड़ रुपये की 113 एएचआईडीएफ परियोजनाओं को स्वीकृति दी गई है, जिनमें 123.46 करोड़ रुपये की ब्याज सब्सिडी जारी की गई है।

***

पीके/केसी/एकेवी/केएस


(रिलीज़ आईडी: 2287336) आगंतुक पटल : 39
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Gujarati