स्‍वास्‍थ्‍य एवं परिवार कल्‍याण मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

आईपीसी ने गैस क्रोमेटोग्राफी की तैयारियों में एथिलीन ग्लाइकॉल (ईजी) और डायएथिलीन ग्लाइकॉल (डीईजी) के निर्धारण पर दूसरा व्यावहारिक प्रशिक्षण सफलतापूर्वक आयोजित किया


दवाओं की गुणवत्ता, सुरक्षा और प्रभावकारिता सुनिश्चित करने के लिए नियामक प्रयोगशालाओं की विश्लेषणात्मक क्षमताओं को मजबूत करने के महत्व पर जोर दिया गया

हरियाणा, गोवा, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, असम और मेघालय के प्रतिभागियों ने दवा सुरक्षा और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए उन्नत विश्लेषणात्मक विधियों पर व्यावहारिक प्रशिक्षण प्राप्त किया

प्रशिक्षण कार्यक्रम ने भारतीय फार्माकोपिया मानकों के प्रभावी कार्यान्वयन के लिए राज्य औषधि परीक्षण प्रयोगशालाओं की क्षमता को मजबूत किया

प्रविष्टि तिथि: 24 JUN 2026 5:01PM by PIB Delhi

भारतीय फार्माकोपिया आयोग (आईपीसी) ने 22 से 23 जून 2026 तक गाजियाबाद स्थित अपने परिसर में गैस क्रोमेटोग्राफी (जीसी) द्वारा मौखिक तरल तैयारियों में एथिलीन ग्लाइकॉल (ईजी) और डायएथिलीन ग्लाइकॉल (डीईजी) के निर्धारण पर दूसरा व्यावहारिक प्रशिक्षण कार्यक्रम सफलतापूर्वक आयोजित किया।

प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्घाटन आईपीसी के सचिव-सह-वैज्ञानिक निदेशक डॉ. वी. कलैसेल्वन ने किया। इस अवसर पर दिल्ली के औषधि नियंत्रण विभाग के उप औषधि नियंत्रक (डीडीसी) श्री राजीव भार्गव विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उद्घाटन सत्र के दौरान दवाओं की गुणवत्ता, सुरक्षा और प्रभावकारिता सुनिश्चित करने के लिए नियामक प्रयोगशालाओं की विश्लेषणात्मक क्षमताओं को मजबूत करने के महत्व पर जोर दिया गया।

इस दो दिवसीय कार्यक्रम में हरियाणा, गोवा, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, असम और मेघालय सहित छह राज्यों के प्रतिभागियों ने भाग लिया और गैस क्रोमेटोग्राफी का उपयोग करके मौखिक तरल फॉर्मूलेशन में ईजी और डीईजी के निर्धारण पर गहन व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया। प्रतिभागियों को नमूना तैयार करने, उपकरण संचालन, अंशांकन, विश्लेषणात्मक विधि कार्यान्वयन, क्रोमैटोग्राम व्याख्या और डेटा विश्लेषण का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त हुआ।

एथिलीन ग्लाइकॉल (ईजी) और डायएथिलीन ग्लाइकॉल (डीईजी) अत्यंत विषैले पदार्थ हैं और इन्हें दवाइयों में इस्तेमाल करने की अनुमति नहीं है। ये कनटैमिनेशन ग्लिसरीन, प्रोपिलीन ग्लाइकॉल, सॉर्बिटोल और पॉलीइथिलीन ग्लाइकॉल जैसे मिलावटी या निम्न गुणवत्ता वाले सहायक पदार्थों के माध्यम से आ सकते हैं। इनकी थोड़ी सी मात्रा भी गंभीर स्वास्थ्य जोखिम पैदा कर सकती है, जिनमें गुर्दे की खराबी, केंद्रीय तंत्रिका तंत्र का अवसाद और मृत्यु शामिल हैं। इसलिए सार्वजनिक स्वास्थ्य की सुरक्षा और दवाइयों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए इनका पता लगाना, मात्रा निर्धारित करना और नियंत्रण करना आवश्यक है।

यह प्रशिक्षण कार्यक्रम आईपी-2022 के संशोधन सूची 09 के संदर्भ में आयोजित किया गया था, जो 10 अक्टूबर 2025 से प्रभावी है और जिसके अनुसार सभी मौखिक तरल दवाओं में एथिलीन ग्लाइकॉल (ईजी) और डायएथिलीन ग्लाइकॉल (डीईजी) का परीक्षण अनिवार्य है। इस पहल के माध्यम से आईपीसी भारतीय फार्माकोपिया मानकों के प्रभावी कार्यान्वयन में सहयोग जारी रखे हुए है और देशभर में राज्य औषधि परीक्षण प्रयोगशालाओं की विश्लेषणात्मक तैयारियों को मजबूत कर रहा है।

तकनीकी सत्रों में डीईजी और ईजी कनटैमिनेशन के वैज्ञानिक आधार, नियामक आवश्यकताओं, विश्लेषणात्मक पद्धति और नियमित परीक्षण के लिए गैस क्रोमेटोग्राफी के व्यावहारिक अनुप्रयोग को शामिल किया गया। प्रतिभागियों को कनटैमिनेशन के संभावित स्रोतों और औषधीय उत्पादों में कनटैमिनेशन के प्रवेश को रोकने में गुणवत्ता नियंत्रण उपायों की महत्वपूर्ण भूमिका के बारे में भी जानकारी प्राप्त हुई।

इस कार्यक्रम ने सरकारी औषधि विश्लेषकों की तकनीकी दक्षता में उल्लेखनीय वृद्धि की और नियामक प्रयोगशालाओं के बीच ज्ञान साझाकरण को सुगम बनाया। व्यावहारिक दृष्टिकोण ने प्रतिभागियों को सटीक विश्लेषण और औषध संहिता की आवश्यकताओं के अनुपालन के लिए आवश्यक व्यावहारिक कौशल विकसित करने में सक्षम बनाया।

भारतीय औषध संहिता आयोग, भारतीय औषध संहिता मानकों के प्रभावी कार्यान्वयन को सुगम बनाने और जनता को सुरक्षित, प्रभावी और गुणवत्तापूर्ण दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए नियामक ढांचे को मजबूत करने हेतु राज्य और केंद्र शासित प्रदेशों की औषधि परीक्षण प्रयोगशालाओं को तकनीकी सहायता, क्षमता निर्माण और विशेष प्रशिक्षण प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।

***

पीके/केसी/पीसी/केएस


(रिलीज़ आईडी: 2277548) आगंतुक पटल : 102
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu , Tamil