सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय
सामाजिक न्याय और सशक्तिकरण पर स्थायी समिति ने मुंबई स्थित अली यावर जंग राष्ट्रीय वाणी एवं श्रवण अक्षमता संस्थान (दिव्यांगजन) का दौरा किया
प्रविष्टि तिथि:
03 JUN 2026 8:22PM by PIB Delhi
अली यावर जंग राष्ट्रीय वाणी एवं श्रवण अक्षमता संस्थान (दिव्यांगजन) [एवाईजेएनआईएसएचडी (डी)], मुंबई ने संस्थान के अध्ययन दौरे के दौरान आज सामाजिक न्याय एवं सशक्तिकरण पर स्थायी समिति (2025-26) के अध्यक्ष श्री पी सी मोहन और इसके सदस्यों की मेजबानी की।

एवाईजेएनआईएसएचडी (डी) के निदेशक डॉ. सुमन कुमार और संस्थान के वरिष्ठ अधिकारियों ने अध्यक्ष श्री पी सी मोहन और उनके साथ आए प्रतिनिधिमंडल का हार्दिक स्वागत किया। डॉ. सुमन कुमार ने विशिष्ट अतिथियों का अपने संस्थान में विभिन्न विभागों के प्रमुखों से परिचय कराया, जिससे संस्थान की गतिविधियों और पहलों पर सार्थक बातचीत और चर्चा संभव हो सकी।
इस अध्ययन दौरे का शुभारम्भ क्रॉस डिसेबिलिटी अर्ली इंटरवेंशन सेंटर के बच्चों और बी.एड. स्पेशल एजुकेशन (श्रवण बाधित) कार्यक्रम के छात्रों द्वारा किए गए पारंपरिक स्वागत समारोह से हुआ। इसके बाद संस्थान परिसर में वृक्षारोपण समारोह आयोजित किया गया।

एवाईजेएनआईएसएचडी (डी) के निदेशक डॉ. सुमन कुमार ने अपने संस्थान के सफर, उपलब्धियों, शैक्षणिक और नैदानिक सेवाओं, अनुसंधान गतिविधियों, क्षमता निर्माण पहलों और आउटरीच कार्यक्रमों पर प्रकाश डालते हुए एक व्यापक प्रस्तुति दी। इस अवसर पर, स्थायी समिति के अध्यक्ष ने संस्थान के दो महत्वपूर्ण प्रकाशनों 'ग्रोइंग टुगेदर' और 'डेवलपमेंट ऑफ कम्युनिकेशन लिंग्विस्टिक असेसमेंट प्रोटोकॉल इन बांग्ला फॉर राइट हेमिस्फेयर डिसऑर्डर्स' का विमोचन किया जो क्रॉस डिसेबिलिटी अर्ली इंटरवेंशन सेंटर द्वारा विकसित मॉड्यूल हैं।

इस दौरे के अंतर्गत प्रतिनिधिमंडल ने संस्थान की विभिन्न प्रमुख केंद्रों का दौरा किया और दिव्यांगजनों के लिए चलाई जा रही सेवाओं और कार्यक्रमों की प्रत्यक्ष जानकारी प्राप्त की। स्थायी समिति के अध्यक्ष ने नवनिर्मित ऑडियोलॉजिकल विंग का भी उद्घाटन किया, जो गुणवत्तापूर्ण निदान और पुनर्वास सेवाएं प्रदान करने की संस्थान की प्रतिबद्धता में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

एवाईजेएनआईएसएचडी (डी) ने स्थायी समिति के अध्यक्ष और इसके सदस्यों के प्रति उनकी सम्मानित यात्रा, मूल्यवान मार्गदर्शन और देश भर में दिव्यांगजनों के लिए पुनर्वास, शिक्षा, अनुसंधान और सशक्तिकरण पहलों को मजबूत करने की दिशा में निरंतर समर्थन के लिए हार्दिक आभार व्यक्त किया।
पीआईबी मुंबई|
सोशल मीडिया पर हमें फॉलो करें: @PIBMumbai / PIBMumbai /pibmumbai pibmumbai[at]gmail[dot]com /PIBMumbai /pibmumbai
****
पीके/केसी/एके/एनजे
(रिलीज़ आईडी: 2268836)
आगंतुक पटल : 26