रक्षा मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

रक्षा राज्य मंत्री ने केरल के कझाकूटम में सैनिक विद्यालयों के 52वें अखिल भारतीय प्रधानाचार्य सम्मेलन का उद्घाटन किया

प्रविष्टि तिथि: 07 MAY 2026 9:08PM by PIB Delhi

रक्षा राज्य मंत्री श्री संजय सेठ ने 07 मई, 2026 को केरल के कझाकूटम स्थित सैनिक विद्यालय में सैनिक विद्यालयों के 52वें अखिल भारतीय प्रधानाचार्य सम्मेलन का उद्घाटन किया। दो दिवसीय इस कार्यक्रम का शुभारंभ युद्ध स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया, जिसके पश्चात रक्षा राज्य मंत्री ने औपचारिक उद्घाटन के साथ पारंपरिक दीप प्रज्वलन किया। सम्मेलन में शैक्षणिक उत्कृष्टता, संस्थागत प्रदर्शन की समीक्षा, नीतिगत विषयों तथा सैनिक स्कूल प्रणाली को और अधिक सशक्त एवं प्रभावी बनाने के लिए भविष्य की गतिविधियों पर विशेष रूप से विचार-विमर्श किया गया। इसके अतिरिक्त, कार्यक्रम में संवादात्मक सत्र, विभिन्न एजेंडा बिंदुओं पर विस्तृत चर्चाएं तथा ‘ज्ञान मेला’ नामक शैक्षणिक प्रदर्शनी का अवलोकन भी शामिल रहा। इस प्रदर्शनी में नवीन शैक्षणिक तकनीकों, शिक्षण पद्धतियों और आधुनिक समाधानों को प्रदर्शित किया गया।

image.jpeg

रक्षा राज्य मंत्री श्री संजय सेठ ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से 33 सैनिक विद्यालयों के प्रतिनिधियों एवं 79 नए सैनिक स्कूलों के प्रधानाचार्यों को संबोधित करते हुए अनुशासित, उत्तरदायी व राष्ट्रभक्त युवाओं के निर्माण में सैनिक विद्यालयों की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित किया। उन्होंने सशस्त्र बलों के लिए भावी अधिकारियों को तैयार करने में शैक्षणिक उत्कृष्टता, नेतृत्व क्षमता और चरित्र निर्माण के महत्व पर विशेष बल दिया। साथ ही, उन्होंने उल्लेख किया कि सैनिक स्कूलों ने अब तक राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (एनडीए), भारतीय नौसेना अकादमी (आईएनए) तथा अन्य सैन्य अकादमियों के लिए हजारों उत्कृष्ट अधिकारियों का योगदान दिया है।

पुरस्कार वितरण समारोह के दौरान, सैनिक विद्यालय नगरोटा को वर्ष 2025 में राष्ट्रीय रक्षा अकादमी और भारतीय नौसेना अकादमी में सर्वाधिक कैडेट भेजने के लिए प्रतिष्ठित ‘रक्षा मंत्री ट्रॉफी’ से सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त, सैनिक स्कूल सतारा को कक्षा 10 में उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन के लिए ‘प्रमाण पत्र’ (सर्टिफिकेट ऑफ मेरिट ) प्रदान किया गया, जबकि सैनिक स्कूल कझाकूटम ने शैक्षणिक सत्र 2024–25 में कक्षा 12 में शैक्षणिक उत्कृष्टता के लिए ‘प्रमाण पत्र’ प्राप्त किया।

image.jpeg

राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दृष्टिकोण के अनुरूप, सरकार देशभर में 100 नए सैनिक विद्यालय स्थापित करने की दिशा में कार्य कर रही है। इस पहल के अंतर्गत अब तक 86 नए सैनिक स्कूलों को मंजूरी प्रदान की जा चुकी है, जिनमें से 79 स्कूल वर्तमान में संबद्ध होकर संचालित हो रहे हैं। इन नए सैनिक स्कूलों से अपेक्षा की जाती है कि वे मौजूदा 33 सैनिक स्कूलों के समान उच्च शैक्षणिक एवं संस्थागत मानकों को बनाए रखें, ताकि देशभर में गुणवत्ता, अनुशासन व उत्कृष्टता की एकरूपता सुनिश्चित की जा सके। इस पहल का मुख्य उद्देश्य युवाओं के लिए व्यापक अवसर सृजित करना है।

इस सम्मेलन में संयुक्त सचिव सत्यजीत मोहंती, कमोडोर आर.के. शर्मा, ब्रिगेडियर अमित चटर्जी, एयर कमोडोर शक्ति शर्मा, सैनिक स्कूल सोसायटी के निरीक्षण अधिकारी तथा देशभर के सैनिक स्कूलों के प्रधानाचार्यों ने सहभागिता की। यह दो दिवसीय सम्मेलन 8 मई, 2026 को संपन्न होगा।

******

पीके/केसी/एनके


(रिलीज़ आईडी: 2258933) आगंतुक पटल : 128
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: Malayalam , English , Urdu , Marathi