रक्षा मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

एयर मार्शल तरुण चौधरी ने सेंट्रल एयर कमांड के एयर ऑफिसर कमानडिंग-इन-चीफ का पदभार संभाला

प्रविष्टि तिथि: 01 JUN 2026 4:37PM by PIB Delhi

एयर मार्शल तरुण चौधरी, एवीएसएम, वीएसएम ने 1 जून 2026 को सेंट्रल एयर कमांड के एयर ऑफिसर कमानडिंग-इन-चीफ का पदभार संभाल लिया है। उन्हें दिसंबर 1989 में भारतीय वायु सेना की लड़ाकू स्ट्रीम में कमीशन प्रदान किया गया था। वे राष्ट्रीय रक्षा अकादमी, डिफेंस सर्विसेज स्टाफ कॉलेज, कॉलेज ऑफ एयर वारफेयर और राष्ट्रीय रक्षा महाविद्यालय के पूर्व छात्र रहे हैं।

अपने प्रतिस्ठित करियर के दौरान एयर मार्शल ने कई महत्वपूर्ण ऑपरेशनल, स्टाफ और राजनयिक पदों पर कार्य किया है, जिसमें स्वीडन में भारतीय दूतावास में रक्षा अताशे के रूप में उनकी नियुक्ति भी शामिल है, जहां उनके पास नॉर्वे, फिनलैंड और डेनमार्क का भी समवर्ती प्रभार था। उन्होंने मुख्यालय आईडीएस और वायु सेना मुख्यालय में परियोजनाओं, अधिग्रहण और मानव संसाधन प्रबंधन के क्षेत्रों में विशेषज्ञता हासिल करते हुए प्रमुख स्टाफ नियुक्तियों की जिम्मेदारियां भी निभाई हैं।

एयर मार्शल ने भारतीय वायु सेना में क्षमता वृद्धि और भविष्य की प्रौद्योगिकियों को शामिल करने के उद्देश्य से कई परिवर्तनकारी परियोजनाओं का नेतृत्व किया है। सेंट्रल एयर कमांड का कार्यभार संभालने से पहले एयर मार्शल दक्षिणी वायु कमान मुख्यालय में वरिष्ठ वायु सेना अधिकारी के पद पर कार्यरत थे।

एयर मार्शल तरुण चौधरी ने एयर मार्शल बालकृष्णन मणिकांतन पीवीएसएम, एवीएसएम, वीएम का स्थान लिया है, जो देश के प्रति 40 वर्षों की प्रतिष्ठित और समर्पित सेवा करने के बाद 31 मई 2026 को सेवानिवृत्त हो गए।

 

 

***

पीके/केसी/आईएम/एसवी


(रिलीज़ आईडी: 2267642) आगंतुक पटल : 127
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu