रेल मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

प्रधानमंत्री 10 मई को तेलंगाना में लगभग ₹1,535 करोड़ की रेल अवसंरचना परियोजनाएं राष्ट्र को समर्पित करेंगे; इससे रेल संपर्क मज़बूत होगा, भीड़ कम होगी और यात्रियों की आवाजाही बेहतर होगी


काज़ीपेट-विजयवाड़ा कॉरिडोर पर 118 किलोमीटर की मल्टी-ट्रैकिंग से क्षमता बढ़ेगी, समय की पाबंदी बेहतर होगी और यात्री व मालगाड़ियों का परिचालन तेज़ होगा

21 किलोमीटर का काज़ीपेट रेल अंडर रेल बाईपास व्यस्त जंक्शन पर भीड़ कम करेगा और हैदराबाद, बल्हारशाह व विजयवाड़ा की ओर एक साथ रेलगाड़ियों की आवाजाही संभव बनाएगा

रेल अवसंरचना परियोजनाओं से हनुमकोंडा, वारंगल, महबूबाबाद और खम्मम ज़िलों को फ़ायदा होगा, इसके साथ ही पूरे तेलंगाना में कोयला, सीमेंट और कृषि माल की तेज़ी से आवाजाही में सहायता मिलेगी

प्रविष्टि तिथि: 09 MAY 2026 8:49PM by PIB Delhi

प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी 10 मई 2026 को तेलंगाना में लगभग 1,535 करोड़ की प्रमुख रेलवे अवसंरचना परियोजनाएं राष्ट्र को समर्पित करेंगे। यह इस क्षेत्र में रेल संपर्क को मज़बूत करने, परिचालन दक्षता में सुधार करने और यात्रियों व माल की आवाजाही को बेहतर बनाने की दिशा में एक और बड़ा कदम है।

ये परियोजनाएँ भारतीय रेल के उन लगातार प्रयासों का हिस्सा हैं जिनका उद्देश्य महत्वपूर्ण रेल कॉरिडोर को आधुनिक बनाना, भीड़भाड़ वाले खंडों को भीड़-मुक्त करना और यात्रियों को तेज़, सुरक्षित व अधिक विश्वसनीय यात्रा का अनुभव प्रदान करना है।

इन परियोजनाओं का एक प्रमुख घटक काज़ीपेट-विजयवाड़ा मल्टी-ट्रैकिंग परियोजना के कई खंड हैं, जो 118 किलोमीटर की दूरी तय करते हैं। इनमें वारंगल-काज़ीपेट, नेकोंडा-महबूबाबाद और एर्रुपालेम-डोर्नकल जंक्शन रेल खंड शामिल हैं। इस परियोजना से तेलंगाना के हनुमकोंडा, वारंगल, महबूबाबाद और खम्मम जैसे प्रमुख ज़िलों को फ़ायदा होगा।

यह कॉरिडोर व्यस्त 'ग्रैंड ट्रंक' मार्ग का महत्वपूर्ण हिस्सा है, जो देश के उत्तरी और दक्षिणी हिस्सों को जोड़ने वाले महत्वपूर्ण यात्री और माल यातायात को संभालता है।

मल्टी-ट्रैकिंग परियोजना लाइन की क्षमता में काफ़ी वृद्धि करेगी। इससे रेलगाड़ियों का परिचालन अधिक सुचारू और तेज़ हो सकेगा। इसके साथ ही अधिक उपयोग वाले मार्गों पर भीड़ भी कम होगी। इससे रेलगाड़ियों के समय की पाबंदी में सुधार होने, मालगाड़ियों के ठहराव में कमी आने और पूरे क्षेत्र में माल की अधिक कुशल आवाजाही संभव होने की आशा है।

इस परियोजना से विशेष रूप से उन यात्रियों को फ़ायदा होगा जो तेलंगाना और आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, महाराष्ट्र व उत्तरी भारत के प्रमुख गंतव्यों के बीच यात्रा करते हैं। इससे विश्वसनीयता बढ़ेगी, देरी कम होगी और काज़ीपेट-विजयवाड़ा कॉरिडोर के माध्यम से तेज़ आवागमन संभव हो सकेगा।

माल ढुलाई क्षमता बढ़ने से तेलंगाना और आंध्र प्रदेश के बीच कोयला, सीमेंट, उर्वरक, कृषि उपज और औद्योगिक सामानों के परिवहन में भी सहायता मिलेगी। इससे तेज़ और ज़्यादा कुशल लॉजिस्टिक्स आवाजाही के ज़रिए स्थानीय उद्योगों, किसानों और व्यवसायों को फ़ायदा होगा।

प्रधानमंत्री 21 किलोमीटर लंबा काज़ीपेट रेल अंडर रेल बाईपास भी राष्ट्र को समर्पित करेंगे। यह रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण अवसंरचना परियोजना है। इसका उद्देश्य इस क्षेत्र के सबसे व्यस्त रेल जंक्शनों में से एक, काज़ीपेट जंक्शन पर भीड़भाड़ को कम करना है।

यह बाईपास हैदराबाद, बल्हारशाह और विजयवाड़ा की ओर रेलगाड़ियों की एक साथ आवाजाही को संभव बनाएगा। इससे परिचालन में लचीलापन काफ़ी बढ़ जाएगा और रेलगाड़ियों का प्रतीक्षा समय कम हो जाएगा। यह परियोजना इस व्यस्त जंक्शन पर परिचालन संबंधी टकरावों और क्रॉसिंग में होने वाली देरी को कम करेगी। इससे रेलगाड़ियों की समय की पाबंदी बेहतर होगी और उनका परिचालन सुव्यवस्थित हो जाएगा।

यह बाईपास महत्वपूर्ण दिल्ली-चेन्नई मार्ग पर संपर्क को भी मज़बूत करेगा और प्रमुख गलियारों पर लंबी दूरी की रेलगाड़ियों के लिए माल ढुलाई की दक्षता में सुधार करेगा। जंक्शन पर बिना किसी ठहराव या मार्ग संबंधी टकराव के रेलगाड़ियों की सीधी आवाजाही से परिचालन दक्षता और बढ़ेगी और यात्री तथा माल ढुलाई, दोनों तरह की सेवाओं की आवाजाही और भी सुगम हो जाएगी।

इस परियोजना से आस-पास के कस्बों और ज़िलों के लिए भी संपर्क बेहतर होने की उम्मीद है, क्योंकि यह रेलगाड़ियों की समय-सारिणी को ज़्यादा कुशल बनाने में सहायता करेगी और भीड़भाड़ के कारण होने वाली देरी को कम करेगी।

कुल मिलाकर, ये रेल अवसंरचना परियोजनाएं भारतीय रेल का उच्च क्षमता वाला और भविष्य के लिए तैयार रेल नेटवर्क बनाने की प्रतिबद्धता को दर्शाती हैं। यह नेटवर्क आर्थिक विकास को बढ़ावा देगा, यात्रियों की सुविधा में सुधार करेगा है और तेलंगाना तथा पड़ोसी राज्यों के बीच क्षेत्रीय संपर्क को मज़बूत बनाएगा।

****

पीके/केसी/पीके/एसएस


(रिलीज़ आईडी: 2259481) आगंतुक पटल : 105
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu