कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय
केन्द्रीय मंत्री श्री जयंत चौधरी ने भारत की अगली पीढ़ी के कौशल चैंपियनों को खोजने हेतु इंडियास्किल्स प्रतियोगिता 2026–27 का शुभारंभ किया; एसआईडीएच पर पंजीकरण शुरू
प्रविष्टि तिथि:
30 JUN 2026 6:01PM by PIB Delhi
भारत सरकार में कौशल विकास और उद्यमशीलता राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) तथा शिक्षा राज्यमंत्री श्री जयंत चौधरी ने इंडियास्किल्स प्रतियोगिता 2026–27 का शुभारंभ किया। यह देश की प्रमुख कौशल-आधारित प्रतियोगिता है। इसका उद्देश्य उद्योग जगत के लिए जरूरी 63 कौशल श्रेणियों में भारत के सबसे प्रतिभाशाली युवाओं की पहचान करना, उन्हें निखारना और उनकी प्रतिभाओं को सबके सामने लाना है। कौशल विकास और उद्यमशीलता मंत्रालय (एमएसडीई) की देखरेख में आयोजित और ज्ञान एवं कार्यान्वयन साझेदार के रूप में राष्ट्रीय कौशल विकास निगम (एनएसडीसी) द्वारा समर्थित, यह प्रतियोगिता कुशल युवा पेशेवरों को उत्कृष्टता के सर्वोच्च मानकों के साथ प्रतिस्पर्धा करने और वैश्विक मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करने का अवसर पाने हेतु एक राष्ट्रीय मंच प्रदान करेगा।
इस शुभारंभ के साथ ही, स्किल इंडिया डिजिटल हब (एसआईडीएच) पर इस प्रतियोगिता के लिए पंजीकरण शुरू हो गए हैं। एसआईडीएच देश भर के युवाओं को हिस्सा लेने के लिए एक पारदर्शी, सुलभ और डिजिटल प्लेटफॉर्म प्रदान करता है। यह प्रतियोगिता एक निर्धारित प्रक्रिया के तहत होगी। इसमें जिला, राज्य और क्षेत्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के बाद राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता होगी। इन प्रतियोगिताओं में भारत के सबसे कुशल युवाओं को चुना जाएगा और उन्हें उन्नत प्रशिक्षण एवं मूल्यांकन प्रदान किया जाएगा, ताकि वे वर्ल्डस्किल्स प्रतियोगिता जैसे वैश्विक मंचों पर देश का प्रतिनिधित्व कर सकें।
भारत सरकार में कौशल विकास और उद्यमशीलता राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) तथा शिक्षा राज्यमंत्री श्री जयंत चौधरी ने कहा, “इंडियास्किल्स महज एक प्रतियोगिता भर नहीं है। यह कौशल को आकांक्षा में, उत्कृष्टता को अवसर में और प्रतिभा को राष्ट्रीय गौरव में बदलने का एक सशक्त मंच है। यह एक ऐसे नए भारत को दर्शाता है जहां कुशल युवा न केवल नौकरी के लिए तैयार हैं, बल्कि दुनिया का सामना करने के लिए भी तैयार हैं। जैसे-जैसे उद्योग विकसित हो रहे हैं और तकनीक काम के भविष्य को नया रूप दे रही है, भारत की सबसे बड़ी विशेषता युवाओं को वैश्विक स्तर के कौशल, आत्मविश्वास एवं महत्वाकांक्षा से लैस करने की उसकी क्षमता होगी। इंडियास्किल्स 2026–27 देश भर के हर युवा आकांक्षी के लिए आगे आने, अपनी क्षमता दिखाने और दुनिया की कौशल संबंधी राजधानी बनने की भारत की यात्रा का हिस्सा बनने का निमंत्रण है।”
इंडियास्किल्स प्रतियोगिता 2026–27 में, पिछले चक्र की तरह ही भविष्य की जरूरतों के अनुरूप तैयार और उद्योग जगत के लिए जरूरी 63 कौशल शामिल रहेंगे। इनमें उन्नत मैन्यूफैक्चरिंग, निर्माण, डिजिटल तकनीक, इंजीनियरिंग, आतिथ्य (हॉस्पिटैलिटी), परिवहन, रचनात्मक उद्योग और उभरते हुए सेक्टर शामिल होंगे।
वर्ष 2016 में शुरू होने के बाद से, इंडियास्किल्स भारत की सबसे बड़ी कौशल आधारित प्रतियोगिता व्यवस्था बन गई है। इसमें हिस्सा लेने वालों की संख्या में जबरदस्त बढ़ोतरी हुई है। वर्ष 2016 में 20 कौशलों के लिए लगभग 5,000 पंजीकरण हुए थे, जबकि हाल ही में संपन्न हुए इंडियास्किल्स प्रतियोगिता 2025–26 में सभी 36 राज्यों एवं केन्द्र-शासित प्रदेशों से 63 कौशलों के लिए 3.5 लाख से अधिक पंजीकरण हुए थे। यह प्रतियोगिता व्यावसायिक उत्कृष्टता को बढ़ावा देने, उद्योग एवं शैक्षिक जगत के बीच सहयोग को मजबूत करने, प्रशिक्षण को अन्तरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप बनाने और युवाओं को कौशल पर आधारित करियर चुनने के लिए प्रेरित करने वाले एक सशक्त प्लेटफॉर्म के रूप में उभरी है।
इंडियास्किल्स वैश्विक स्तर की विभिन्न कौशल संबंधी प्रतियोगिताओं के लिए देश की प्रतिभाओं को पहचानने का मुख्य माध्यम बन गया है, जिससे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत के बेहतर होते प्रदर्शन में काफी मदद मिली है। फ्रांस के ल्योन में हुए वर्ल्डस्किल्स प्रतियोगिता 2024 में, भारत ने 4 कांस्य पदक और 12 ‘मेडलियन फॉर एक्सीलेंस’ जीतकर अपनी अब तक की सबसे अच्छी ग्लोबल रैंकिंग (13वीं) हासिल की। इसी लय को बनाए रखते हुए, भारत ने वर्ल्डस्किल्स एशिया प्रतियोगिता 2025 में 8वां स्थान हासिल करके अपनी स्थिति और बेहतर की, जो भारत के कौशल इकोसिस्टम की बढ़ती मज़बूती और वैश्विक प्रतियोगिता में उसकी क्षमता को दिखाता है। हाल ही में, टीम इंडिया ने ऑस्ट्रेलिया में हुए ग्लोबल स्किल्स चैलेंज 2026 में शानदार प्रदर्शन किया और उन्नत मैन्यूफैक्चरिंग, डिजिटल तकनीक, रचनात्मक उद्योग और सेवा क्षेत्र से जुड़े कौशलों में 3 स्वर्ण, 1 रजत और 1 कांस्य पदक जीते। अब देश इस वर्ष के अंत में शंघाई में होने वाले वर्ल्डस्किल्स प्रतियोगिता 2026 में अपनी कौशल संबंधी क्षमताओं को प्रदर्शित करने की तैयारी कर रहा है।
मंत्रालय ने सभी राज्यों और केन्द्र-शासित प्रदेशों को इस बात के लिए प्रोत्साहित किया है कि वे कौशल श्रेणी में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के साथ-साथ अधिक लोगों तक पहुंचने और प्रतिभा की पहचान करने हेतु स्कूलों, आईटीआई, पॉलिटेक्निक, इंजीनियरिंग कॉलेजों, विश्वविद्यालयों, कौशल प्रशिक्षण संस्थानों तथा उद्योग जगत के साझेदारों के जरिए बड़े पैमाने पर लोगों को जोड़ने का काम करें।
अधिक जानकारी के लिए, देखें- https://www.skillindiadigital.gov.in/home
पंजीकरण लिंक - https://www.skillindiadigital.gov.in/india-skills-competition

***
पीके/केसी/आर /डीए
(रिलीज़ आईडी: 2279582)
आगंतुक पटल : 89