पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय ने राष्ट्रीय प्राणी उद्यान में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 मनाया

प्रविष्टि तिथि: 21 JUN 2026 4:48PM by PIB Delhi

पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय ने आज नई दिल्ली स्थित राष्ट्रीय प्राणी उद्यान में स्वस्थ आयु के लिए योग विषय पर अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 मनाया। पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय सचिव श्री तन्मय कुमार के नेतृत्व में मंत्रालय के लगभग 200 अधिकारियों ने सामूहिक योगाभ्यास सत्र में भाग लिया। वरिष्ठ अधिकारियों ने एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत अपनी मां के नाम पर स्वदेशी और औषधीय पौधों की प्रजातियां भी लगाईं।

समारोह में समग्र स्वास्थ्य, सद्भाव और पर्यावरण जागरूकता बढ़ाने संबंधी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं जिसमें समग्र स्वास्थ्य और सद्भाव विषय पर पोस्टर निर्माण शामिल रहा। मोरारजी देसाई राष्ट्रीय योग संस्थान की सहायक प्रोफेसर डॉ. इंदु ने प्रविष्टियों का मूल्यांकन किया और योगासन के स्वास्थ्य लाभों पर व्याख्यान दिया। तीन सर्वश्रेष्ठ प्रविष्टियों को पुरस्कार प्रदान किए गए। एक पेड़ मां के नाम  पहल के सभी प्रतिभागियों को पौधे वितरित किए गए।

कार्यक्रम में योग के लाभों के बारे में जागरूकता बढ़ाने और इसके प्रति लोगों को प्रोत्साहित करने के लिए डूडल गतिविधि (स्वतंत्र रेखाचित्र) और इंटरैक्टिव क्विज़ प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। आगंतुकों ने मिशन लाइफ (पर्यावरण-अनुकूल जीवनशैली) का संकल्प लेकर पर्यावरण के प्रति दायित्वपूर्ण और संवहनीय जीवनशैली की प्रतिबद्धता व्यक्त की।

अन्य गतिविधियों में, राष्ट्रीय प्राणी उद्यान में (चिड़ियाघर) सुबह 6.30 बजे से 9.30 बजे तक संडे बर्ड वॉक आयोजित किया गया। विशेषज्ञों द्वारा निर्देशित सैर में प्रतिभागियों ने 39 पक्षियों की प्रजातियां देखी। इसके उपरांत इस पर एक विशेषज्ञ चर्चा भी हुई।

यह आयोजन स्वास्थ्य, पर्यावरण जागरूकता और संवहनीय जीवन शैली को बढ़ावा देने की पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय तथा राष्ट्रीय प्राणी उद्यान की प्रतिबद्धता दर्शाता है। साथ ही इसके द्वारा सभी आयु वर्ग के लोगों को स्वस्थ आयु के लिए योग का संदेश भी दिया गया।

 

 

 

****

पीके/केसी/एकेवी/केएस


(रिलीज़ आईडी: 2276302) आगंतुक पटल : 113
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu